दिल को दुरुस्‍त रखते हैं ये 4 बेस्‍ट फूड, जानिए हार्ट पेशेंट के लिए बेस्‍ट डाएट प्‍लान और कुकिंग टिप्‍स

Diet TIps For Heart Patient: एशियन हार्ट इस्‍टीट्यूट, मुंबई के सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. संतोष कुमार डोरा ने हृदय रोगियों के लिए बेस्‍ट डाएट और कुकिंग टिप्‍स के बारे में बताया है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : February 4, 2021 4:47 PM IST

हृदय को स्‍वस्‍थ रखने के लिए सही आहार का होना बहुत आवश्‍यक है। स्‍वस्‍थ आहार लंबे समय तक आपके हृदय को हेल्‍दी रखता है। इसके लिए आपको किसी विशेष प्रकार के आहार का चुनाव करने की आवश्‍यकता नहीं है, बल्कि हमारे घर के किचन में और हमारे आसपास मौजूद हैं, जिनके बारे समझना जरूरी है। ये स्‍वस्‍थ आहार हृदय रोग के कारकों जैसे- मोटापा, हाई ब्‍लड प्रेशर और अनियमित जीवन शैली को ठीक रखने में मदद करते हैं।

एशियन हार्ट इस्‍टीट्यूट, मुंबई के सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. संतोष कुमार डोरा का कहना है कि, भले ही ह्रदय रोग की रोकथाम करने के लिए कोई 'जादुई' आहार नहीं है लेकिन निश्चित रुप से ह्रदय को स्‍वस्‍थ रखने के लिए कुछ सेहतमंद आहार और खाना पकाने का हेल्‍दी तरीका है जो लंबे समय तक आपको ह्रदय रोगों या स्ट्रोक के विकसित होने के खतरों को कम कर सकते हैं। हृदय को स्‍वस्‍थ रखने के लिए यहां कुछ सेहतमंद आहार और खाना पकाने का तरीका बताया गया है।

हृदय रोगियों के लिए बेस्‍ट फूड - Best Foods For Heart Patient In Hindi

1. कुकिंग ऑयल और नट्स

कॉर्न, सोया, सैफ्लॉवर (कुसुम), सफेद सरसों, तिल, राइस ब्रान और ऑलिव ऑयल जैसे कुकिंग ऑयल में मोनोसैचुरेटेड या पॉलीसैचुरेड फैट, ओमेगा-3 फैटी एसिड और एंटीऑक्सिडेंट्स होते हैं जिनका उपयोग किए जाने पर एलडीएल कोलेस्ट्रोल (खराब कोलेस्ट्रॉल) कम करने में मदद मिलती है।

उसी प्रकार से अखरोट, बादाम, पहाड़ी बादाम (हेज़लनट) जैसे नट्स में अनसैचुरेड फैट, ओमेगा-3 फैटी एसिड और ह्रदय के लिए सेहतमंद अन्य पोषक तत्व होते हैं जो खराब कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद करते है। इसीलिए डॉक्‍टर्स द्वारा रोज़ाना मुठ्ठीभर नट्स का सेवन करने की सलाह दी जाती है।

2. साबुत अनाज

साबुत अनाज फाइबर में उच्‍च होते हैं। इनमें कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो ब्लड प्रेशर और ह्रदय के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके कुछ उदाहरण हैं जैसे- साबुत गेहूं आटा, साबुत अनाज से बनी रोटियां, ब्राउन राइस, जौ, साबुत अनाज से बना पास्ता, ओटमील (जई) और अलसी के बीज आदि को रोजाना अपने आहार में शामिल कर सकते हैं।

3. फल और सब्जियां

फलों और सब्जियों में विटामिन, खनिज, एंटीऑक्सिडेंट और फाइबर उच्च मात्रा में होता है। इनमें कैलोरी की मात्रा कम होती है। विभिन्न प्रकार की फल और सब्जियां खाने से आपको आपका वजन और ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने और इसके साथ ही दिल की बीमारियों की रोकथाम करने में सहायता मिलती है। दिन में कम से कम पांच बार ताजे फल और सब्जियों का सेवन करना फायदेमंद होता है। पालक, कोलार्ड ग्रीन्स इत्यादि जैसी पत्तेदार हरी सब्जियां विटामिन, खनिज और एंटीऑक्सिडेंट्स से युक्‍त होती हैं और ह्रदय स्वास्थ्य के लिए अच्छी होती हैं।

4. मछली

सैल्मन, ट्यूना और सारडीन मछली में ओमेगा-3 फैटी एसिड प्रचुर मात्रा में पाया जाता है जो ट्रायग्लिसराइड्स कम करने, ब्लड प्रेशर घटाने, खून के थक्के कम करने और इंफ्लामेशन कम करने में मदद करते हैं, जिससे हमें ह्रदय रोग की रोकथाम करने में सहायता मिलती है। सप्ताह में कम से कम दो बार मछली खाएं। अलसी के बीज, रेपसीड (कनोला) तेल या अखरोट ओमेगा-3 फैटी एसिड के शाकाहारी स्रोत हैं।

हृदय रोगियों के लिए कुकिंग का बेस्‍ट तरीका - Best Cooking Tips For Heart Health In Hindi

सेहतमंद आहार का चुनाव करना जितना महत्वपूर्ण है उतना ही जरूरी सेहतमंद कुकिंग भी है। हार्ट पेशेंट के लिए खाना बनाने के दौरान कम वसा का प्रयोग करना चाहिए। तेल का ज्‍यादा इस्‍तेमाल न करना पड़े इसके लिए किसी चीज को तलने के बजाए भुनना, ग्रिल करना, स्टिर फ्राय करना (गरम तेल में तेजी से भुनना), उबालना और बेक करना एक बेहतर विकल्‍प है। इसके अलावा, आहार में कम वसा वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। कोशिश करें हेल्‍दी फैट वाले फूड का सेवन करें।

कैलोरी पर दें ध्‍यान - Focus on calories

आपको शरीर के लिए ज़रुरी कैलोरी की आवश्यकता के बारे में पता होना चाहिए। एक वयस्क पुरुष को प्रतिदिन करीब 2000 से 3000 कैलोरी की और वयस्क महिला को करीब 1600 से 2400 कैलोरी की आवश्यकता होती है। प्रत्येक दिन की कैलोरी आवश्यकता की पूर्ति करने के लिए आपको अच्छे पोषक तत्वों से युक्त आहार का सेवन करना चाहिए। आपकी कैलोरी आवश्यकता से ज्‍यादा आहार लेने से ज्‍यादा वजन और मोटापे की तकलीफ हो सकती है जो ह्रदय के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।

हृदय रोगियों के लिए बेस्‍ट डाएट प्लान - Best Diet Plan For Heart Patient

DASH (डाएटरी अप्रोच टू स्टॉप हाइपरटेंशन) डाएट प्लान हाइपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) से पीड़ित लोगों के लिए है। हालांकि, सामान्य तौर पर यह ह्रदय के स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा होता है। डैश डाएट में साबुत अनाज, फल, सब्ज़ियां और कम फैट वाले डेयरी प्रोडक्‍ट शामिल हैं। इसके साथ ही DASH Diet में मछली, पॉल्ट्री और फलियां भी शामिल की गई हैं। सप्ताह में कभी कभी नट्स और सीड्स को सेवन करने की सलाह दी जाती है। डैश डाएट में कम नमक (2300 मिग्रा तक सोडियम) खाने की सलाह दी जाती है जो ब्लड प्रेशर कम करने में फायदेमंद होता है।

इसके अलावा मेडिटेरेनियन डाएट प्लान भी ह्रदय की सेहत के लिए काफी अच्छा पाया गया है। इस आहार के सैद्धांतिक पहलू में शामिल है ऑलिव ऑयल, फलियां और अपरिष्कृत अनाज, फल और सब्जियां, मछली का कम या ज्‍यादा सेवन शामिल है। इसके अलावा डेयरी उत्पादों का सीमित सेवन, वाइन का सेवन भी संयमित मात्रा में कर सकते हैं। मांस का कम से कम सेवन। किसी भी आहार योजना में, जो लोग अनिवार्य रुप से शाकाहारी हैं वे पशु उत्पादों को शाकाहारी व्यंजनों से बदल सकते हैं जैसे टोफू (सोया उत्पाद), किनोआ, मटर, बीन्स (फलियां), मसूर दाल, दलहन इत्यादि।

Inputs By: Dr. Santosh Kumar Dora, Senior Cardiologist, Asian Heart Institute, Mumbai 

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source