Don’t Miss Out on the Latest Updates.
Subscribe to Our Newsletter Today!
-
- हिंदी
किडनी हमारे शरीर का वो 'फिल्टर' है, जो उसे विषाक्त पदार्थों से बचाती है। ऐसे में इसका ध्यान रखना बेहद जरूरी है। किडनी के महत्व और उसके कार्यों को प्रभावित करने वाली बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल मार्च के दूसरे गुरुवार को 'वर्ल्ड किडनी डे' मनाया जाता है। किडनी की सेहत पर आपकी बैलेंस डाइट का सबसे ज्यादा असर पड़ता है। अगर आप चाहते हैं कि आपके शरीर का यह महत्वपूर्ण अंग हमेशा सेहतमंद रहे और ठीक से काम करे तो आपको हाई एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर आहार ज्यादा खाने चाहिए। वहीं फास्फोरस, सोडियम, ज्यादा नमक वाले भोजन से बचना चाहिए। कई फल भी किडनी को डिटॉक्स करके उसे मजबूत बनाते हैं। 14 मार्च 'वर्ल्ड किडनी डे' के इस खास मौके पर हम आपको बताने जा रहे हैं कि वो कौन से फल हैं जो आपकी किडनी को हेल्दी रखते हैं।
विटामिन सी और के से भरपूर फल आपकी किडनी के दोस्त माने जाते हैं। खट्टे फल खासतौर पर आपकी मदद कर सकते हैं।
अनार हमारी किडनी के साथ ही संपूर्ण सेहत के लिए अच्छा है। अनार पॉलीफेनोल्स और एंथोसायनिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। ये एंटीऑक्सीडेंट किडनी की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव क्षति से बचाते हैं। यह ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल करता है, जिससे किडनी पर कम दबाव पड़ता है। अनार पोटेशियम का भी एक अच्छा स्रोत है, जो इलेक्ट्रोलाइट का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। यह किडनी को विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में भी मदद करता है। इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण किडनी की सूजन को कम करने में मदद करते हैं।
जामुन का छोटा सा फल कई गुणों से भरपूर होता है। इसमें फास्फोरस और सोडियम दोनों ही कम होते हैं, जो इसे किडनी के लिए अच्छे फलों की लिस्ट में शामिल करता है। यह मीठा- कसैला फल ऊतकों को कसने और वाटर रिटेंशन को कम करने में मदद करता है। जामुन के साथ ही स्ट्रॉबेरी, ब्लैकबेरी, अकाई बेरी का सेवन भी आप कर सकते हैं। इन सभी बैरीज में विटामिन सी, मैंगनीज, फोलेट, पोटेशियम और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। फाइबर से भरपूर इन बैरीज में कैलोरी बहुत कम होती हैं, जो किडनी की सफाई में मददगार होती हैं। अगर आप किडनी को सेहतमंद रहना चाहते हैं तो नियमित रूप से एक कटोरी जामुन या सभी बैरीज मिलाकर खाएं।
सेब को सेहत का खजाना माना जाता है। सेब में क्वेरसेटिन और पॉलीफेनोल्स नामक एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो किडनी को सेहतमंद रखते हैं। इसमें पोटेशियम और फास्फोरस बहुत ही कम होता है, जो किडनी के लिए इसको फायदेमंद बनाते हैं। फाइबर और विटामिन सी से भरपूर इस फल से कब्ज की समस्या भी दूर होती है।
संतरा, नींबू, अंगूर, क्रैनबेरी जैसे खट्टे फल आपकी किडनी के लिए बहुत ही लाभकारी हैं। ये सभी खट्टे फल एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं। ये किडनी के लिए किसी डिटॉक्स फूड की तरह काम करते हैं, जो किडनी को साफ करते हैं। ये पोटेशियम का अच्छा सोर्स होते हैं। इन फलों के नियमित सेवन से आप किडनी स्टोन की समस्याओं को दूर कर सकते हैं। अगर आप किडनी को सेहतमंद रखना चाहते हैं तो नियमित रूप से सुबह खाली पेट गर्म पानी में नींबू निचोड़कर इसका सेवन करें।
एवोकाडो आपकी सेहत के लिए बेहतरीन फल है। इसमें हेल्दी फैट्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं। नेशनल किडनी फाउंडेशन किडनी को सेहतमंद रखने के लिए एवोकाडो के सेवन की सलाह देता है। हालांकि इसमें पोटेशियम ज्यादा होता है। इसलिए डॉक्टर से सलाह के बाद ही आप इसका सेवन करें।
नाशपाती, आड़ू, तरबूज, चेरी, अंगूर, पाइनएप्पल जैसे फल भी आपकी किडनी को स्वस्थ रखते हैं। पाइनएप्पल में ब्रोमेलैन नामक तत्व होता है। यह एक पाचन एंजाइम है जो किडनी स्टोन से आपका बचाव करती है। इन सभी फलों में विटामिन सी भी होता है, जो फायदेमंद रहता है।