
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : March 21, 2024 9:23 PM IST
Jeera Water For Weight Loss: आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण मोटापे की समस्या लोगों में आम हो गई है। शरीर का अधिक वजन न केवल देखने में खराब लगता है, बल्कि कई बीमारियों का कारण भी बन सकता है। ऐसे में, मोटापे से छुटकारा पाने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय करते हैं। वजन घटाने के लिए घंटों जिम में पसीना बहाते हैं और कई तरह के डाइट प्लान भी फॉलो करते हैं। लेकिन फिर भी वजन कम होने का नाम नहीं लेता है। अगर आप भी वजन घटाना चाहते हैं, तो अपनी डाइट में जीरा पानी (Cumin Water For Weight Loss In Hindi) शामिल कर सकते हैं। जी हां, जीरा पानी वजन कम करने का एक आसान और असरदार उपाय है। नियमित रूप से इसका सेवन करने से शरीर में फैट नहीं जमता है और वजन घटाने में मदद मिलती है। तो आइए, जानते हैं वजन घटाने के लिए जीरा पानी का सेवन किस तरह करें?
शरीर का वजन कम करने में जीरा पानी काफी मददगार साबित हो सकता है। इसमें फाइबर मौजूद होता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। शरीर में पाचन दुरुस्त रहने से वजन घटाने फायदा मिलता है। इसके अलावा, इसके नियमित सेवन से मेटाबॉलिक रेट बढ़ता है, जिससे तेजी से फैट बर्न करने में मदद मिलती है। साथ ही, यह शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने का काम करता है, जो वेट लॉस के लिए काफी जरूरी है।
वजन घटाने के लिए आप सादा जीरा पानी पी सकते हैं। इसके लिए आप एक चम्मच जीरा को एक गिलास पानी में रातभर भिगोकर रख दें। सुबह इस पानी को छान लें और खाली पेट इसका सेवन करें। इसके नियमित सेवन से वेट लॉस में काफी मदद मिल सकती। साथ ही, कब्ज की समस्या भी दूर हो सकती है।
अगर आप वजन घटाना चाहते हैं, तो जीरा और करी पत्ते का पानी पी सकते हैं। इसके लिए आप रात को सोने से पहले एक गिलास पानी में एक चम्मच जीरा और 5-6 करी पत्ते डालकर रखते हैं। सुबह खाली पेट इस पानी को छानकर पी लें। रोजाना इसका सेवन करने से धीरे-धीरे वजन कम होने लगेगा।
जीरा की तरह ही धनिया भी वजन घटाने में असरदार होता है। इसका इस्तेमाल करने के लिए आप रात को जीरा और धनिया के बीजों को एक गिलास पानी में भिगोकर रख दें। अगली सुबह इस पानी को छानकर पी लें। रोजाना सुबह खाली पेट जीरा और धनिया का पानी पीने से वजन घटाने में काफी मदद मिल सकती है।
वजन घटाने के लिए जीरा पानी का सेवन काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। लेकिन इसके साथ ही आपको अपने खानपान और जीवनशैली का भी ध्यान रखना चाहिए।