Advertisement

7 दिन तक सिर्फ नारियल पानी पीने से क्या होगा? जानिए शरीर पर इसका असर

क्या आप वजन घटाने के लिए या फिर बॉडी डिटॉक्स करने के लिए सिर्फ नारियल पानी पीने का सोच रहे हैं? अगर हां, तो इससे आपके शरीर को फायदे के बजाय नुकसान हो सकता है। आइए जानते हैं-

Written By Kishori Mishra
Published : June 3, 2026 10:14 AM IST

Coconut Water for 7 Days

Coconut Water for 7 Days : गर्मी के दिनों में कई लोग वजन कम करने या शरीर को डिटॉक्स करने के लिए कुछ लोग सिर्फ नारियल पानी पीने के बारे में सोचते हैं। लेकिन क्या सच में 7 दिन तक सिर्फ नारियल पानी पर रहना शरीर के लिए सेफ होता है? क्या ऐसा करने से शरीर को फायदे होते हैं? या कुछ नुकसान भी हो सकता है। इसकी जानकारी के लिए हमने डाइट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन कामिनी सिंहा से बातचीत ही है। डायटीशियन कहती हैं कि सिर्फ नारियल पानी पर रहना शरीर के लिए सुरक्षित नहीं होता है।

हालांकि, नारियल पानी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और इसमें पोटैशियम, सोडियम, मैग्नीशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं, लेकिन यह एक संपूर्ण आहार नहीं है। इसमें पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, हेल्दी फैट, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व नहीं होते, जिनकी शरीर को रोज जरूरत पड़ती है। आइए जानते हैं 7 दिन तक सिर्फ नारियल पानी पीने से क्या होता है?

Advertisement

7 दिन तक सिर्फ नारियल पानी पीने पर क्या हो सकता है?

अगर आप सिर्फ नारियल पानी पीते हैं, तो इससे शरीर को फायदे के बजाय नुकसान हो सकता है।

वजन तेजी से हो सकता है कम

अगर आप 7 दिनों तक सिर्फ नारियल पानी पीते हैं,तो शुरुआती कुछ दिनों में वजन कम होता हुआ दिख सकता है, लेकिन यह ज्यादातर पानी और मांसपेशियों के नुकसान के कारण हो सकता है, न कि सिर्फ फैट कम होने से।

Advertisement

कमजोरी और थकान हो सकती है महसूस

लगातार 7 दिनों तक सिर्फ नारियल पानी पीने से शरीर में ऊर्जा की कमी होने लगती है। दरअसल, अगर आप सिर्फ नारियल पानी पीते हैं, तो इससे शरीर को ऊर्जा के लिए पर्याप्त कैलोरी नहीं मिलती। इससे थकान, चक्कर आना, सिरदर्द और काम में ध्यान लगाने में परेशानी हो सकती है।

मांसपेशियां पड़ सकती है कमजोर

नारियल पानी में प्रोटीन बहुत कम होता है। लगातार कई दिनों तक सिर्फ यही पीने से शरीर ऊर्जा के लिए मांसपेशियों को तोड़ना शुरू कर सकता है।

ब्लड शुगर लेवल हो सकता है प्रभावित

नारियल पानी में प्राकृतिक शुगर होती है। कुछ लोगों में इससे ब्लड शुगर के स्तर में उतार-चढ़ावहो सकता है, मुख्य रूप से जिन लोगों को डायबिटीज की परेशानी है, उनका शुगर लेवल कम या ज्यादा हो सकता है।

पोटैशियम का बढ़ सकता है स्तर

नारियल पानी पोटैशियम से भरपूर होता है। जरूरत से ज्यादा मात्रा में सेवन करने पर कुछ लोगों में पोटैशियम बढ़ सकता है, जो दिल की धड़कन और किडनी से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकता है।

पोषण की हो सकती है कमी

सिर्फ नारियल पानी पीने से शरीर को आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन बी12 और कई अन्य जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते। इससे पोषण संबंधी कमी विकसित हो सकती है।

क्या इससे शरीर डिटॉक्स हो जाता है?

डायटीशियन का कहना है कि शरीर को डिटॉक्स करने के लिए किसी खास ड्रिंक या डाइट की जरूरत नहीं होती। लिवर और किडनी पहले से ही शरीर से विषैले पदार्थों को बाहर निकालने का काम करते हैं। इसलिए सिर्फ नारियल पानी पीने को वैज्ञानिक रूप से प्रभावी डिटॉक्स तरीका नहीं माना जाता।

Disclaimer : 7 दिन तक सिर्फ नारियल पानी पीना स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित या संतुलित तरीका नहीं है। इससे अस्थायी रूप से वजन कम दिख सकता है, लेकिन कमजोरी, पोषण की कमी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।