Fact Check: क्या नारियल पानी पीने से किडनी की पथरी निकल जाती है? डॉक्टर से जानिए सच

Coconut Water: क्या नारियल पानी से किडनी स्टोन निकल जाता है? क्या आपको इस बात में सच्चाई लगती है? या इस बात को लेकर कंफ्यूज हैं? आइए जानते हैं डॉक्टर से इस विषय के बारे में-

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Published : June 3, 2026 3:50 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Rajasekara Chakravarthi Madarasu

Coconut Water and Kidney Stones : गर्मियों में नारियल पानी को सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। इस बात को लगभग हर कोई जानता हैं। लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसे दावे भी वायरल हो रहे हैं, जिसमें बताया जा रहा है कि नारियल पानी पीने से किडनी की पथरी घुल जाती है या शरीर से बाहर निकल जाती है। कई लोग इसे पथरी का घरेलू इलाज तक बताने लगते हैं। लेकिन क्या वाकई सिर्फ नारियल पानी पीकर किडनी स्टोन से छुटकारा पाया जा सकता है? इस दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने हैदराबाद स्थिति यशोदा हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट और क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. राजशेखर चक्रवर्ती मदारसु से बातचीत की है। आइए पहले वायरल हो रहे कुछ पोस्ट के बारे में जानते हैं-

क्या पोस्ट में है लिखा?

इंस्टाग्राम पर एक achhi_sehat नाम से अकाउंट है। इस अकाउंट पर नारियल पानी के फायदों को लेकर एक पोस्ट शेयर किया गया है। इस पोस्ट में लिखा है, "किडनी साफ और पथरी से बचाव! नारियल पानी का जादू" इसके आगे साइंटिफिक और आयुर्वेदिक रीजन भी दिए गए हैं।

पोस्ट में साइंटिफिक कारण दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि नारियल पानी में पोटैशियम और साइट्रेट होते हैं जो पेशाब के जरिए क्रिस्टल्स को बाहर निकालते हैं और किडनी स्टोन बनने की प्रक्रिया को रोकने में सहायक हो सकते हैं

वहीं, आयुर्वेदिक रीजन में बताया गया है कि नारियल पानी मूत्रल और शीतल है, यह किडनी के पित्त को शांत करता है और मूत्रवह स्रोत की गहराई से सफाई कर शरीर को ठंडा रखने में मददगार है

क्या कह रहे हैं डॉक्टर?

डॉ. राजशेखर चक्रवर्ती मदारसु का कहना है कि नारियल पानी पीने से किडनी की पथरी पूरी तरह घुल या खत्म नहीं हो जाती है। डॉक्टर का कहना है कि नारियल पानी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। इसमें पोटैशियम और साइट्रेट जैसे तत्व होते हैं, जो यूरिन की मात्रा बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ लेने से नई पथरी बनने का खतरा कम हो सकता है। साथ ही, कुछ मामलों में छोटी पथरी के नैचुरल रूप से बाहर निकलने में भी मदद मिल सकती है।

हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि नारियल पानी किसी दवा की तरह पहले से बनी पथरी को खत्म कर देता है।

पथरी का इलाज किस पर करता है निर्भर?

डॉक्टर कहते हैं कि किडनी स्टोन का ट्रीटमेंट कई बातों पर निर्भर करता है, जैसे- पथरी का आकार कितना बड़ा है, पथरी किस स्थान पर मौजूद है, पथरी किस प्रकार की है और मरीज को कितनी परेशानी हो रही है।

डॉक्टर कहते हैं कि अगर पथरी बड़ी है, तो सिर्फ नारियल पानी पीने से उसका इलाज संभव नहीं है। ऐसे मामलों में दवाओं, मेडिकल प्रक्रियाओं या सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है।

फैक्ट चेक का क्या रहा रिजल्ट

दावा : नारियल पानी पीने से किडनी की पथरी निकल जाती है।

क्या है सच : यह दावा भ्रामक है। नारियल पानी शरीर को हाइड्रेट रखने और नई पथरी बनने के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है, लेकिन यह पहले से बनी पथरी को घोलकर खत्म नहीं करता। पथरी का सही इलाज उसके आकार, प्रकार और स्थिति पर निर्भर करता है। विशेषज्ञों के अनुसार, किडनी स्टोन की रोकथाम के लिए रोजाना पर्याप्त मात्रा में साधारण पानी पीना सबसे प्रभावी तरीका है।

Disclaimer : ध्यान रखें कि नारियल  पानी पीना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है। लेकिन यह आपकी किडनी स्टोन को पूरी तरह से बाहर निकालने में सक्षम नहीं है। इसलिए इसे लेकर पूरी तरह से श्योर बिल्कुल भी न हों।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source