Advertisement

क्या चीनी की जगह गुड़ खाने से वजन कम हो सकता है? जानें एक्सपर्ट की राय

क्या आपने भी वजन घटाने के लिए चीनी खाना छोड़ दिया है लेकिन गुड़ खा रहे हैं? क्या ऐसा करना फायदेमंद है या शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। आइए डॉक्टर से जानते हैं।

Written By Vidya Sharma
Published : May 21, 2026 8:42 AM IST

Image Credit- ChatGPT

Kya Gud Khane Se Wajan Kam Hota Hai: हम में से बहुत से ऐसे लोग हैं जो वजन कम करने के लिए अपनी डाइट से शुगर का इनटेक पूरी तरह से हटा देते हैं, लेकिन बस एक चीज खाना नहीं छोड़ते और वह है गुड़। इसे मीठे के एक हेल्दी विकल्प के तौर पर देखा जाता है। चाय हो या कोई मीठा पकवान, हर जगह गुड़ का उपयोग किया जाता है। लेकिन क्या यह सच है कि गुड़ खाने से वजन कम होता है?

यह जानने के लिए हमने जिनोवा शाल्बी अस्पताल, मुंबई की एक जानी मानी क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और डाइटीशियन जिनल पटेल से जानकारी हासिल की। उन्होंने बताया कि अगर आप वजन घटाने के लिए दिन भर गुड़ की चाय पी रहे हैं या अधिक मात्रा में गुड़ खा रहे हैं, तो आपका वजन घटने के बजाय बढ़ सकता है। गुड़ सिर्फ चीनी का विकल्प है, वजन घटाने की दवा' नहीं है।’ लेकिन डाइटीशियन ने खुद वजन कम करने के लिए गुड़ का सही तरीके से सेवन करने का तरीका बताया है जो आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

Advertisement

पहले जानें गुड़ और चीनी में अंतर?

डॉक्टर बताते हैं कि चीनी और गुड़, दोनों का मुख्य स्रोत 'गन्ना' ही है, लेकिन इन्हें बनाने का प्रोसेस अलग होता है, जो इन्हें अलग बनाता है। एक ओर जहां चीनी को कई चरणों में रिफाइंड किया जाता है। इस प्रक्रिया में इसके सारे प्राकृतिक गुण और खनिज नष्ट हो जाते हैं। अंत में बचती है तो सिर्फ खाली कैलोरी, जो वजन बढ़ाने और डायबिटीज का मुख्य कारण बनती है।

वहीं गुड गन्ने के रस को उबालकर बिना किसी रसायनों के बनाया जाता है। क्योंकि यह पूरी तरह रिफाइंड नहीं होता है, इसलिए इसमें आयरन, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे महत्वपूर्ण खनिज सुरक्षित रहते हैं।

Advertisement

क्या गुड़ वजन घटाने में असरदार है?

डायटीशियन इस सवाल का जवाब हां और ना दोनों में देते हैं। आइए पहले यह समझते हैं कि गुड़ वजन घटाने में कैसे फायदेमंद है?

चयापचय में सुधार

गुड़ में मौजूद पोटेशियम शरीर में वाटर रीटेंशन को कम करने में मदद करता है। यह शरीर के इलेक्ट्रोलाइट संतुलन को बनाए रखता है, जिससे मेटाबोलिज्म रेट बढ़ता है। जब आपका मेटाबोलिज्म तेज होता है, तो कैलोरी आसानी से बर्न हो जाती है।

पाचन के लिए वरदान

खाने के बाद गुड़ का एक छोटा टुकड़ा खाने से डाइजेस्टिव एंजाइम एक्टिव हो जाते हैं। बेहतर डाइजेशन का मतलब है कि शरीर में गंदगी कम जमा होगी, जो इनडायरेक्टली वजन कंट्रोल करने में मदद करेगी।

पोषक तत्वों का भंडार

जहां चीनी शरीर को सिर्फ नुकसान पहुंचाती है, वहीं गुड़ रक्त की कमी यानी कि एनेमिया दूर करने और शरीर को ऊर्जा देने का काम करता है।

गुड़ से जुड़ी जरूरी बातें

डायटीशियन अधिक मात्रा में गुड़ खाने के नुकसान बताते हुए कहते हैं कि यह सिर्फ कैलोरी का खेल है। भले ही गुड़ चीनी से हेल्दी है, लेकिन कैलोरी के मामले में दोनों लगभग बराबर होते हैं। जी हां, 100 ग्राम चीनी में लगभग 387 कैलोरी होती है, तो 100 ग्राम गुड़ में भी करीब 383 कैलोरी पाई जाती है। यानी कि अघर आप बहुत अधिक गुड़ की या पी रहे हैं या किसी भी रूप में खा रहे हैं तो यह वजन कम नहीं बल्कि बढ़ाएगा।

वजन घटाने के लिए गुड़ का सेवन कैसे करें?

अगर आप वजन कम करने के प्रोसेस में हैं, तो डायटीशियन की बताई इन बातों का ध्यान रखें, जैसे- 

मात्रा पर नियंत्रण (Portion Control)- दिन भर में 5 से 10 ग्राम से अधिक गुड़ का सेवन न करें।

चीनी को पूरी तरह बदलें- अगर आप चीनी छोड़कर गुड़ अपना रहे हैं, तो इसका मतलब यह नहीं कि आप ज्यादा मीठा खा सकते हैं। मिठाई की जगह सादा गुड़ खाना बेहतर है।

खाली पेट सेवन- सुबह गुनगुने पानी के साथ थोड़ा सा गुड़ खाने से शरीर की सफाई होती है, जो वजन घटाने में लाभकारी है।

तो क्या चीनी की जगह गुड़ खाने से वजन कम हो सकता है?

डायटीशियन कहती हैं कि हां, लेकिन तभी जब आप इसे सीमित मात्रा में लें। गुड़ चीनी का एक 'पोषक विकल्प' जरूर है, लेकिन यह भी एक तरह से शुगर ही है। संतुलित आहार और नियमित व्यायाम के साथ गुड़ का सही मात्रा में सेवन आपकी वजन घटाने की यात्रा को सुखद बना सकता है।

डिस्क्लेमर- अगर आप चीनी छोड़ने के बाद वेट लॉस प्रोसेस में मीठे की क्रेविंग दूर करने के लिए गुड़ का सहारा ले रहा हैं और अधिक मात्रा में खा रहे हैं तो इससे वजन बढ़ सकता है। कोशिश करें कि जितना हो सके कम मात्रा में ही गुड़ का सेवन करें।