लगातार फोन देखते रहने से बढ़ सकती है युवाओं में डिप्रेशन और इरिटेशन जैसी समस्याएं, फोन की लत छोड़ने में काम आ सकती हैं ये टिप्स

एक नयी स्टडी में यह बात सामने आयी है कि स्मार्टफोन का बहुत अधिक समय बितानेवाले लोगों में मेंटल हेल्थ से जुड़ी समस्याओं (Side effects of increasing screen time) में इजाफा  हो सकता है।

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : May 15, 2022 3:16 PM IST

Side effects of increasing screen time: यंगस्टर्स में फोन का इस्तेमाल दूसरों की तुलना में काफी अधिक है।  सोशल मीडिया पर रील्स (reels) पोस्ट करनी हों या ऑनलाइन पढ़ाई, युवाओं का अधिकांश समय मोबाइल पर ही बीतता है। फोन का इस्तेमाल करने से जहां देश-दुनिया की जानकारियों के बारे में अपडेट्स मिलती रहती हैं वहीं इससे पढ़ाई से लेकर अपने दोस्तों से दूर रहकर भी उनसे कनेक्टेड रहना आसान हो जाता है। लेकिन, जैसा कि टेक्नोलॉजी का अधिक इस्तेमाल भी शरीर पर बुरा प्रभाव डालता है और इसके सबूत सोशल मीडिया के साइड-इफेक्ट्स के तौर पर दिखायी दे चुके हैं। वहीं, मोबाइल, टीवी या लैपटॉप के सामने बैठे रहने से गर्दन, पीठ और कलाइयों से जुड़े दर्द और कई बीमारियों का रिस्क भी बढ़ सकता है। हाल ही में एक नयी स्टडी में यह बात सामने आयी है कि स्मार्टफोन का बहुत अधिक समय बितानेवाले लोगों में मेंटल हेल्थ से जुड़ी समस्याओं में इजाफा  हो सकता है। (Side effects of increasing screen time in Hindi)

दिन में 10 घंटों तक ऑनलाइन रहते हैं लोग

सैपियन लैब्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, स्मार्टफोन के उपयोग में वृद्धि और सामाजिक अलगाव में वृद्धि 18-24 आयु वर्ग के युवा वयस्कों के मानसिक स्वास्थ्य में गिरावट की ओर इशारा करती है। सैपियन लैब्स के मुख्य वैज्ञानिक तारा त्यागराजन ने एक बयान में कहा, "डेटा से पता चलता है कि लोग अब हर दिन 7-10 घंटे तक का समय ऑनलाइन बिताते हैं। इससे उन्हें व्यक्तिगत स्तर पर से सामाजिक जुड़ाव के लिए बहुत कम समय बचता है। इंटरनेट से पहले, जब तक कोई 18 वर्ष का हो जाता है, तब तक हम अनुमान लगाते हैं कि उन्होंने अपने साथियों और परिवार के साथ व्यक्तिगत रूप से बातचीत करते हुए 15,000 से 25,000 घंटे तक कहीं भी बिताए होंगे।" अब, त्यागराजन ने कहा, शोध से पता चला है कि इंटरनेट युग में लोगों से मेलजोल और बतचीत की संभावना कम होकर 1,500 से 5,000 घंटे हो गई है। स्टडी के लिए 34 देशों में जहां डेटा इकट्ठा किया गया था, जिसके अनुसार,

  • नौजवानों (18-24 आयु वर्ग) के लिए , स्मार्टफोन के उपयोग में वृद्धि के साथ एक प्रवृत्ति को बढ़ा देती है जो महामारी से पहले मौजूद थी लेकिन 2010 के बाद शुरू हुई।
  • 2010 से पहले, अध्ययनों से पता चला था कि युवा वयस्कों में मनोवैज्ञानिक कल्याण का उच्चतम स्तर था, लेकिन तब से, प्रवृत्ति विपरीत दिशा में रही है।
  • अध्ययन में उन प्रमुख लक्षणों को रेखांकित किया गया है जो 18-24 के अधिकांश युवा वयस्कों को प्रभावित करते हैं या पुराने वयस्कों की तुलना में सबसे महत्वपूर्ण रूप से बढ़े हुए या बिगड़े हुए हैं।
  • इनमें उनमें बहुत अधिक गुस्सा, चिड़िचिड़ापन, अजीब या अनवॉन्टिड विचार, सेल्फ-इमेज और आत्मविश्वास, वास्तविकता से अलग होने की भावनाएं, दूसरों के साथ संबंध, आत्मघाती विचार, भय और चिंता, और उदासी, संकट या निराशा की भावनाएं शामिल हैं।

क्यों महत्वपूर्ण है ऑनलाइन नहीं ऑफलाइन कनेक्टेड रहना

त्यागराजन कहते हैं कि, जब ऑनलाइन की बजाय लोग पर्सनल लेवल पर एक-दूसरे से सम्पर्क करते हैं तो इससे उन्हें बेहतर तरीके से कनेक्ट होने में मदद होगी। इससे,

  • लोगों को एक-दूसरे के चेहरे के भाव,बॉडी लैंग्वेज, शारीरिक स्पर्श, उचित भावनात्मक प्रतिक्रिया और समस्याओं का समाधान ढूढ़ने और बेहतर तरीके से निर्णय लेने जैसी लाइफ स्किल्स सीख पाते हैं।
  •  वहीं, व्यक्तिगत स्तर पर एक-दूसरे से बात करने से लोगों का सामाजिक-भावनात्मक विकास भी होता है।
  • जबकि, गुणों की कमी के कारण लोग समाज से अलग-थलग महसूस कर सकते हैं। जिससे, उनमें तनाव, डिप्रेशन और खुद को नुकसान पहुंचाने के विचार अधिक आ सकते हैं।

फोन की लत से छुटकारा पाने के आसान उपाय

  1. अपने फोन रखने की जगह जल्दी-जल्दी चेंज करते रहें। इससे, फोन पास रहने पर उसे ‘थोड़ा देख लेने’ की आदत को कंट्रोल करना आसान हो जाएगा।
  2. दिनचर्या में कुछ समय ऐसा भी होना चाहिए जब आप फोन का इस्तेमाल ना करें।
  3. घर में नो फोन ज़ोन बनाएं जहां फोन का इस्तेमाल मना हो।
  4. माता-पिता अपने बच्चों को कड़ाई से कह दें कि उन्हें डाइनिंग टेबल पर फोन का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता ।
  5. बच्चों को घर के बाहर जाकर खेलने और नये  दोस्त बनाने के लिए प्रोत्साहित करें।
  6. हर नये ऐप को डाउनलोड करने की बजाय केवल उन्हीं ऐप को फोन में रखें जो आपके लिए बहुत ज़रूरी हैं।
  7. फोन में गेमिंग और जुए जैसी गतिविधियों से जुड़े ऐप्स ना डाउनलोड करे। इससे मोबाइल पर गेम खेलने का लालच कम होगा और आप कम समय तक फोन का इस्तेमाल करेंगे।
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source