दिमाग को तेज बनाने के लिए जरूरी हैं ये 5 एक्टिविटी, इन्हें करें रूटीन में शामिल

उम्र बढ़ने के साथ-साथ आपका मस्तिष्क कमजोर होने लगता है। बातों को सोचने, समझने, तर्क देने की क्षमताएं कम होने लगती हैं। ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि आप अपनी मानसिक सेहत पर पूरा ध्यान दें।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : February 14, 2024 3:24 PM IST

आपके जीवन की सफलता काफी हद तक आपके माइंस पर निर्भर करती है। आपका दिमाग जितना तेज होगा, आपकी सफलता की गारंटी उतनी ही ज्यादा होगी। हालांकि उम्र बढ़ने के साथ-साथ आपका मस्तिष्क कमजोर होने लगता है। बातों को सोचने, समझने, तर्क देने की क्षमताएं कम होने लगती हैं। ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि आप अपनी मानसिक सेहत पर पूरा ध्यान दें। कुछ आसान कदम उठाकर आप अपने मस्तिष्क की बढ़ती उम्र और घटती क्षमताओं दोनों को कंट्रोल कर सकते हैं। कैसे होगा ये चमत्कार आइए जानते हैं।

नियमित व्यायाम है जरूरी

नियमित व्यायाम आपके शारीरिक और मानसिक सेहत के लिए जरूरी है। एक्सरसाइज करने से आपके मस्तिष्क में ब्लड फलो बढ़ता है, जिससे आपको सभी पोषक तत्व और ऑक्सीजन आसानी से मिल पाते हैं। एक्सरसाइज से नए न्यूराॅन्स का विकास तेजी से होता है, जो आपके मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं। विभिन्न अध्ययन बताते हैं कि नियमित रूप से वॉकिंग, जॉगिंग, स्विमिंग, साइकिलिंग, एरोबिक आदि से आपकी सोचने, तर्क करने, बदलाव को समझने आदि की क्षमताओं का विकास होता है। साथ ही याददाश्त कमजोर होना, अल्जाइमर, डिमेंशिया जैसे रोगों का जोखिम भी कम होता है।

काम की हैं माइंड एक्सरसाइज

शारीरिक व्यायाम के साथ ही अपने मस्तिष्क को भी व्यायाम करने की आदत डालें। माइंड एक्सरसाइज के जरिए अपने मस्तिष्क को चुनौतियां दें। इससे आपका ब्रेन एक्टिव बनेगा और उसकी क्षमताएं भी बढ़ेंगी। इसलिए आप नियमित रूप से वर्ग पहेली, शतरंज, सुडूको, अंतर खोजो, प्जल गेम आदि में समय बिताएं। इन सभी को अपने डेली रुटीन में शामिल करने से आपका दिमाग तेज होता है। आपकी याददाश्त बेहतर होती है और आपकी सोच का दायरा बढ़ता है। ये सभी माइंड एक्टिविटी आपके दिमाग को जवां रखती हैं।

पर्याप्त नींद के हैं कई फायदे

विभिन्न शोधों से यह साबित हुआ है कि स्वस्थ शरीर के लिए पर्याप्त नींद बहुत जरूरी है। पर्याप्त और गहरी नींद आपके मस्तिष्क को कई प्रक्रियाओं के लिए तैयार करने का काम करती है। गहरी नींद के दौरान मस्तिष्क कई प्रक्रियाओं से गुजरता है। यह यादों को मजबूत करके विषाक्त पदार्थों को शरीर से बाहर निकालता है। अगर आप पर्याप्त और अच्छी नींद नहीं ले पा रहे हैं तो कई बीमारियों के शिकार हो सकते हैं। आपकी याददाश्त कमजोर हो सकती है, आप मूड स्विंग, डिप्रेशन, एंग्जायटी के शिकार हो सकते हैं। इतना ही नहीं इसके कारण कई न्यूरोडीजेनेरेटिव बीमारियों का भी जोखिम बढ़ सकता है। यही कारण है कि डाॅक्टर प्रतिदिन आठ से नौ घंटे की गहरी नींद को जरूरी मानते हैं।

आहार पर दें पूरा ध्यान

आपके आहार और मस्तिष्क के बीच गहरा संबंध है। इसलिए डाइट में ऐसा आहार शामिल करें, जो आपके मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं। एंटीऑक्सिडेंट, ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन से भरपूर संतुलित आहार आपके मस्तिष्क को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाता है। इसके लिए आप वसायुक्त मछली, साबुत अनाज, ड्राई फ्रूट्स, कद्दू के बीज, अलसी, खरबूजे के बीज, ताजी सब्जियां व फल आदि को डाइट में शामिल करें। इसी के साथ दिमाग को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। हेल्दी डाइट आपके मस्तिष्क को रिलेक्स रखने के साथ ही फोकस भी बढ़ाएगी।

सामाजिक बनें, स्वस्थ रहें

आपके मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए यह जरूरी है कि आप शारीरिक और मानसिक व्यायामों के साथ ही सामाजिक स्तर पर भी एक्टिव बनें। आप चाहे इसे बहुत कम महत्व दें लेकिन शोध बताते हैं कि जो लोग अधिक सामाजिक होते हैं, उनका मस्तिष्क ज्यादा सेहतमंद रहता है। समाज के कार्यों में मदद करना, परिवार के साथ समय बिताना, दोस्तों के साथ आउटिंग या पार्टी आदि से आपको अकेलापन महसूस नहीं होता है। यह आपको मेंटली एक्टिव रखता है। इससे याददाश्त बढ़ती है और आप कई मानसिक रोगों से बचे रहते हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source