
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : August 14, 2023 11:20 AM IST
Black Pepper Tea Benefits: काली मिर्च एक ऐसा मसाला है, जो लगभग हर भारतीय रसोई में मौजूद होता है। इसका इस्तेमाल लोग सूप, सलाद, करी और सब्जी आदि व्यंजनों में करते हैं। काली मिर्च न केवल भोजन के स्वाद को बढ़ाती है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है। इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को कई लाभ पहुंचाते हैं। काली मिर्च में विटामिन-ए, विटामिन-सी, विटामिन-के, फाइबर, पोटैशियम, आयरन, मैग्नीशियम, मैंगनीज और जिंक जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। कई लोग काली मिर्च की चाय पीना भी पसंद करते हैं। इसका सेवन सेहत के लिए काफी लाभकारी होता है। काली मिर्च की चाय पीने से कई स्वास्थ्य समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। साथ ही, यह पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने और वजन घटाने में भी मददगार होती है। तो आइए, इस लेख में विस्तार से जानते हैं काली मिर्च की चाय पीने के फायदों (Black Pepper Tea Benefits In Hindi) के बारे में -
काली मिर्च की चाय का सेवन करने से इम्यूनिटी बूस्ट हो सकती है। दरअसल, इसमें विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। इसके नियमित सेवन से आप कई तरह की गंभीर बीमारी और संक्रमण की चपेट में आने से बच सकते हैं।
काली मिर्च की चाय का सेवन डाइजेशन के लिए अच्छा माना जाता है। इसमें मौजूद पिपरीन पाचन क्रिया को सुधारने में मदद करता है। इसमें एंटी-बैक्टिरियल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण भी मौजूद होते हैं, जो संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। इसको पीने से पाचन संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है।
काली मिर्च की चाय का सेवन करने से सर्दी-जुकाम और गले में खराश जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं जो संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। इस चाय को पीने से छाती में जमा कफ आसानी से बाहर निकल जाता है।
काली मिर्च की चाय का सेवन करने से वजन घटाने में मदद मिल सकती है। इसमें एंटी-ओबेसिटी प्रभाव पाया जाता है, जो मेटाबॉलिज्म बूस्ट करने में मदद करता है। इसको पीने से शरीर की अतिरिक्त चर्बी बर्न होती है, जिससे मोटापा कंट्रोल में रहता है।
हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए काली मिर्च की चाय का सेवन काफी लाभकारी साबित हो सकता है। दरअसल, इसमें पोटैशियम पाया जाता है, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है। इस चाय को पीने से शरीर में ब्लड कोलेस्ट्रॉल का स्तर भी कम होता है, जिससे दिल की बीमारियों का जोखिम कम होता है।
काली मिर्च की चाय बनाने के लिए सबसे पहले पैन में एक कप पानी डालकर गर्म कर लें। अब इसमें 1 इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक और आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर डालकर पका लें। जब यह उबल जाए, तो इसे कप में छान लें। अब इसमें थोड़ा-सा शहद और नींबू का रस मिलाकर इसका सेवन करें।
काली मिर्च की चाय पीने से सेहत को कई लाभ मिल सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि इसका सेवन हमेशा सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। अगर आप किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याए से जूझ रहे हैं, तो इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।