गर्मी में कौन-सा सनस्क्रीन लगाएं? जानें इंडियन स्किन के लिए सही SPF
सूरज की यूवी किरणों से त्वचा को बचाने के लिए सनस्क्रीन लगाना बहुत जरूरी है। लेकिन, सनस्क्रीन कितने एसपीएफ वाला लगाना चाहिए? आइए, स्किन एक्सपर्ट से जानते हैं-
गर्मियों में सबसे ज्यादा चेहरे पर असर पड़ता है। तेज धूप, पसीना, ह्यूमिडिटी और लगातार बढ़ते तापमान में स्किन को खास देखभाल की जरूरत होती है। ऐसे में UV Rays से स्किन को बचाने के लिए सनस्क्रीन एक बेहतरीन उपाय माना जाता है। सनस्क्रीन स्किन पर बैरियर की तरह काम करता है। यह त्वचा को सूरज की किरणों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकता है। लेकिन अक्सर लोग इस बात को लेकर कन्फ्यूज होते हैं कि स्किन के लिए कौन-सा सनस्क्रीन सही होता है? सनस्क्रीन में कितना SPF होना चाहिए?
इंडियन स्किन के लिए कितना SPF सनस्क्रीन सही है?
Marengo Asia Hospitals में सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका हेमराजानी बताती हैं कि इंडियन स्किन के लिए रोज के लिए एसपीएफ 30 ब्रॉड स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन अच्छा माना जाता है। यह सूरज की यूवीबी किरणों से लगभग 96 से 97 फीसदी सुरक्षा प्रदान करता है। लेकिन, अगर आप लंबे समय तक धूप में काम करते हैं या फील्ड वर्कर हैं, तो आपके लिए एसपीएफ 50 वाला सनस्क्रीन बेहतर माना जाता है।
स्किन टाइप के अनुसार सनस्क्रीन का चुनाव कैसे करें?
- हर व्यक्ति को स्किन टाइप के अनुसार ही सनस्क्रीन का चुनाव करना चाहिए।
- ऑयली स्किन के लिए जेल बेस्ड या मैट फिनिश सनस्क्रीन बेस्ट माना जाता है।
- ड्राई स्किन पर क्रीम बेस्ड सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है।
- अगर आपकी सेंसिटिव स्किन है, तो मिनरल बेस्ड सनस्क्रीन लगाना सही है।
अगर आपको अपनी स्किन टाइप के बारे में पता नहीं है, तो आप स्किन एक्सपर्ट की सलाह ले सकते हैं।
क्या घर के अंदर सनस्क्रीन लगाना चाहिए?
- अगर आप घर से बाहर जा रहे हैं, तो बाहर जाने से कम से कम 15-20 मिनट पहले सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना चाहिए।
- त्वचा को यूवीबी किरणों से बचाने के लिए हर 2 से 3 घंटे में सनस्क्रीन लगाना चाहिए।
- अगर पसीना ज्यादा आता है तो सनस्क्रीन को बार-बार लगाना चाहिए।
- घर पर खिड़की के पास बैठते हैं या दिन पर प्राकृतिक रोशनी के संपर्क में रहते हैं, तो सनस्क्रीन लगाना जरूरी है।
सनस्क्रीन लगाने के फायदे
सनस्क्रीन लगाने से सिर्फ यूवीबी किरणों से बचाव नहीं होता है। इससे त्वचा को कई लाभ भी मिलते हैं। जैसे-
- सनस्क्रीन लगाने से टैनिंग से बचाव होता है।
- रोजाना सनस्क्रीन लगाने से पिग्मेंटेशन भी कम होता है।
- अगर आप रोजाना सनस्क्रीन लगाएंगे तो इससे झुर्रियों को भी कम करने में मदद मिल सकती है।
Disclaimer: आपको भी त्वचा को धूप से सुरक्षित रखने के लिए सनस्क्रीन का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। खासकर, गर्मियों में सनस्क्रीन को लगाना बिल्कुल नहीं भूलना चाहिए। आपको अपनी स्किन टाइप के अनुसार सनस्क्रीन का यूज करना चाहिए। अगर आपको स्किन टाइप पता नहीं है, तो आप स्किन एक्सपर्ट से कंसल्ट करके सही सनस्क्रीन का चुनाव कर सकते हैं।