मोटापा नहीं शरीर को मजबूती देता है देसी घी, जानिए घी खाने का आयुर्वेदिक तरीका

सदियों से घी भारतीय भोजन का अहम हिस्सा रहा है और इसके सेवन से आपको कई हेल्थ ​बेनिफिट होते हैं।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : February 21, 2024 7:06 PM IST

मुझे वेट लॉस करना है इसलिए मेरी रोटी पर घी मत लगाना, दाल घी नहीं तेल में ही छौंकना, ज्यादा घी खाने से कोलेस्ट्रॉल बढ़ जाता है। घी और उसके उपयोग से जुड़ी ऐसी कई बातें आपके अपने घर या आस-पास सुनी होंगी। अधिकांश लोग घी को सेहत के लिए हानिकारक मानते हैं। वहीं वनस्पति तेल को वे घी से बेहतर विकल्प के रूप में देखते हैं। अगर आप भी ऐसे ही लोगों की लिस्ट में शामिल हैं तो आप बड़ी गलती कर रहे हैं। सदियों से घी भारतीय भोजन का अहम हिस्सा रहा है और इसके सेवन से आपको कई हेल्थ ​बेनिफिट होते हैं। आयुर्वेद में भी इसे माना गया है। अगर आपको भी इस विषय में कम पता है तो ये जानकारियां आपके बहुत काम आएंगी।

1. घी में कर सकते हैं डीप फ्राई

अधिकांश लोग घी को स्नैक्स आदि को तलने या डीप फ्राई करने में काम में नहीं लेते हैं। लोगों का मानना है कि घी का स्मोकिंग पॉइंट कम होता है, इसलिए इसमें कुछ डीप फ्राई करना सुरक्षित नहीं है। लेकिन ऐसा नहीं है। घी ज्यादा तापमान पर भी स्थिर रहता है। इतना ही नहीं लंबे समय तक गर्म करने पर यह कोई विषाक्त पदार्थ नहीं छोड़ता है।

2. आंतों के लिए महत्वपूर्ण

देसी घी ब्यूट्रिक एसिड से भरपूर होता है। ऐसे में यह आपकी आंत की आंतरिक म्यूकस झिल्ली सहित अन्य घावों को ठीक करता है। एक तरह से ये आंतों की मरम्मत के लिए महत्वपूर्ण है।

3. घी खाने से नहीं बढ़ता मोटापा

ज्यादातर लोग घी खाने से इसलिए बचते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे उनका वजन बढ़ जाएगा। लेकिन यह सोच गलत है। घी को गर्म पानी या गर्म भोजन के साथ लेने से यह आसानी से पच जाता है। यह आपका वजन नहीं बढ़ाता है। इसके उल्ट यह वसा को जलाने में मददगार होता है। हालांकि इसका सीमित सेवन ही करना चाहिए।

4. सुधारता है पाचन तंत्र

घी के नियमित सेवन से एसिडिटी और अपच की समस्या दूर होती है। देसी घी में ब्यूट्रिक एसिड होता है जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। यह पेट फूलने और कब्ज जैसी समस्याओं को दूर करता है।

5. देता है भरपूर एनर्जी

घी में मौजूद फैटी एसिड ऊर्जा का स्तर बढ़ाने में मदद करते हैं। यह शरीर में अच्छे हार्मोन के स्तर को भी बढ़ाता है। इसलिए इसे अपनी डेली डाइट और मील का हिस्सा बनाना चाहिए।

6. मजबूत बनाता है हड्डियां

घी में विटामिन के2 होता है जो कैल्शियम को अवशोषित करने में मदद करता है, जिससे हड्डियां मजबूत बनती हैं। यही कारण है कि बचपन से ही बच्चों को भोजन में घी दिया जाता है।

घी के सेवन से पहले कुछ बातों का रखें ध्यान

1. घी का सेवन हमेशा गर्म भोजन या फिर तरल पदार्थ जैसे गर्म पानी के साथ ही करें।

2. घी और शहद को कभी-कभी बराबर मात्रा में मिलाकर नहीं खाना चाहिए।

3. घी खाने के तुरंत बाद ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए। इसके सेवन के करीब 30 मिनट बाद आप पानी का सेवन करें।

4. दोपहर के भोजन के साथ घी खाना सबसे अच्छा रहता है। खाली पेट घी के सेवन से बचना चाहिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source