
आशु कुमार दास
आशु कुमार दास एक अनुभवी हेल्थ कंटेंट स्पेशलिस्ट हैं। इन्हें हेल्थ कंटेंट राइटर के तौर पर काम करते हुए 6 ... Read More
Written By: Ashu Kumar Das | Published : May 11, 2026 8:22 AM IST
Medically Verified By:
चेहरे पर एक नहीं बल्कि विटामिन डी के कई लक्षण नजर आते हैं।
हमारी त्वचा सिर्फ शरीर की बाहरी परत नहीं होती, बल्कि यह अंदरूनी सेहत का भी हाल बताती है। जब हमारे शरीर में किसी पोषक तत्व की कमी हो जाती है तो उसका असर अंगों के साथ- साथ त्वचा पर भी नजर आता है। कुछ ऐसा ही विटामिन डी के साथ भी है। जब किसी व्यक्ति के शरीर में विटामिन डी की कमी हो जाती है तब लोग उसे कमजोरी, थकान या हड्डियों के दर्द से जोड़कर देखते हैं, लेकिन इसकी कमी के कुछ शुरुआती संकेत त्वचा पर भी दिखाई देते हैं। अगर त्वचा पर विटामिन डी की कमी को समय रहते पहचान लिया जाए तो गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। आइए डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. बीएल जांगिड़ से जानते हैं विटामिन डी की कमी के वो 5 संकेत जो त्वचा पर नजर आते हैं।
डॉ. बीएल जांगिड़ बताते हैं कि शरीर में विटामिन डी की कमी होने पर त्वचा अपनी नमी बनाए रखने की क्षमता खोने लगती है। इससे त्वचा पर रूखापन नजर आता है। त्वचा के ड्राई होने पर खुजलीदार और खुरदरी त्वचा होना आम माना जाता है। विटामिन डी के कारण त्वचा के ड्राई होने की समस्या हरे, हाथों और पैरों के तलवों में ज्यादा नजर आती है।
अगर आपकी त्वचा बार-बार फटने लगे, त्वचा पर किसी प्रकार की सफेद परत दिखने लगे या लगातार खुजली महसूस हो, तो यह विटामिन डी की कमी का संकेत हो सकता है।
विटामिन डी शरीर में नई कोशिकाओं के निर्माण और टिश्यू रिपेयर में मदद करता है। जब शरीर में विटामिन डी की कमी होती है तो छोटे- छोटे घाव, खरोंच को भी भरने में बहुत ज्यादा समय लगता है। अगर आपको लगता है कि आपकी त्वचा पर लगे घाव भरने में सामान्य से ज्यादा समय लग रहा है तो यह विटामिन डी की कमी का संकेत हो सकता है।
एक्ने के कारण त्वचा की रंगत खराब हो जाती है।
त्वचा पर होने वाले मुंहासों की समस्या को अक्सर लोग हार्मोनल बदलाव समझते हैं। लेकिन कुछ मामलों में विटामिन डी की कमी भी त्वचा में सूजन को बढ़ाते हैं। इससे भी मुंहासों की समस्या बढ़ने लगती है। स्किन केयर एक्सपर्ट बताते हैं कि विटामिन डी की कमी की वजह से त्वचा में ज्यादा तेल बनने लगता है, पोर्स बंद हो जाते हैं और बार-बार पिंपल्स निकलते हैं। ऐसी स्थिति में कोई घरेलू उपाय अपनाने की बजाय डॉक्टर से बात करनी चाहिए।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की वेबसाइट के अनुसार, विटामिन डी इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करता है। इसकी कमी होने पर त्वचा में सूजन संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसके कारण त्वचा पर लाल निशान, खुजलीदार और सूजन वाले पैच दिखाई देने लगते हैं। ये अक्सर कोहनी, हाथों और घुटनों के पीछे नजर आते हैं। बार-बार होने वाले एक्जिमा विटामिन डी की कमी के कारण होता है।
सोरायसिस की समस्या भी विटामिन डी की कमी से होती है।
सोरायसिस त्वचा से जुड़ी एक गंभीर बीमारी है। सोरायसिस के कारण त्वचा पर मोटे, लाल और खुजलीदार पैच बनने लगते हैं। यह समस्या सिर की त्वचा, कोहनी, घुटनों और कमर के आसपास ज्यादा दिखाई देती है और कई बार दर्द व जलन भी पैदा करती है। डॉक्टर के अनुसार, सोरायसिस की समस्या भी विटामिन डी की कमी के कारण होती है।
अगर आपकी त्वचा में ऊपर बताए गए लक्षण लगातार दिखाई दे रहे हैं, तो इस स्थिति में घरेलू उपायों को अपनाने की बजाय डॉक्टर की सलाह लेना बहुत जरूरी है। आपके शरीर में विटामिन डी की कमी न हो इसके लिए सुबह 15 मिनट धूप लें। रोजाना संतुलित आहार का सेवन करें और एक्टिव लाइफस्टाइल को जरूर अपनाएं। आपके शरीर में विटामिन डी की कमी न हो इसके लिए साल में 1 बार विटामिन डी का टेस्ट जरूर करवाएं।
Disclaimer: त्वचा हमारे शरीर की सेहत के बारे में बहुत कुछ बताती है। विटामिन डी की कमी सिर्फ हड्डियों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि यह त्वचा को भी प्रभावित करती है। रूखी त्वचा, देर से भरने वाले घाव, मुंहासे विटामिन डी की कमी का संकेत होते हैं। इस स्थिति में किसी प्रकार के घरेलू उपायों को अपनाने की बजाय डॉक्टर की सलाह लें।