
... Read More
Written By: Anshumala | Published : July 4, 2018 4:56 PM IST
जिस तरह हेल्दी रहने के लिए बैलेंस डायट की जरूरत होती है, उसी तरह कुछ रंग-बिरंगे खाद्य पदार्थों को खाने से आपको कई तरह से सेहत लाभ होता है। फल और सब्जियां कई आकर्षक रंगों में होते हैं, जो शरीर के अलग-अलग हिस्सों को फायदा पहुंचाते हैं। इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर, दिल्ली की सीनियर डायटिशन हिमांशी शर्मा ने बताए कुछ रंग-बिरंगे फलों और सब्जियों के बारे में जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं।
लाल
स्ट्रॉबेरीज, टमाटर, सेब, गाजर, चेरी, अनार ये सभी लाल रंग के फलों के अंतर्गत आते हैं। स्ट्रॉबेरी में विटामिन्स, फाइबर और उच्च लेवल के एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। साथ ही यह मैग्नीज और पोटैशियम का भी बेहतर स्रोत है। अनार विटामिन सी से भरपूर होता है। यह कैंसर से बचाता है। पाचन शक्ति बेहतर करता है और एंटीइंफ्लेमेटरी भी है। सेब खाने से आपका वजन कम होगा, हार्ट से संबंधित रोगों और डायबिटीज रोगियों के लिए भी इसे बेहतर माना गया है। टमाटर इम्यूनिटी बूस्ट करता है। त्वचा को जवां बनाता है। कैंसर रिस्क को कम करता है। एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, जो हड्डियों को भी मजबूती देता है। चेरी खाने से नींद न आने की समस्या दूर होती है। यह अर्थराइटिस के रोगियों के लिए भी फायदेमंद होता है। यदि आप इन सभी रोगों से बचे रहना चाहते हैं, तो लाल रंग के इन सभी फलों का सेवन प्रतिदिन अवश्य करें। यदि आप अपने दिल को स्वस्थ बनाए रखना चाहते हैं, तो लाल रंग के ये सभी फल जरूर खाएं। लाल तथा गुलाबी रंग के फल-सब्जियों में फाइटोकेमिकल्स पाए जाते हैं। तरबूज, अमरूद, टमाटर आदि इस श्रेणी में आते हैं। स्ट्रॉबेरी, रसबेरी तथा बीटरूट में एंथोसायनिन पाए जाते हैं। यह फाइटोकेमिकल्स का ही एक समूह है, जो उच्च रक्तचाप को नियंत्रित करता है। डायबिटीज से जुड़ी समस्याओं से बचाव करता है।
हरा
हरे रंग के अंगूर, पालक, मटर, पुदीने का सेवन आप अधिक करेंगे, तो शरीर को कई तरह से फायदा होगा। हरे फल-सब्जियों में लूटीन और इंडोल नामक फाइटोकेमिकल्स होते हैं, जो लीवर की रक्षा करते हैं। अतः हरे रंग की चीजें खूब खाएं। पालक में फाइबर होता है, जो कब्ज नहीं होने देता है। इसे खाने से दांत भी स्वस्थ और चमकीले बनते हैं। साथ ही स्पर्म क्वालिटी को भी बूस्ट करने में सहायक है। हरे रंग का मटर लो कैलोरी, एंटीएजिंग युक्त होता है। साथ ही यह प्रोटीन का भी बेहतर स्रोत है। पुदीने की चटनी या साबुत इसे खाने से इर्रिटेबल बाउल का इलाज संभव है। एलर्जी, सिरदर्द, बुखार को दूर करता है साथ ही मुंह की सेहत को भी दुरुस्त रखता है।
जामुनी
मस्तिष्क को स्वस्थ और एक्टिव रखना चाहते हैं, तो जामुनी रंग के फलों और सब्जियों का सेवन जरूर करें। प्रतिदिन प्याज, जामुनी रंग की पत्तागोभी, बैंगन आदि को अपने डायट में शामिल करके देखें।
काला
काले रंग के फलों में काला अंगूर आप खा सकते हैं। यह इंफेक्शन और इंफ्लेमेशन से बचाता है। साथ ही कब्ज और अपच की समस्या भी इससे दूर होती है। इसके अवाला काले रंग का आहार किडनी के लिए बहुत लाभकारी होता है। आप काले अंगूर के साथ-साथ मुनक्का, काली चावल, फली, काले जैतून आदि खा सकते हैं।
सफेद
आलू, लहसुन, सफेद मशरूम आदि खाएंगे, तो आपके फेफड़े लंबी उम्र तक हेल्दी बने रहेंगे। लहसुन तो आप रोज सुबह खाली पेट खाएंगे, तो सेहत को कई अन्य लाभ भी होंगे।
चित्रस्रोत:Shutterstock.