
Also Read
ओवरथिंकिंग कंट्रोल करने के उपाय
कुछ लोगों का जीवन ऐसा होता है कि वह किसी भी बात पर बहुत ज्यादा दिमाग नहीं लगाते हैं। वहीं कुछ बात करें कुछ लोगों की तो वह छोटी-छोटी बातों पर भी बहुत ज्यादा दिमाग लगाते हैं। कभी-कभी ऐसे लोग बेमतलब की बातों पर भी बहुत ज्यादा ध्यान देने लगते हैं। यदि आप इस श्रेणी में आते हैं तो आपको बता दें कि ऐसे लोगों को ओवरथिंकर कहा जाता है। और इस प्रोसेस को ओवरथिंकिंग कहा जाता है। जब हम किसी भी बात को बहुत ज्यादा सोचने लग जाते हैं तो इसका सीधा असर हमारे मानसिक स्वास्थ्य पर देखने को मिलता है। चूंकि मन का संबंध शरीर से होता है तो इसका असर हमारे शारीरिक स्वास्थ्य पर भी बहुत ज्यादा देखने को मिलता है। सीधा और साफ शब्दों में कहें तो आपकी ये ज्यादा सोचने की आदत कई तरह की गंभीर बीमारियों का भी कारण बन सकती है। इसलिए इसकी गंभीरता को समझने की जरूरत है और इससे छुटकारा पाना भी बहुत जरूरी है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
इमोशनल लोग बहुत अधिक ओवरथिंकर होते हैं। दरअसल जो भी लोग किसी बात को जल्दी मन से लगा लेते हैं वह अक्सर ओवरथिंकिंग के शिकार हो जाते हैं। वह किसी भी बात को लेकर यही सोचते रहते हैं कि सामने वाला आदमी उनके लिए क्या सोच रहा होगा। इस बेहद गंभीर आदत के कारण इनकी लाइफ पर बहुत बुरा असर देखने को मिलता है। इस समस्या से पीड़ित व्यक्ति कई बार अवसाद का भी शिकार हो जाता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ओवरथिंकिंग की आदत आपके ब्लड प्रेशर को बढ़ा देती है, जिससे आप स्ट्रोक या हार्ट अटैक जैसी समस्या के शिकार हो सकते हैं। कई बार लोग ओवरथिंकिंग से बचने के लिए शराब और सिगरेट जैसी मादक चीजों का सहारा लेते हैं। जिससे वह और हेल्थ प्रॉब्लम के शिकार हो जाते हैं। यदि आप इस आदत से छुटकारा पाना चाहते हैं तो आप नीचे बताए गए उपायों को अपना सकते हैं।
आपने एक कहावत जरूर सुनी होगी "खाली दिमाग शैतान का घर"। यदि आप अपने दिमाग को अक्सर खाली रखते हैं तो आपको ओवरथिंकिंग की समस्या हो सकती है। इसलिए इससे बचने के लिए आपको अपने आप को किसी काम में व्यस्त रखने की जरूरत है। हालांकि वह काम ऐसा हो जिसमें आपकी रुचि हो।
ऐसे लोग जो अक्सर नकारात्मक बात करते हैं या जिनसे आपको निगेटिव फीलिंग आती है, ऐसे लोगों से समय रहते आप उचित दूरी बना लें। यदि आपके पास कोई ऐसा व्यक्ति है जो आपको जानबूझकर परेशान कर रहा है, तो आपको ऐसे लोगों से आपको तुरंत दूर हो जाना चाहिए। इसके अलावा आप ऐसे लोगों से उनकी ही भाषा में निपट भी सकते हैं।
दिमाग को शांत करने के लिए जरूरी है कि आप अपने मन को एकाग्र रख सकें। इसके लिए आपको मेडिटेशन यानी ध्यान का भी सहारा लेना चाहिए। एक शांत दिमाग में विचारों का उछाल बहुत अधिक नहीं आता है। रोजाना कुछ देर के लिए किया जाने वाला मेडिटेशन का अभ्यास आपको मानसिक तौर पर काफी मजबूत बना सकता है। इसके चलते आप ओवरथिंकिंग की समस्या से भी बच सकते हैं।