
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : February 16, 2024 9:04 AM IST
‘दूध पीने से हड्डियां मजबूत होती हैं।’ लगभग हर भारतीय घर में बच्चे यही बात सुनते हुए बड़े होते हैं। दुनियाभर के शोध और अध्ययन भी इस बात को सही मानते हैं। दूध पीने से आपके शरीर को पूरा पोषण मिलता है। हालांकि दूध का सेवन हमेशा सही समय पर और उम्र के अनुसार करना चाहिए। तब ही आपको इसका पूरा फायदा मिल पाता है। सेहतमंद रहने के लिए दूध पीने से पहले आपको इससे जुड़ी कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए।
आमतौर पर घरों में उठते ही बच्चों को सबसे पहले दूध दिया जाता है। लेकिन ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। इससे गैस, एसिडिटी और कब्ज की समस्या हो सकती है। इसलिए हमेशा कुछ खाने के बाद ही दूध पीना चाहिए। दूध पीने का फायदा आपको शाम के समय ज्यादा होता है। हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार सोने से पहले अगर आप दूध पीते हैं तो यह आपके शरीर के लिए बेस्ट होगा। दरअसल, यह हमारे शरीर की सर्कैडियन रिदम और दूध के पोषक तत्वों की संरचना पर निर्भर है। दूध पीने से आपको ट्रिप्टोफैन नामक एमिनो एसिड मिलता है। यह सेरोटोनिन और मेलाटोनिन जैसे न्यूरोट्रांसमीटर के स्राव को बढ़ाता है, जिससे आपका मूड अच्छा होता है और आपको बेहतर नींद आ पाती है। हालांकि बच्चों को दिन में दो बार दूध पीना चाहिए। एक बार सुबह नाश्ते के बाद और एक बार रात को सोने से पहले।
दूध सेहत के लिए किसी अमृत से कम नहीं है। यह कैल्शियम और विटामिन डी का महत्वपूर्ण स्रोत है। यह आपकी हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाता है। साथ ही इसे पीने से कई फायदे होते हैं। दूध प्रोटीन का एक अच्छा स्रोत है जो मांसपेशियों को मजबूत बनाने और उनकी मरम्मत करने में मदद करता है। यह ऊतकों की वृद्धि और विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दूध में विटामिन ए, डी और ई साथ ही जिंक और सेलेनियम जैसे खनिज होते हैं जो आपकी इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं।
दूध में प्रोबायोटिक्स होते हैं जो पाचन तंत्र को स्वस्थ रखते हैं। ये प्रोबायोटिक्स अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देते हैं, जिससे कब्ज जैसी परेशानियां दूर होती हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि जो लोग रात में दूध पीकर सोते हैं, उन्हें कब्ज की परेशानी कम होती है। बहुत कम लोग जानते हैं कि दूध पीने से स्किन और बाल दोनों हेल्दी रहते हैं। दूध में विटामिन ए और बी होते हैं। विटामिन ए के कारण स्किन पर चमक आती है। वहीं विटामिन बी बालों को मजबूत और घना बनाता है। इतना ही नहीं अगर आप नियमित रूप से सोने से पहले दूध पीते हैं तो आपका शरीर जरूरी पोषक तत्वों को ठीक से अवशोषित कर पाता है।
लैक्टोज इंटॉलरेंस से पीड़ित लोगों को गाय या भैंस का दूध नहीं पीना चाहिए। ऐसे लोगों को सोया या बादाम मिल्क पीना चाहिए। दूध पीने के बाद कम से कम 30 मिनट तक कुछ भी खाना या पीना नहीं चाहिए। यदि आपको गैस या एसिडिटी की समस्या है तो दूध में थोड़ी हल्दी या अदरक मिलाकर पिएं। साथ ही खाली पेट दूध का सेवन न करें।