
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : August 15, 2022 7:13 PM IST
आजकल हर किसी का लाइफस्टाइल इतना बिजी हो गया है कि लोगों को पता ही नहीं चलता कि दिन कब निकल गया और फिर छिप गया है। वहीं कुछ लोग रात-रात भर कंप्यूटर पर काम करते हैं, तो कुछ लोगों को लिए दिन ही रात बन जाता है। अक्सर देखा गया है कि लोगों को चाय व कॉफी पीने की आदत बढ़ चुकी है। कंप्यूटर पर काम करने वाले लोग नींद भगाने और ब्रेन को एक्टिव रखने के लिए अक्सर स्ट्रांग टी या कॉफी का सेवन करते हैं। चाय या कॉफी में मौजूद कैफीन आपको एक्टिव तो रख लेता है, लेकिन आपको इसकी आदत पड़ जाती है और छुटकारा पाना मुश्किल हो जाता है। चाय और कॉफी की आदत को छोड़ने के लिए एक सही तकनीक का होना जरूरी है और वह तकनीक है, उसका अल्टरनेट ढूंढना। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से ऐसी ही कुछ हर्बल चाय के बारे में बताने वाले हैं, जो आपको कैफीन की लत से छुटकारा पाने में मदद कर सकती हैं।
(Chamomile tea benefits) जब भी कभी हर्बल टी की बात चलती है, तो कैमोमाइल टी का नाम सबसे पहले आता है। दुनियाभर में लोग इसे रात के समय पीना पसंद करते हैं, क्योंकि यह दिमाग को शांत करती है और अच्छी नींद लाने में मदद करती है। अगर आप कैफीन छोड़ना चाहते हैं, तो कैमोमाइल टी को अपने रूटीन में शामिल कर सकते है।
(Peppermint tea benefits) जैसा कि आप इसके नाम से ही जान गए होंगे यह चाय पुदीने के पत्तों से बनाई जाती है। इसे हर्बल टी नहीं बल्कि कई बीमारियों की दवा माना जाता है। पेपरमिंट टी में मेन्थॉल होता है, जो आपकी कैफीन की लत को कम करने में मदद करेगा और साथ ही पाचन क्रिया तेज करने का काम भी करेगा।
(Ginger tea benefits) हम आपकी कैफीन वाली चाय में अदरक डालकर पीने की बात नहीं कह रहे, जिंजर टी सिर्फ जिंजर से ही बनी होती है। कुछ लोग अदरक चाय में शहद व हल्दी भी डाल लेते हैं, जिससे इसके फायदे डबल हो जाते हैं। अगर आपको चाय या कॉफी पीने की आदत है, तो इसे अपने रूटीन में जरूर शामिल करें। अदरक चाय से उल्टी, जी मिचलाना व पेट संबंधी कई बीमारियां ठीक हो जाती हैं।
(Fennel tea benefits) अगर आप चाय-कॉफी की लत को छोड़ नहीं पा रहे हैं, तो सौंफ की चाय भी आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकती है। सौंफ से मिलने वाली खुशबू आपको अच्छा महसूस कराएगी। सौंफ की चाय की खास बात यह है कि आपको इसे पीने के बाद चाय या कॉफी पीने का मन नहीं करेगा और इसलिए यह कैफीन की लत छुड़ाने का अच्छा तरीका हो सकती है।
(Hibiscus tea benefits) आप में से बहुत से लोगों के घर में हिबिस्कस फूल जरूर होगा, लेकिन बहुत ही कम लोग जानते हैं कि उससे खास प्रकार का हर्बल चाय बनाई जा सकती है। हिबिस्कस के फूल को कई स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज करने के लिए इस्तेमाल में लाया जाता है। हिबिस्कस टी का स्वाद आपको शुरुआत में हो सकता है पसंद न आए, लेकिन बाद में आपको यह अच्छा भी लगने लगेगा और आपको चाय व कॉफी से छुटकारा पाने में भी मदद मिलेगी।