जोड़ों में जमा यूरिक एसिड को गलाकर बाहर निकाल देंगे ये 5 मसाले, दर्द और सूजन से भी मिलेगा आराम

Spices To Reduce High Uric Acid: किचन में मौजूद कुछ मसाले हाई यूरिक एसिड को कम करने में मददगार साबित हो सकते हैं। जानें ऐसे ही 5 मसालों के बारे में।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : November 2, 2023 3:26 PM IST

Spices To Reduce High Uric Acid In Hindi: गलत खानपान और खराब जीवन शैली के कारण आजकल हाई यूरिक एसिड की समस्या से काफी लोग परेशान हैं। दरअसल, यूरिक एसिड खून में पाया जाने वाला एक तरह का वेस्ट प्रोडक्ट है। यह शरीर में प्यूरिन नामक केमिकल के टूटने पर बनता है। आमतौर पर, हमारी किडनी इसे पेशाब के जरिए शरीर से बाहर निकाल देती है। लेकिन जब ऐसा नहीं हो पाता है, तो यह जोड़ों में छोटे-छोटे क्रिस्टल के रूप में जमने लगता है। शरीर में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने के कारण कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यूरिक एसिड बढ़ने पर जोड़ों में दर्द, सूजन और चलने-फिरने में परेशानी जैसी दिक्कतें होने लगती हैं। हाई यूरिक एसिड की समस्या से राहत पाने के लिए खानपान का ध्यान रखना जरूरी है। शरीर में बढ़े हुए यूरिक एसिड के स्तर को कंट्रोल करने के लिए किचन में रखे कुछ मसाले बहुत कारगर साबित हो सकते हैं। इनके नियमित सेवन से जोड़ों में दर्द और सूजन की समस्या से राहत मिल सकती है। आज इस लेख में हम आपको ऐसे 5 मसालों के बारे में बता रहे हैं, जो यूरिक एसिड के स्तर को कम करने में मददगार साबित हो सकते हैं।

हल्दी

हल्दी में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं, जो जोड़ों में सूजन और दर्द को कम करने में मदद कर सकते हैं। हाई यूरिक एसिड की समस्या से बचने के लिए आप अपने भोजन में हल्दी को जरूर शामिल करें। आप रोजाना रात में सोने से एक गिलास गर्म दूध में हल्दी मिलाकर पी सकते हैं। इससे आपको गठिया के दर्द में भी आराम मिल सकता है।

अजवाइन

भारतीय रसोई में अजवाइन का इस्तेमाल दाल या सब्जी में तड़का लगाने के लिए किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह यूरिक एसिड को कम करने में भी आपके काम आ सकता है? जी हां, अजवाइन में ओमेगा-3 फैटी एसिड मौजूद होता है, जो बढ़े हुए यूरिक एसिड को कंट्रोल करने में मदद कर सकता है। इसके लिए आप रोज सुबह खाली पेट अजवाइन का पानी पी सकते हैं।

मेथी

शरीर में बढ़े हुए यूरिक एसिड के स्तर को कम करने में मेथी काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। इसमें विटामिन-सी, आयरन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो यूरिक एसिड को कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए आप रात में सोने से पहले एक चम्मच मेथी दाना को एक गिलास पानी में भिगोकर रख दें। सुबह खाली पेट इस पानी का सेवन करें और मेथी दाना को चबाकर खा लें। इससे यूरिक एसिड की समस्या से जल्द राहत मिल सकती है।

अलसी

अलसी में ओमेगा-3 फैटी एसिड और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो यूरिक एसिड के स्तर को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके नियमित सेवन से गठिया और गाउट के लक्षणों को कम करने में मदद मिल सकती है। आप अपने भोजन में पिसी हुई अलसी शामिल कर सकते हैं या अलसी के तेल का उपयोग कर सकते हैं।

अदरक

यूरिक एसिड को कंट्रोल करने में अदरक भी लाभदायक साबित हो सकता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो यूरिक एसिड के स्तर को कम करने और जोड़ों में सूजन को कम में मदद कर सकते हैं। अगर आप हाई यूरिक एसिड की समस्या से परेशान हैं, तो अपने भोजन में ताजा अदरक शामिल करें।  इसके अलावा, अदरक की चाय पीने से भी यूरिक एसिड की समस्या में काफी आराम मिल सकता है।

यूरिक एसिड को कम करने के लिए आप इन मसालों को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी समस्या काफी ज्यादा बढ़ रही है, तो डॉक्टर से संपर्क करें। अगर आप किसी गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहे हैं, तो इनका सेवन करने से पहले हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source