फ्रिजी और दो-मुंह वाले बालों को ठीक करने के लिए क्या लगाएं?
How To Take Care Of Frizzy Hair: क्या आपके बाल भी बहुत ही ज्यादा फ्रिजी और ड्राई हो गए हैं? अगर हां और आप उन्हें नेचुरल तरीके से सिल्की बनाना चाहते हैं तो एक्सपर्ट की बताई इन टिप्स को जरूर बचाएं।
इसमें कोई दो राय नहीं है कि कुछ महिलाएं बरसात के मौसम में अपनी स्कैल्प और बालों में फ्रिजीनेस महसूस करती हैं। इसका सबसे बड़ा कारण नमी है, जो बालों को रूखा, बिखरा और अनमैनेजेबल बना देती है। इस दौरान दो-मुंहे बालों की समस्या भी बढ़ सकती है। ऐसे में सिर्फ हेयर ऑयल या सीरम लगाना काफी नहीं होता है। बालों की देखभाल के साथ-साथ यह समझना भी बहुत ज्यादा जरूरी है कि नुकसान आखिर क्यों हो रहा है।
कई महिलाओं के मन में यह सवाल आता है कि आखिर इस समस्या को ठीक कैसे करें। यह जानने के लिए हमने स्किन और हेयर केयर एक्सपर्ट शहनाज हुसैन से बात की। उन्होंने बताया कि आप फ्रिज हेयर को काफी हद तक मैनेज कर सकते हैं, लेकिन एक बार बालों का सिरा दोमुंहा हो जाए तो उसे किसी तेल या घरेलू नुस्खे से दोबारा जोड़कर ठीक नहीं किया जा सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि ऐसे बालों पर क्या लगाना चाहिए और किन गलतियों से बचना जरूरी है।
कंडीशनर का इस्तेमाल है बहुत जरूरी
क्या आपको हेयर वॉश करने के बाद बाल बहुत ही ज्यादा ड्राई और फूले हुए लगते हैं? अगर हां, तो आज से ही शैम्पू के साथ कंडीशनर का इस्तेमाल करना भी शुरू कर दें। कंडीशनर बालों की सतह को चिकना करने, घर्षण कम करने और बालों को मुलायम बनाने में मदद करता है। बता दें कि कंडीशनर आमतौर पर स्कैल्प के बजाय बालों की लंबाई और सिरों पर लगाया जाता है।
सीरम का इस्तेमाल कब करें?
जिन महिलाओं और पुरुषों के बाल बहुत ज्यादा फ्रिजी हो गए हैं, वे अपने बालों में हल्का हेयर सीरम इस्तेमाल कर सकते हैं। यह बालों को कुछ समय तक मुलायम, चमकदार और कम फ्रिजी दिखाने में मदद कर सकता है। यह बालों की सतह पर एक स्मूद लेयर बनाने में मदद करता है, जिससे बाल कम उलझते हैं और कुछ हद तक फ्रिज फ्री भी दिखाई देता है। इस बात का खास ध्यान रखें कि सीरम को आमतौर पर स्कैल्प पर लगाने की जरूरत नहीं होती। इसे बालों की मिड-लेंथ और सिरों पर लगाने से फायदा मिलता है।
क्या दो मुंहे बालों पर तेल लगा सकते हैं?
एक्सपर्ट बताती हैं कि कई महिलाएं अपने स्प्लिट एंड्स को ठीक करने के लिए तेल का सहारा लेती हैं। जैसे नारियल तेल, आर्गन ऑयल या अन्य हल्के तेल, जो बालों को सिल्की और शाइनी बनाने में मदद कर सकते हैं। बता दें कि तेल बालों में प्रोटीन लॉस और फ्रिक्शन को कम करने में मदद कर सकता है। लेकिन एक्सपर्ट का यह भी कहना है कि तेल दोमुंहे बालों को स्थायी रूप से ठीक नहीं कर सकता। अगर बाल का सिरा पहले ही दो हिस्सों में फट चुका है, तो सबसे असरदार तरीका उस डैमेज हिस्से को ट्रिम करना है।
दोमुंहे बाल बार-बार हो रहे हैं तो यह गलती न करें
एक्सपर्ट के अनुसार, "अगर ट्रिम कराने के बाद भी कम समय में दोमुंहे बाल फिर से होने लगते हैं, तो सिर्फ हेयर प्रोडक्ट्स बदलना काफी नहीं है। बार-बार केमिकल ट्रीटमेंट, हेयर कलरिंग, ब्लीचिंग, गर्म टूल्स का इस्तेमाल और बालों को कसकर बांधना भी उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है।"
सही पोषण का रखें ध्यान
एक्सपर्ट ने यह भी बताया कि अन्य चीजों के साथ-साथ प्रोटीन और पोषक तत्व न मिलना भी हेयर क्वालिटी को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में आप बिना डॉक्टर की सलाह के बायोटिन, आयरन या किसी दूसरे सप्लीमेंट को लेना शुरू न करें। अगर हेयर फॉल, स्कैल्प में खुजली या अचानक बालों की बनावट में बदलाव अधिक महसूस हो रहा है, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना ही बेहतर है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य हेयर केयर जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। बालों की समस्या के कारण हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं। अगर अधिक हेयर फॉल, स्कैल्प में खुजली, घाव या अचानक हेयर क्वालिटी में बदलाव हो रहा है, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें। यह जानकारी किसी चिकित्सीय जांच या उपचार का विकल्प नहीं है।