
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : March 26, 2024 9:01 PM IST
भारत में कोई भी त्योहार पकवान और व्यंजनों के बिना अधूरा है। रंगों का त्योहार होली भी इस परंपरा से अछूता नहीं रहा है। गुजिया, दही वड़ा, पूड़ी-सब्जी, नमकपारे, मठरी, शकरपारे, नमकीन और भी न जाने क्या-क्या व्यंजन इस त्योहार के उल्लास और उत्साह को बढ़ाते हैं। ऐसे में इस समय अतिरिक्त कैलोरी और फैट आपके शरीर में पहुंचना तय है। साथ ही ये भी पक्का है कि त्योहारों के समय आप बिना सोचे समझे ओवरईटिंग करते हैं, जिसका सीधा असर आपके डाइजेशन सिस्टम पर पड़ता है। ऐसे में जरूरी है कि त्योहार के बाद आप अपने शरीर को ठीक से डिटॉक्स करें।
शरीर को अंदर से डिटॉक्स करना कोई मुश्किल काम नहीं है। आप बहुत ही आसानी से सेहत की ओर अपने कदम बढ़ा सकते हैं।
त्योहारों के समय तला हुआ अनहेल्दी फूड ज्यादा खाया जाता है, जिससे अपच, गैस, एसिडिटी जैसी कई परेशानियां हो जाती हैं। नींबू इन सभी परेशानियों से आपको राहत दिला सकता है। इसका उपयोग करना भी बहुत आसान है। इसके लिए आप एक गिलास गुनगुना पानी लें और उसमें एक नींबू निचोड़ लें। चाहें तो इसमें स्वादानुसार काला नमक भी डाल लें। अब इसे धीरे-धीरे पिएं। इससे आपका शरीर अंदर से डिटॉक्स हो जाएगा।
त्योहार के समय कई दिनों तक आप लगातार हैवी खाना खाते हैं। ऐसे में फेस्टिव सीजन के बाद हल्का खाना खाएं। इसके लिए बेस्ट है घर में बनी खिचड़ी और दही। खिचड़ी और दही खाकर आप अपनी आंतों को रिलैक्स कर सकेंगे। यह हाई फाइबर फूड आपकी आंतों को अंदर से साफ करेगा। यह आपको कब्ज, अपच और सूजन से भी राहत दिलाएगा।
इन दिनों आप मिठाइयां, नमकीन और तले हुए फूड ज्यादा खाते हैं। ऐसे में कुछ दिन कार्बोहाइड्रेट में कटौती करें और प्रोटीन का सेवन अधिक करें। जंक फूड और कोल्ड ड्रिंक्स से दूरी बनाएं। हाई प्रोटीन खाने से आपका पेट लंबे समय तक भरा रहेगा, जिससे भूख कम लगेगी। दाल, बीन्स, टोफू आदि प्रोटीन रिच फूड हैं। ये कैलोरी बर्न करने में भी आपकी मदद करेंगे। साथ ही मांसपेशियों को भी सपोर्ट देंगे।
त्योहारों के हैवी फूड और ओवरईटिंग के बाद खुद को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। ऐसा करने पर आपकी बॉडी डिटॉक्स होगी और कैलोरी भी बर्न होंगी। पानी आपके पूरे सिस्टम को अंदर से क्लीन करने का काम करता है और सारे टॉक्सिन पदार्थों को शरीर से बाहर निकाल देता है। इससे आपका डाइजेशन भी ठीक होगा। पर्याप्त पानी पीने से आपकी थकान भी दूर होती है। स्किन भी हाइड्रेट रहने के कारण अच्छी रहती है।
माना कि आपको त्योहार की थकान है, लेकिन इस चक्कर में आप अपनी एक्सरसाइज को दरकिनार न करें। सुबह की वॉक, जॉगिंग, एरोबिक, कार्डियोवस्कुलर एक्सरसाइज जरूर करें। इससे आपके शरीर में ब्लड और ऑक्सीजन सर्कुलेशन बेहतर होगा, जिससे आप एक्टिव फील करेंगे। यह बॉडी से टॉक्सिन को बाहर निकालने में मदद करेंगी। साथ ही कैलोरी बर्न में भी मददगार होंगी।