hamburger icon
A
Read in English

हेड वाश करने के बाद भी स्कैल्प पर खुजली होने का क्या कारण है? एक्सपर्ट से जानें

क्या बारिश और उमस भरे मौसम में आपके साथ भी ऐसा हो रहा है कि हेड वॉश करने के बाद भी आपकी स्कैल्प चिपचिपी और खुजलीदार हो रही है? या रोजाना हेयर वॉश करना पड़ रहा है? आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि ऐसा क्यों हो रहा है।

WrittenBy

Written By: Vidya Sharma | Updated : July 13, 2026 12:34 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Shahnaz Husain

मानसून में सिर्फ स्किन ही नहीं, बल्कि बालों से जुड़ी कई समस्याएं बढ़ जाती हैं। इस मौसम में हफ्ते में सिर्फ एक दिन सिर धोना काफी नहीं होता है। उमस की वजह से कई महिलाएं व पुरुष हेड वॉश करने के बाद भी स्कैल्प पर खुजली की समस्या से परेशान रहते हैं। कई बार यह सिर्फ ड्राई स्कैल्प या ऑयली स्कैल्प नहीं, बल्कि डैंड्रफ, फंगल इंफेक्शन, एलर्जी या स्कैल्प की किसी बीमारी का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। लेकिन क्या इन्हें नॉर्मल समझना चाहिए?

स्किन और हेयर केयर एक्सपर्ट शहनाज हुसैन बताती हैं कि नहीं, यह परेशानी सामान्य नहीं है। स्कैल्प में लगातार होने वाली खुजली के पीछे कई कारण हो सकते हैं। कई बार इसका कारण स्कैल्प स्किन की अंदरूनी समस्या, गलत हेयर केयर रूटीन या किसी मेडिकल कंडीशन से जुड़ा होता है। इसके और भी कई कारण हैं, जिनके बारे में आज हम आपको इस लेख में बताने वाले हैं।

शैंपू स्कैल्प को जरूरत से ज्यादा ड्राई कर रहा है

जब स्कैल्प पर खुजली होती है तो उसको कम करने के लिए हेयर वॉश करते हैं। लेकिन उसके बाद भी अगर खुजली कम न हो तो इसका मतलब है कि समस्या आपके शैम्पू में है। एक्सपर्ट बताती हैं कि अक्सर लोग मानते हैं कि ज्यादा झाग बनाने वाला या स्ट्रॉन्ग शैंपू बालों को अच्छी तरह साफ कर सकता है। लेकिन लोग भूल जाते हैं कि कुछ शैंपू स्कैल्प का नेचुरल ऑयल भी हटा देते हैं। इससे स्कैल्प का प्रोटेक्टिव बैरियर कमजोर हो जाता है और स्किन सूखी, खिंचाव व खुजलीदार होने लगती है।

हेयर प्रोडक्ट से एलर्जी भी हो सकती है

कई बार हम मेहंगे हेयर केयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं, यह सोचकर कि शायद ये असर करेंगे। लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता है कि दूसरे व्यक्ति को सूट करने वाला प्रोडक्ट आपकी स्कैल्प को भी सूट करे। कई बार शैंपू, हेयर सीरम, हेयर डाई या हेयर स्प्रे में मौजूद फ्रेगरेंस, प्रिजर्वेटिव्स या केमिकल्स हमारी स्कैल्प के लिए सही नहीं होते हैं और एलर्जिक रिएक्शन दे सकते हैं।

अगर हेड वॉश के तुरंत बाद खुजली बढ़ रही है, स्कैल्प पर रेडनेस या जलन हो रही है, छोटे-छोटे दाने निकल रहे हैं या फिर कानों व गर्दन के आसपास भी खुजली होने लगी है तो ध्यान दें। ऐसी स्थिति में बिना सलाह के बार-बार प्रोडक्ट बदलने के बजाय डॉक्टर से सही कारण जानें।

सोरायसिस या एक्जिमा का संकेत

गर्मी और उमस के मौसम में स्कैल्प पर खुजली होती है, जिसे हम नॉर्मल समझ लेते हैं। लेकिन अगर कई हफ्तों से खुजली हो रही है और इसके साथ मोटी परत, लाल चकत्ते या त्वचा का छिलना भी हो रहा है, तो यह सिर्फ डैंड्रफ नहीं हो सकता। एक्सपर्ट के अनुसार स्कैल्प सोरायसिस और सेबोरिक डर्मेटाइटिस जैसी त्वचा संबंधी बीमारियों में भी यही लक्षण दिखाई देते हैं। इनके इलाज के लिए आप एक्सपर्ट की सलाह लें न कि नॉर्मल शैम्पू का इस्तेमाल करें।

एक्सपर्ट ने दी सलाह

शहनाज हुसैन कहती हैं कि अगर आपको हेड वॉश करने के बाद भी बार-बार खुजली हो रही है, तो शैंपू बदलने पर जोर देने से समाधान नहीं होगा। पहले यह समझना जरूरी है कि आखिर खुजली कम क्यों नहीं हो रही है। इसके पीछे ड्राई स्कैल्प, डैंड्रफ, एलर्जी, फंगल इंफेक्शन या कोई स्किन डिजीज भी हो सकती है। इसलिए खुद से इलाज करने से बेहतर है कि आप डर्मेटोलॉजिस्ट या फिर हेयर एक्सपर्ट को दिखाएं।

इन लक्षणों पर दें ध्यान

  • अगर आपको स्कैल्प पर खुजली 2–3 हफ्तों से ज्यादा समय से हो रही है
  • स्कैल्प से खून या पस निकल रहा है
  • स्कैल्प पर मोटी परत या पपड़ी बनने लगी है
  • बाल तेजी से झड़ने लगें हैं
  • या घरेलू उपाय या सामान्य शैंपू से कोई राहत न मिल रही है

ये लक्षण दिखने पर आप तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।

डिस्क्लेमर: स्कैल्प पर हल्की खुजली होना सामान्य है, लेकिन जब यह अधिक हो जाए कि खुजलाने पर जलन, खून आने या पपड़ी जमने जैसी दिक्कतें भी पैदा होती दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।