
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : August 8, 2022 3:25 PM IST
वैसे तो सभी फल स्वास्थ्य के लिए हेल्दी माने जाने हैं और हर अलग-अलग फल में गुण भी अलग पाए जाते हैं। इसलिए जब भी कोई व्यक्ति बीमार पड़ता है या फिर अगर किसी को कमजोरी (Banana for weakness) आ जाती है, तो उसे अपनी डाइट में ज्यादा से ज्यादा फल शामिल करने को कहा जाता है। केला प्रमुख फलों में से एक है और इसमें कई अलग-अलग तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिनमें पोटेशियम, मैग्नीशियम और कई तरह के विटामिन शामिल हैं। केला कितना हेल्दी फल है ये तो आप जानते ही होंगे, लेकिन क्या आपको पता है केले का सेवन करने से कई प्रकार के कैंसर व अन्य बीमारियां होने के खतरे को दूर किया जा सकता है। आपको यह सुनकर थोड़ी हैरानी हो सकती है, लेकिन यह सच है और इसकी पुष्टि अध्ययन में की गई है।
यूनाइटेड किंगडम की न्यूकैसल यूनिवर्सिटी और लीड्स यूनिवर्सिटी यह अध्ययन किया गया जिसमें पाया गया कि केले समेत कई प्लांट बेस्ड फूड्स जैसे अनाज, चाव और सेब में रेसिस्टेंट स्टार्च पाया जाता है। यह स्टार्च बिना पचे छोटी से बड़ी आंत तक पहुंच जाता है और बड़ी आंत में जाकर डाइजेस्ट होता है। यह स्टार्च एक प्रकार के फाइबर का हिस्सा होता है, जो कैंसर समेत कई बीमारियों से बचाने का काम करता है।
रिसर्च में शोधकर्ता इस नतीजे पर पहुंचे कि रोज 30 ग्राम रेसिस्टेंट स्टार्च का सेवन करने से कैंसर जैसी कई बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है। 30 ग्राम रेसिस्टेंट स्टार्च लगभग एक केले के बराबर होती है। इसलिए रोजाना एक केला खाना कैंसर से बचाने में मदद कर सकता है।
हालांकि, केला खाने का भी एक सही समय होता है और गलत समय पर खाया गया केला शरीर को फायदा नहीं बल्कि नुकसान पहुंचा सकता है। वैसे तो दोपहर से पहले आप किसी भी समय केला खा सकते हैं, लेकिन सुबह के समय केला खाना सबसे अच्छा रहता है। आयुर्वेद के अनुसार रात के समय केला खाने से पाचन क्रिया खराब हो सकती हैं और स्वास्थ्य संबंधी अन्य कई समस्याओं का सामना भी करना पड़ सकता है।