दही नमक या दही चीनी? कौन-सा कॉम्बिनेशन है सेहत के लिए सही
दही सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। ज्यादातर लोग अपनी डाइट में दही शामिल करते हैं। लेकिन, दही को किसके साथ खाना चाहिए- नमक या चीनी? आइए, जानते हैं-
How to Eat Curd: दही को हेल्थ के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इसलिए ज्यादातर लोग अपनी डाइट में दही को शामिल करना पसंद करते हैं। यह पोषक तत्वों से भरपूर होती है। PubMed में छपी इस रिपोर्ट के अनुसार, दही में प्रोटीन काफी ज्यादा मात्रा में होता है। इसमें कैल्शियम और प्रोबायोटिक बैक्टीरिया भी होते हैं, जो आंतों को हेल्दी बनाए रखने में मदद करते हैं। दही को दूध की तुलना में ज्यादा आसानी से डाइजेस्ट किया जा सकता है। कई लोगों के मन में सवाल होता है कि आखिर दही कैसे खानी चाहिए? कोई दही, चीनी के साथ खाता है, तो कोई नमक के साथ। लेकिन, चीनी या नमक में से किसके साथ दही खाना ज्यादा फायदेमंद होता है? फूड कॉम्बिनेशन के इस सीरीज में आज हम इसी बारे में जानेंगे-
दही नमक या चीनी: किस के साथ खानी चाहिए?
आरोग्य डाइट और न्यूट्रिशन क्लीनिक की डाइटिशियन डॉ. सुगीता मुटरेजा बताती हैं, "दही को मिश्री या चीनी के साथ खाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। आयुर्वेद में इस फूड कॉम्बिनेशन को सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। लेकिन, अगर आपको डायबिटीज है तो आप दही के साथ थोड़ा-सा नमक मिलाकर खा सकते हैं। जबकि भोजन के साथ रायते के रूप में नमक वाला दही खाना ज्यादा हेल्दी माना जाता है।"
दही के साथ चीनी खाने से क्या होता है?
- आयुर्वेदिक दृष्टि से दही के साथ चीनी खाने से पेट की गर्मी शांत होती है।
- PubMed के अनुसार, गट माइक्रोबायोम में गड़बड़ी होने पर दही खाना फायदेमंद होता है।
- दही और चीनी को एक साथ खाने से पित्त दोष शांत होता है और इससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं में भी आराम मिलता है।
दही में नमक मिलाकर खाने से क्या होता है?
- शुगर बढ़ने पर दही में नमक मिलाकर खाया जा सकता है। लेकिन, अगर आपको डायबिटीज नहीं है तो आप दही में चीनी मिलाकर खा सकते हैं।
- दही में नमक मिलाकर खाने से पित्त दोष बढ़ सकता है। इससे पित्त से जुड़ी समस्याएं जैसे- एसिडिटी, पेट में जलन और खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- दही में नमक मिलाकर खाने से खाना आसानी से डाइजेस्ट होता है।
रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल, सिरसा के डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं, "अगर आप मील के साथ दही ले रहे हैं, तो इसमें नमक मिलाकर लेना फायदेमंद होता है। क्योंकि, दही और चीनी का कॉम्बिनेशन डाइजेस्ट करने में मुश्किल होती है। वहीं, दही और नमक को एक साथ खाने से खाना अच्छी तरह से डाइजेस्ट होता है।"
Disclaimer: हेल्थ एक्सपर्ट्स दही और चीनी के कॉम्बिनेशन को ज्यादा फायदेमंद मानते हैं। लेकिन, अगर आपका शुगर बढ़ा हुआ रहता है, तो दही के साथ नमक खाना सही माना जाता है। अगर आपको कोई स्वास्थ्य समस्या है, तो आप एक्सपर्ट की सलाह पर दही को चीनी या नमक के साथ ले सकते हैं।