लैपटॉप और स्मार्टफोन की ब्लू लाइट से होता है त्वचा को नुकसान, वर्क फ्रॉम होम में ऐसे रखें अपनी स्किन का ख्याल

मोबाइल और लैपटॉप जैसी डिवाइसेस से निकलने वाली ब्लू लाइट आपकी स्किन को नुकसान पहुंचाती है। इस ब्लू लाइट से फोटो-एजिंग, स्किन में सूजन, हाइपरपिग्मेंटेशन और रिंकल्स जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

WrittenBy

Written By: Sadhna Tiwari | Updated : July 6, 2020 2:16 AM IST

Skin Care Tips : लॉकडाउन के दौरान लोग वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं। जिससे, उनका बहुत ज्यादा समय कम्प्यूटर और लैपटॉप के सामने गुज़र रहा है। इसके अलावा फोन और टेलीविजन के सामने भी लोग पहले से कहीं ज़्यादा समय बिता रहे हैं। भले ही इन सब डिवाइसेस से आपका काम आसान हो जाता है। लेकिन स्क्रीन के सामने इतनी देर रहने से आंखों और स्किन को नुकसान पहुंच सकता है। जी हां, इन डिवाइसेस से निकलने वाली ब्लू लाइट आपकी स्किन प्रॉब्लम्स को बढ़ा सकती हैं। (Skin Care Tips for people Working from Home)

कैसे पहुंचता है ब्लू लाइट से स्किन को नुकसान ?

डिवाइसेस से निकलनेवाली ब्लू लाइट (Blue Light) छोटी-छोटी तरंगें हैं, जो एक हाई एनर्जी लाइट हैं। ब्लू लाइट मोबाइल फोन, टेलीविजन, बल्ब, लैपटॉप, ट्यूब लाइट जैसी अन्य  डिजिटल डिवाइसेस से निकलती हैं। इस रोशनी के सम्पर्क में बहुत समय तक रहने से, सिरदर्द, आंखों में खिंचाव और  थकान जैसी परेशानियां महसूस हो सकती हैं। जैसा कि वर्क फ्रॉम होम में लोग लैपटॉप पर बहुत देर तक काम कर रहे हैं, तो ऐसे में यह रोशनी सीधे स्किन पर पड़ती है। इस ब्लू लाइट से फोटो-एजिंग, स्किन में सूजन, हाइपरपिग्मेंटेशन और रिंकल्स जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

वर्क फ्रॉम होम में ऐसे रखें स्किन का ख्याल (Skin Care Tips ):

इस्तेमाल करें ब्लू लाइट फिल्टर वाले चश्मे

डिवाइसेस पर बहुत अधिक समय बिताने वाले लोगों के लिए स्पेशल चश्में बाज़ार में उपलब्ध होते हैं।  इन चश्मो में विशेष प्रकार के लेंस लगे होते हैं, जो कम्प्यूटर से निकलने वाली ब्लू लाइट को फिल्टर करने का काम करते हैं। जिससे,  यह ब्लू लाइट आपकी आंखों तक सीधे नहीं पहुंचती और आंखों को सुरक्षित रखने में मदद होती है।

आंखों को दें ब्रेक

वर्क फ्रॉम होम करते समय लैपटॉप के सामने लगातार बैठे ना रहें। काम के बीच अपनी आंखों को बीच-बीच में थोड़ी देर का ब्रेक दें। ड्राई आईज़ की समस्या से बचने के लिए आंखों को पलकें झपकाने की एक्सरसाइज़ करें। इसी तरह हर आधे घंटे बाद अपनी आंखों को एक मिनट का ब्रेक दें।

लैपटॉप को रखें नाइट मोड पर

कम्प्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन में नाइट मोड ऑप्शन आपकी स्किन को नुकसान से बचाने में मददगार हो सकता है। इसीलिए, अपनी डिवाइसेस को नाइट मोड पर रखते हुए काम करें। दरअसल, नाइट मोड पर ब्लू लाइट पीली लाइट में तब्दील हो जाती है। जिससे, आंखों और त्वचा को कम नुकसान पहुंचता है।