Don’t Miss Out on the Latest Updates.
Subscribe to Our Newsletter Today!
- लेटेस्ट
- डिज़ीज़
- डाइट
- फिटनेस
- ब्यूटी
- घरेलू नुस्खे
- वीडियो
- पुरुष स्वास्थ्य
- मेंटल हेल्थ
- सेक्सुअल हेल्थ
- फोटो स्टोरी
- आयुष
- पेरेंटिंग
- न्यूज
How to get sleep better: सिरदर्द, माइग्रेन, रात को नींद न आना जैसी परेशानियां आजकल हर उम्र के लोगों को प्रभावित कर रही हैं। बेहतर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अच्छी और पर्याप्त नींद बेहद जरूरी है। इसके बिना आप दिनभर थकान महसूस करेंगे। आपको कई स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं। ऐसे में अकसर लोग सोने के लिए नींद की गोलियों की मदद लेते हैं। लेकिन इस समस्या को दूर करने के लिए आपको गोलियों की नहीं बल्कि बेहतर स्लीप हाइजीन टेक्नीक की जरूरत है। क्या है यह शानदार टेक्नीक आइए जानते हैं न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका शेरावत से।
डॉ. शेरावत ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्लीप हाइजीन टेक्नीक को लेकर कुछ आवश्यक बिंदू शेयर किए। इन्हें अपनाने से अनिद्रा की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। ये तकनीकें सिरदर्द और माइग्रेन से भी राहत दिलाती हैं।
चाय और कॉफी पीना अधिकांश लोगों को पसंद होता है, वे दिन में किसी भी समय और कितनी भी बार चाय और कॉफी का सेवन करते हैं। लेकिन अगर आपको अनिद्रा की शिकायत है तो आपको शाम 6 बजे बाद चाय या कॉफी पीने से बचना चाहिए। क्योंकि इससे आपकी नींद बाधित होती है।
इस भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के सोने और जागने दोनों का समय गड़बड़ा गया है। न ही सोने का समय निश्चित है और न ही जागने का। ऐसे में सर्कैडियन रिदम बिगड़ जाती है। इससे आपको सोने में परेशानी आती है। इसलिए सोने और जागने का समय निश्चित करें। इससे फिक्स टाइम पर आपको अपने आप नींद आने लगेगी। आपका शरीर उसी के अनुसार ढल जाएगा।
दिनभर के काम की थकान को दूर करने के लिए अधिकांश लोग रात में टीवी और मोबाइल देखते हैं। सोशल मीडिया पर समय बिताते हैं। लेकिन रील्स और वीडियो देखते हुए कितना समय निकल जाता है, लोगों को इसका अंदाजा ही नहीं लगता। वहीं आपका दिमाग भी एक्टिव रहता है, जिससे नींद बाधित होती है। इसलिए सोने से कम से कम 2 घंटे पहले आप सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइज से दूरी बना लें। सोने से पहले रीडिंग करें या फिर अपनी पसंदीदा एक्टिविटी में समय बिताएं।
सोने के समय पर अगर आप हाइपर एक्टिव हैं या बहुत ज्यादा जोर से बोल रहे हैं तो भी आपको अनिद्रा की शिकायत हो सकती है। दरअसल, इस स्थिति में आपका दिमाग सोने के लिए तैयार ही नहीं हो पाएगा। इसलिए सोने से पहले खुद को शांत रखें।
अगर आपको अनिद्रा की शिकायत बहुत ज्यादा है तो इसे दूर करने के लिए आप गर्म पानी से स्नान करें। इससे आपका शरीर और दिमाग दोनों रिलेक्स होंगे और आपको अच्छी व गहरी नींद आएगी।
अनिद्रा के लिए काफी हद तक खाने का गलत समय भी जिम्मेदार है। जब आप डिनर करते ही सोते हैं तो आपके शरीर और मस्तिष्क को आराम नहीं मिलता। आपको भारीपन महसूस होता है। ऐसे में आप चाहते हुए भी सो नहीं पाते।
वैसे तो मॉर्निंग वॉक आपकी सेहत के लिए सबसे अच्छी मानी जाती है। लेकिन अगर आपको अनिद्रा की शिकायत है तो आपको इवनिंग वॉक भी करनी चाहिए। शाम को 5.30 से 7.30 बजे के बीच की गई वॉक आपकी अनिद्रा की परेशानी दूर कर सकती है।