hamburger icon
A
Read in English

मानसून में एलोवेरा जेल और मुल्तानी मिट्टी को एक साथ लगाने से क्या होता है? जानें इन दोनों को मिक्स करके लगाने के फायदे

मुल्तानी मिट्टी और एलोवेरा जेल दोनों ही स्किन के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। इन दोनों को मिक्स करके लगाने से त्वचा का निखार बढ़ सकता है। साथ ही, त्वचा पर नमी बनाए रखने में भी मदद मिलती है।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Updated : August 2, 2026 10:41 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Shahnaz Husain

Aloe Vera Gel and Multani Mitti for Face:  मानसून का मौसम आते ही हवा में नमी बढ़ जाती है और कई तरह की त्वचा संबंधी समस्याएं होनी शुरू हो जाती हैं। इस मौसम में चेहरा डल और बेजान नजर आने लगता है। चेहरे पर अचानक से मुंहासे या पिंपल्स निकल आते हैं। इतना ही नहीं, कई लोग मानसून में ऑयली स्किन या चिपचिपी स्किन से परेशान रहते हैं। ऐसे में लोग महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। महंगे फेशियल और स्किन केयर ट्रीटमेंट का सहारा लेते हैं। लेकिन, स्किन एंड हेयर केयर एक्सपर्ट शहनाज हुसैन का कहना है कि मानसून में एलोवेरा और मुल्तानी मिट्टी को मिक्स करके चेहरे पर लगाना काफी फायदेमंद होता है। इस कॉम्बिनेशन को मानसून के लिए काफी अच्छा माना जाता है।

मानसून में चेहरे पर एलोवेरा जेल और मुल्तानी मिट्टी लगाने के फायदे

मानसून में त्वचा चिपचिपी हो जाती है, ऐसे में मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है। आप मुल्तानी मिट्टी और एलोवेरा जेल को एक साथ मिलाकर लगा सकते हैं। इन दोनों को मिक्स करके लगाने से स्किन को कई लाभ मिल सकते हैं।

1. एक्स्ट्रा ऑयल और चिपचिपाहट दूर करे

शहनाज हुसैन बताती हैं कि मानसून में त्वचा पर सीबम ज्यादा बनने लगता है, जिससे त्वचा चिपचिपी हो जाती है। ऐसे में मुल्तानी मिट्टी और एलोवेरा जेल लगाना फायदेमंद हो सकता है। मुल्तानी मिट्टी पोर्स में छिपी गंदगी और एक्स्ट्रा ऑयल को बाहर निकालने में मदद करती है। वहीं, एलोवेरा जेल त्वचा को बिना ऑयली बनाए नमी प्रदान करता है और स्किन को हाइड्रेट रखने में मदद करता है।

glowing skin glowing skin

2. पिंपल्स और मुंहासों को कम करने में मदद

मानसून में चेहरे पर कील-मुंहासों की समस्या बढ़ जाती है। मानसून में नमी बढ़ने की वजह से बैक्टीरिया जल्दी पनपते हैं, जिससे चेहरे पर दाने होने लगते हैं। एलोवेरा जेल और मुल्तानी मिट्टी को मिलाकर लगाने से मुंहासों को कम करने में मदद मिल सकती है। शहनाज हुसैन बताती हैं कि एलोवेरा में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, त्वचा के मुंहासों की वजह से त्वचा पर होने वाली सूजन को कम कर सकते हैं। वहीं, मुल्तानी मिट्टी त्वचा की सूजन को शांत करती है और यह अतिरिक्त तेल कम करके मुंहासों के जोखिम को कम करने में मदद कर सकती है।

3. स्किन को मिलती है ठंडक और ताजगी

मानसून में काफी उमस बनी रहती है। उमस वाले इस मौसम में चेहरा अक्सर थका-थका और बेजान नजर आने लगता है। ऐसे में एलोवेरा जेल और मुल्तानी मिट्टी को मिक्स करके लगाया जा सकता है। एलोवेरा जेल की तासीर ठंडी होती है, इन दोनों को मिलाकर लगाने से त्वचा को ठंडक मिलती है और स्किन फ्रेश-फ्रेश फील होती है।

4. टैनिंग और दाग-धब्बों में राहत

अगर मानसून में भी टैनिंग रहती है या दाग-धब्बे हो जाते हैं, तो मुल्तानी मिट्टी और एलोवेरा जेल का पेस्ट लगाना फायदेमंद हो सकता है। शहनाज हुसैन बताती हैं कि एलोवेरा जेल में एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो टैनिंग और दाग-धब्बों को मिटाने में मदद करते हैं। नियमित रूप से एलोवेरा जेल और गुलाब जल को मिलाकर लगाने से टैनिंग और दाग-धब्बों को कम करने में मदद मिल सकती है।

multani mitti multani mitti

एलोवेरा जेल और मुल्तानी मिट्टी का फेस पैक कैसे बनाएं?

आप एक चम्मच मुल्तानी मिट्टी लें और इसमें एक चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं। आप इसमें गुलाब जल भी मिला सकते हैं। सभी को अच्छी तरह से मिक्स करें और फिर तैयार पेस्ट को चेहरे पर अप्लाई करें। जब पेस्ट हल्का गीला हो तो धीरे-धीरे मालिश करते हुए निकाल लें। और फिर नॉर्मल पानी से चेहरे को अच्छी तरह धोकर मॉइश्चराइज करें।

इन बातों का रखें ध्यान

  • पेस्ट को पूरी तरह न सूखने दें। मुल्तानी मिट्टी जब पूरी सूख जाती है, तो त्वचा की नेचुरल नमी छिन सकती है।
  • अगर स्किन ज्यादा ड्राई है, तो मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल न करें और चेहरा धोने के तुरंत बाद स्किन को मॉइश्चराइज करें।
  • इस पेस्ट को चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। इससे आपको पता चल जाएगा कि इससे एलर्जी है या नहीं।
  • सप्ताह में 1 से 2 बार इसका इस्तेमाल करें। मानसून में भी खिली-खिली, निखरी और ऑयल-फ्री स्किन मिलेगी।

Disclaimer: एलोवेरा जेल और मुल्तानी मिट्टी, दोनों ऐसे इंग्रीडिएंट्स हैं, जो स्किन के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। इन दोनों को मिक्स करके चेहरे पर लगाने से त्वचा को कई लाभ मिलते हैं। लेकिन, अगर आपके चेहरे पर ज्यादा फोड़े-फुंसियां या कोई त्वचा रोग है, तो एक्सपर्ट की सलाह पर ही इस पेस्ट का यूज करें।