स्कैल्प में फोड़े क्यों होते हैं? डॉक्टर से जानें कारण और ठीक करने के उपाय

क्या आपकी स्कैल्प पर भी बहुत ही ज्यादा खुजली होती है और फिर फोड़े और खुरदरापन हो जाते हैं? अगर हां तो आइए डॉक्टर से जानें कि ऐसा क्यों होता है और इसे कैसे ठीक किया जा सकता है।

WrittenBy

Written By: Vidya Sharma | Published : June 11, 2026 11:24 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Radhika Raheja

Scalp Boils Hone Ka Reason: सिर की त्वचा यानी स्कैल्प में छोटे-छोटे दर्दनाक दाने, गांठ या फोड़े होना कई लोगों के लिए आम लेकिन परेशान करने वाली समस्या है। कई बार लोग इसे साधारण पिंपल समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि बार-बार होने वाले फोड़े किसी संक्रमण, त्वचा संबंधी बीमारी या गलत हेयर केयर आदतों का संकेत हो सकते हैं। इसके अन्य कारण और उपाय जानने के लिए हमने एशियन हॉस्पिटल, फरीदाबाद की कंसल्टेंट, त्वचा रोग एवं हेयर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉक्टर डॉक्टर राधिका रहेजा  से बात की।

डॉक्टर के अनुसार, स्कैल्प में फोड़े होने के पीछे बैक्टीरियल इंफेक्शन, फंगल संक्रमण, अत्यधिक तेल, पसीना, डैंड्रफ और बालों की जड़ों में सूजन जैसी कई वजहें हो सकती हैं। इसके अलावा उन्होंने हमें इस समस्या के इलाज और सावधानियों के बारे में बताया है। आइए हम एक्सपर्ट से विस्तार से जानते हैं कि स्कैल्प में फोड़े क्यों होते हैं?

स्कैल्प में फोड़े होने के प्रमुख कारण

बालों की जड़ों में संक्रमण

यह सबसे आम कारणों में से एक है। जब बालों की जड़ों में बैक्टीरिया, खासकर Staphylococcus बैक्टीरिया, संक्रमण पैदा कर देते हैं, तो लाल, दर्दनाक और मवाद-भरा दाना बन सकता है।

अत्यधिक तेल और पसीना

गर्मियों में ज्यादा पसीना आना, हेलमेट का लंबे समय तक इस्तेमाल या स्कैल्प का लगातार गीला रहना रोमछिद्रों को बंद कर सकता है। इससे बैक्टीरिया बढ़ते हैं और फोड़े हो सकते हैं।

डैंड्रफ और फंगल इंफेक्शन

डैंड्रफ के कारण स्कैल्प में खुजली और सूजन होती है। खुजलाने से त्वचा पर छोटे घाव बन जाते हैं, जिनमें संक्रमण होने का खतरा बढ़ जाता है।

गलत हेयर प्रोडक्ट्स

कुछ लोगों में हेयर जेल, स्प्रे, हेयर डाई या ऑयल से एलर्जी या जलन हो सकती है। इससे स्कैल्प में सूजन और दाने विकसित हो सकते हैं।

कमजोर इम्यूनिटी या डायबिटीज

जिन लोगों की प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर होती है या जिन्हें मधुमेह है, उनमें स्कैल्प संक्रमण का खतरा अधिक हो सकता है।

किन लक्षणों पर ध्यान दें?

  • दर्दनाक या स्पर्श करने पर संवेदनशील गांठ
  • लालिमा और सूजन
  • मवाद निकलना
  • खुजली या जलन
  • बुखार या सूजी हुई लिम्फ नोड्स (गंभीर संक्रमण में)

डॉक्टर क्या कहते हैं?

डॉक्टर राधिका रहेजा कहती हैं कि “स्कैल्प में बार-बार होने वाले फोड़े को केवल कॉस्मेटिक समस्या मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह फॉलिकुलाइटिस, फंगल इंफेक्शन या किसी अन्य त्वचा रोग का संकेत हो सकता है। यदि दाने दर्दनाक हों, मवाद निकल रहा हो या बार-बार लौट रहे हों तो त्वचा विशेषज्ञ से जांच कराना जरूरी है।”

रिपोर्ट क्या कहती है?

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की एक स्टडी के अनुसार फॉलिकुलिटिस एक आम त्वचा रोग है जिसमें आमतौर पर बालों के रोम छिद्र संक्रमित हो जाते हैं। हालांकि यह स्थिति आमतौर पर हानिरहित होती है, लेकिन समय पर पहचान होने से इस बीमारी से पीड़ित रोगियों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है। यह गतिविधि फॉलिकुलिटिस के मूल्यांकन और उपचार की समीक्षा करती है और इस स्थिति से पीड़ित रोगियों के मूल्यांकन और उपचार में अंतर-पेशेवर स्वास्थ्य देखभाल टीम की भूमिका पर प्रकाश डालती है।

कैसे ठीक करें?

स्कैल्प की सफाई रखें- माइल्ड मेडिकेटेड शैम्पू से नियमित सफाई करें। बहुत अधिक तेल लगाने से बचें।

फोड़े को न दबाएं- फोड़े को फोड़ने या दबाने से संक्रमण आसपास फैल सकता है और निशान भी पड़ सकते हैं।

गर्म सिकाई करें- हल्की गर्म सिकाई से दर्द कम हो सकता है और मवाद निकलने में मदद मिल सकती है।

डॉक्टर की सलाह पर दवा लें- बैक्टीरियल संक्रमण में एंटीबायोटिक क्रीम या दवाएं दी जा सकती हैं। फंगल इंफेक्शन में एंटिफंगल उपचार की जरूरत पड़ सकती है।

डैंड्रफ का उपचार करें-अगर डैंड्रफ अधिक है तो मेडिकेटेड एंटी-डैंड्रफ शैम्पू उपयोगी हो सकता है।

कब तुरंत डॉक्टर से मिलें?

  • फोड़ा बहुत बड़ा या बेहद दर्दनाक हो
  • बुखार आ रहा हो
  • एक साथ कई फोड़े निकल रहे हों
  • फोड़े बार-बार लौट रहे हों
  • मधुमेह या कमजोर इम्यूनिटी हो

बचाव कैसे करें?

  • स्कैल्प को साफ और सूखा रखें।
  • हेलमेट या टोपी को नियमित रूप से साफ करें।
  • दूसरों की कंघी, तौलिया या हेयर एक्सेसरीज़ साझा न करें।
  • डैंड्रफ और खुजली का समय पर इलाज कराएं।
  • संतुलित आहार और पर्याप्त पानी लें।

एक्सपर्ट के अनुसार, अधिकांश स्कैल्प फोड़े सही देखभाल और समय पर इलाज से ठीक हो जाते हैं। लेकिन बार-बार होने वाले फोड़े को नजरअंदाज करना उचित नहीं है, क्योंकि यह किसी छिपे हुए संक्रमण या स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है।

डिस्क्लेमर: अगर आपकी स्कैल्प पर भी फोड़े हो रहे हैं तो कोशिश करें बिना हेयर वॉश के ज्यादा दिन तक न रहें। साथ ही हेल्दी खाएं, दूसरों की कंघी का इस्तेमाल न करें और खुलजी होने पर नाखुनों से स्कैल्प को न खुजलाएं। इसके अलावा परेशानी ज्यादा बढ़ने पर डॉक्टर की सलाह लें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source