लिवर रोग, एक ऐसी समस्या है जिसे भारत में मृत्यु के सबसे आम कारणों में से एक माना जाता है और लोगों को इस बात की जानकारी भी नहीं होती है कि वे कब इस बीमारी की चपेट में आ जाते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, हर 5 में से एक भारतीय को लिवर की बीमारी हो सकती है। जैसा कि हम सभी जानते हैं कि लिवर का मुख्य काम शरीर से सभी अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालना होता है, जो कि इसे हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक बनाता है और हमें इसका ख्याल रखते हुए अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होती है। इतना ही नहीं यह रक्त में फैट और कार्ब को भी कंट्रोल करने में मदद करते हैं और शरीर से विषाक्त पदार्थों को निकालकर एंजाइम को सक्रिय करता है और मेटाबॉलिज्म को दुरुस्त करता है। इस लेख में हम आपको ऐसे खाद्य पदार्थ के बारे में बता रहे हैं, जो लिवर को डिटॉक्स करने में मदद कर सकते हैं।
अपने आहार में अधिक से अधिक फाइबर युक्त फूड्स को शामिल करने से आप अपने लिवर को स्वस्थ बनाने में मदद कर सकते हैं। फाइबर, लिवर में जमा शुगर के लेवल को घटाता है। अपने दैनिक आहार में ओट्स, दलिया और साबुत अनाज को शामिल करना सुनिश्चित करें। साबुत अनाज के अलावा, फलों और सब्जियों को अपने आहार में शामिल करना भी लिवर के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। सेब, चुकंदर और गाजर कुछ अन्य खाद्य पदार्थ हैं, जो शरीर से हानिकारक विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद कर सकते हैं।
ग्रीन टी पीने के कई स्वास्थ्य लाभ हैं, खासकर जब बात वजन घटाने की होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ग्रीन टी लिवर में जमा फैट को भी कम करने में भी मदद कर सकती है। यह catechins नाम के एंटीऑक्सिडेंट से समृद्ध होती है, जो लिवर में जमा फैट को हटाते हैं। यह लिवर के कामकाज में भी सुधार करता है। ग्रीन टी के अद्भुत लाभ देखने के लिए इसका एक कप रोजाना जरूर लें।
बहुत सारे फल ऐसे हैं, जो लिवर की प्राकृतिक रूप से सफाई में सहायता कर सकते हैं। खट्टे फलों में विटामिन सी की अच्छी मात्रा होती है, जो डिटॉक्सीफाइंग एंजाइम को बढ़ाते हैं। सेब, अंगूर, एवोकैडो और अंगूर कुछ सिट्रस फलों के अच्छे विकल्प हैं।
अखरोट, ओमेगा -3 फैटी एसिड और अमीनो एसिड से पैक होते हैं। इसमें आर्जीनाइन होता है, जो लिवर को साफ करने का काम करता है। वहीं ओमेगा 3 डिटॉक्सिफिकेशन में मदद करता है, जो आपके लिवर को हेल्दी रखने का काम करता है।
हरी सब्जियों का रोजाना सेवन हमारे समग्र स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छा है। हरी सब्जियों में क्लींजिंग यौगिक होते हैं जो लिवर से विषाक्त पदार्थों को साफ करने में मदद करते हैं। हरे सब्जियों का जूस पीना या हरे सलाद खाने से शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है। कुछ सामान्य हरी सब्जियों में फूलगोभी, पत्तागोभी, ब्रोकली और पालक शामिल हैं।
लहसुन और हल्दी जैसे मसाले आमतौर पर भारतीय रसोई में उपयोग किए जाते हैं और लिवर के लिए बहुत अच्छे होते हैं। लहसुन में सल्फर यौगिक होते हैं, जो लिवर को दुरुस्त रखने में मदद करता है और एंजाइमों को सक्रिय रखता है, जो विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करते हैं। हल्दी में करक्यूमिन होता है, जो विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है। यह लिवर कोशिकाओं को रिपेयर और रिजेनरेट करने के लिए जाना जाता है। इन सभी खाद्य पदार्थों के कई स्वास्थ्य लाभ हैं। हालांकि, अगर आप किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या से पीड़ित हैं या किसी उपचार से गुजर रहे हैं, तो आपको अपने डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए।
Follow us on