4 प्रकार के होते हैं मेडिटेशन, हर एक के हैं अपने अलग फायदे, जानिए कौन सा मेडिटेशन है बेस्ट

अगर आप भी माइंडफुलनेस से अपने जीवन में अच्छे बदलाव चाहते हैं तो इसके लिए सबसे महत्वपूर्ण है मेडिटेशन।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Updated : March 13, 2024 7:01 AM IST

जिंदगी में खुश और पॉजिटिव रहना उतना मुश्किल काम नहीं है, जितना आप समझते हैं। अपनी सुबह की सही शुरुआत करके आप कई तनावों से दूर रह सकते हैं। यह पॉजिटिव बदलाव न सिर्फ आपको शारीरिक रूप से सेहतमंद बनाएंगे, बल्कि ये मानसिक रूप से भी आपको तनाव मुक्त करेंगे। माइंडफुलनेस की ओर बढ़ता आपका हर एक कदम आपको सकारात्मक बनाता जाएगा। इससे आप में सेल्फ अवेयरनेस आएगी, आपका फोकस बढ़ेगा, याददाश्त मजबूत होगी और आप परिस्थितियों का बेहतर समाधान कर पाएंगे। अगर आप भी माइंडफुलनेस से अपने जीवन में अच्छे बदलाव चाहते हैं तो इसके लिए सबसे महत्वपूर्ण है मेडिटेशन। कुछ ऐसे मेडिटेशन हैं जो आपको खुद से मिलाने और जानने में मदद कर सकते हैं।

1. माइंडफुलनेस मेडिटेशन

अपने दिन की शुरुआत आपको इस सरल, लेकिन असरदार मेडिटेशन से करनी चाहिए। आप जैसे-जैसे इसे अपने जीवन में शामिल करते जाएंगे, वैस-वैसे आपका तनाव कम होता चला जाएगा। इसके जरिए आपकी टेंशन कम होगी।

ऐसे करें : एक शांत और साफ जगह पर बैठें। अब अपनी आंखों को बंद करके सांसों को फेफड़ों में भर लें। अपने तनाव के बारे में सोचें और सांस को धीरे-धीरे छोड़ते हुए इस तनाव को भी बाहर निकालें। आपको महसूस होगा कि इससे आपका तनाव कम हो रहा है। आप अंदर ही अंदर शांत और हल्का महसूस करेंगे। इसका नियमित अभ्यास करना चाहिए।

2. ग्रेटिट्यूट मेडिटेशन

आपको जिंदगी में जो कुछ भी मिला है, उसके प्रति कृतज्ञता अपनाकर आप जिंदगी को देखने का नजरिया बदल सकते हैं। यह आपके विचारों को पॉजिटिविटी से भर देता है। यह मेडिटेशन आपको आशावादी बनाता है। यह आप में उम्मीद जगाता है कि आपके पास बहुत कुछ है और आगे भी आप ऐसी कई उपलब्धियां पा सकते हैं।

ऐसे करें : सबसे पहले एक शांत जगह ढूंढें। अब अपनी आंखें बंद करें और गहरी सांसें लें। अपने शरीर को आराम दें। अब अपने जीवन में उन चीजों के बारे में सोचें जिनके लिए आप आभारी हैं। प्रशंसा, उपलब्धियां, रिश्तों आदि के बारे में विचार करें और हर एक उपलब्धि के लिए कृतज्ञता महसूस करें। कुछ मिनटों के लिए इस मेडिटेशन को जारी रखें।

3. बॉडी स्कैन मेडिटेशन

आपके पूरे शरीर को नई एनर्जी से भर देगा बॉडी स्कैन मेडिटेशन। यह मेडिटेशन आपके शरीर और मन के बीच किसी मजबूत पुल का काम करता है। यह आपके तनाव और चिंताओं को कम करता है। आपका फोकस और कॉन्सन्ट्रेशन बढ़ता है। साथ ही शारीरिक दर्द से भी राहत दिलाता है।

ऐसे करें : बॉडी स्कैन मेडिटेशन के लिए आपको एक शांत जगह ढूंढनी होगी, जहां आप बिना किसी रुकावट के बैठ या लेट सकें। अब अपनी आंखें बंद करें और गहरी सांसें लें। धीरे-धीरे अपने शरीर के विभिन्न हिस्सों पर ध्यान केंद्रित करना शुरू करें। अपने शरीर के प्रत्येक हिस्से में संवेदनाओं पर ध्यान दें, जैसे कि तापमान, दबाव और तनाव। इसे अपने पैरों की उंगलियों से शुरू करके सिर तक लेकर जाएं। इससे आपकी मांसपेशियों को भी आराम मिलेगा।

4. विजुअलाइजेशन मेडिटेशन

आपने अक्सर लोगों को कहते सुना होगा कि आप जैसा सोचते हैं, वैसा ही आपके साथ होता है। विजुअलाइजेशन मेडिटेशन भी कुछ ऐसा ही है। यह लक्ष्य को प्राप्त करने में आपकी मदद करता है। यह आपकी मानसिकता को इस प्रकार बदल देगा कि आपका फोकस आपके टारगेट पर ही रहेगा। यह आपका कॉन्फिडेंस भी बढ़ाता है।

ऐसे करें : हर मेडिटेशन की तरह इसे करते समय भी एक शांत जगह बैठें। आंखें बंद करें और गहरी सांस लें। अब अपने लक्ष्य के विषय में सोचें और उस पर फोकस करें। साथ ही सामने आने वाली चुनौतियों पर काबू करने का तरीका भी खोजें। कल्पना हमेशा सफल होने की ही करें। इस मेडिटेशन से आप अंदर से अपने टारगेट को पाने के लिए मोटिवेट होंगे।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source