Advertisement

मानसून में बाल और त्वचा दोनों के लिए काफी फायदेमंद हैं ये 4 चीजें, आप भी कर सकते हैं इस्तेमाल

मानसून में ज्यादा नमी की वजह से त्वचा और बालों में चिपचिपापन बना रहता है। साथ ही, त्वचा डल और बेजान भी नजर आने लगती है। शहनाज हुसैन बताती हैं कि मानसून में आप इन 4 घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल कर सकते हैं, जो त्वचा और बाल दोनों के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।

Written By Anju Rawat
Published : August 3, 2026 1:51 PM IST

monsoon skin care

Monsoon Skin and Hair Care in Hindi: हर मौसम में त्वचा और बालों की प्रॉपर देखभाल करना जरूरी होता है। लेकिन, मानसून में बालों और त्वचा को अतिरिक्त देखभाल की जरूरत पड़ती है। दरअसल, इस मौसम में नमी बढ़ जाती है, पसीना और चिपचिपाहट भी बनी रहती है, इससे डैंड्रफ, हेयर फॉल और खुजली की समस्याएं ज्यादा होने लगती हैं। वहीं, त्वचा पर भी मुंहासों और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में स्किन एंड हेयर केयर एक्सपर्ट शहनाज हुसैन ने ऐसे 4 घरेलू नुस्खों के बारे में बताया है, जिन्हें आप बाल और त्वचा दोनों पर इस्तेमाल कर सकते हैं।

1. एलोवेरा जेल का यूज करें

शहनाज हुसैन बताती हैं कि एलोवेरा जेल बाल और त्वचा, दोनों के लिए फायदेमंद होता है। एलोवेरा जेल में एंटी-बैक्टीरियल और मॉइश्चराइजिंग गुण होते हैं, जो त्वचा को नमी प्रदान करते हैं और स्कैल्प को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं।

Advertisement

  • एलोवेरा जेल त्वचा को मॉइश्चराइज करता है और इसमें मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण मुंहासों के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है।
  • एलोवेरा जेल बालों को मुलायम और चमकदार बना सकता है। यह स्कैल्प की खुजली और रूसी को दूर करने में भी सहायक हो सकता है।
  • आप फ्रेश एलोवेरा जेल लें और इसे त्वचा और बालों पर अप्लाई करें। 20 से 25 मिनट बाद आप चेहरा और बालों को अच्छी तरह से नॉर्मल पानी से धो सकते हैं।

aloevera gel for skin and hair

2. नीम की पत्तियों का पेस्ट लगाएं

नीम की पत्तियां भी त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं। मानसून में फंगल और बैक्टीरियल इंफेक्शन से बचने के लिए नीम की पत्तियों का खूब उपयोग किया जाता है। नीम एक नेचुरल एंटीसेप्टिक है, यह घाव भरने और इंफेक्शन को बढ़ने से रोकने में मदद कर सकता है।

Advertisement

  • अगर मानसून में चेहरे पर कील-मुंहासे या रैशेज जैसी समस्याओं से परेशान हैं, तो नीम की पत्तियों का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है।
  • नीम की पत्तियां स्कैल्प इंफेक्शन, डैंड्रफ और खुजली जैसी समस्याओं से भी राहत दिलाती हैं।
  • इसके लिए आप नीम की पत्तियों का बारीक पेस्ट बना लें और इसे बालों, स्कैल्प और त्वचा पर लगाएं। 15 से 20 मिनट बाद साफ पानी से त्वचा और बालों को साफ कर लें।

3. दही का इस्तेमाल करें

दही सेहत के साथ ही त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। दही में लैक्टिक एसिड और गुड बैक्टीरिया होते हैं, जो मानसून में त्वचा और बालों को हेल्दी बनाए रखने में मदद करते हैं।

  • दही त्वचा को एक्सफोलिएट करने में मदद करता है। यह स्किन को सॉफ्ट और बेदाग बनाने में मदद करता है। यह त्वचा को नमी प्रदान करने में भी मदद कर सकता है।
  • दही बालों के रूखेपन को कम करने में मदद करती है। यह बेजान और उलझे हुए बालों के लिए नेचुरल कंडीशनर का काम कर सकती है।
  • आप दही को बालों और त्वचा पर सीधे तौर पर लगा सकते हैं। आधे घंटे बाद सिर और चेहरे को सादे पानी से साफ कर सकते हैं।

multani mitti for skin and hair

4. मुल्तानी मिट्टी का पेस्ट लगाएं

शहनाज हुसैन बताती हैं कि मानसून में मुल्तानी मिट्टी त्वचा और बाल, दोनों के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती है। मुल्तानी मिट्टी त्वचा और बालों से अतिरिक्त तेल को साफ करने में मदद करती है, इसे नेचुरल क्लींजर माना जाता है।

  • मुल्तानी मिट्टी त्वचा की चिपचिपाहट को दूर करने में मदद करती है। यह डेड स्किन सेल्स को हटाने में मदद करती है। साथ ही, पसीना और तेल को हटाकर त्वचा का निखार बढ़ा सकती है।
  • सिर्फ त्वचा ही नहीं, बालों पर भी मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल किया जा सकता है। आप मुल्तानी मिट्टी को दूध, एलोवेरा जेल या गुलाब जल के साथ मिलाकर चेहरे पर लगा सकते हैं।

Disclaimer: आप भी मानसून में इन घरेलू नुस्खों को त्वचा और बालों की सेहत में सुधार करने के लिए उपयोग में ला सकते हैं। ये घरेलू नुस्खे प्राकृतिक तरीके से त्वचा और बालों को लाभ पहुंचा सकते हैं। लेकिन, अगर आपको इनमें से किसी भी सामग्री से एलर्जी है, तो उसका इस्तेमाल करने से बचें या पहले पैच टेस्ट जरूर करें।