
... Read More
Written By: Anshumala | Published : August 29, 2018 4:08 PM IST
घरेलू उपायों से गर्दन पर जमी मैल को करें दूर।© Shutterstock.
चेहरे को खूबसूरत बनाए रखने के लिए तो आप ढरों उपाय करते होंगे। महंगे-महंगे क्रीम और तरह-तरह के घरेलू फेस पैक लगाते होंगे, ताकि चेहरे की त्वचा हमेशा दमकती रहे, पर चेहरे के नीचे यानी गर्दन वाले भाग पर कितना ध्यान देते हैं आप? अक्सर कुछ महिलाओं और पुरुषों का चेहरा तो बिल्कुल साफ और खूबसूरत दिखता है, लेकिन गर्दन बिल्कुल काला रहता है।
इससे पहले कि आपको कोई टोक दे, जरा गर्दन की साफ-सफाई पर भी ध्यान दीजिए। चमकदार और ग्लो करता हुआ गर्दन भी आकर्षित लगता है। चेहरे को साफ कर रहे हैं और गर्दन पर जमी मैल को यूं ही छोड़ देते हैं, तो आपकी सुंदरता में यह दाग बन सकता है। जानिए किन उपायों से आप गर्दन के कालेपन को दूर कर सकते हैं।
नींबू का रस
नींबू जीवाणुरोधी हैं जो मुंहासे के इलाज में मदद कर सकता है। नींबू विटामिन सी और सिट्रिक एसिड से भरपूर होता है, इसलिए समय पर उपयोग किए जाने पर ये आपकी त्वचा को चमकाने और हल्का करने में सहायता कर सकता है। गर्दन का कालापन हटाने के लिए नहाने से पहले पांच या दस मिनट तक गर्दन पर नींबू का टुकड़ा रगड़ें। त्वचा नाजुक है तो आप इसमें गुलाब जल मिला लें। इसके लगातार प्रयोग से गर्दन पर जमी मैल से छुटकारा जरूर मिलेगा।
संतरे का छिलका
विटामिन सी सबसे ज्यादा संतरे में ही होता है। इसके छिलके को त्वचा के लिए वरदान माना गया है क्योंकि यह ब्लैकहेड, मृत कोशिकाओं, मुंहासे और धब्बों को दूर करने में मदद करता है। गर्दन बहुत काला है तो संतरे के छिलके में दूध मिलाएं। इसे मिक्सी में पीस कर पेस्ट तैयार करें। नहाने से पहले इस पेस्ट से रोजाना अपने गर्दन की मसाज करें। कुछ दिनों में आपको फर्क नजर आने लगेगा।
बेसन
त्वचा को कोमल और सुंदर बनाने में बेसन का इस्तेमाल भी काफी होता है। बेसन त्वचा की देखभाल के लिए एक अद्भुत घटक है। बेसन एक तरह से नेचुरल स्क्रबर है, जो डेड स्किन को हटाने में बहुत सहायक होता है। गर्दन का कालापन हटाने के लिए बेसन का इस्तेमाल पानी या दूध मिलाकर कर सकते हैं। यदि इसमें चुटकी भर हल्दी डाल दें, तो इसका प्रभाव और बढ़ जाएगा।
आलू का रस
आलू एंटीऑक्सिडेंट, महत्वपूर्ण खनिज और आवश्यक विटामिन से भरपूर होता है। आलू का छिलका, रस त्वचा की सेहत में काफी सुधार करता है। आलू में केटाकोलिस नाम का एंजाइम होता है। यह एंजाइम स्किन को ठंडक पहुंचाता है। गर्दन का कालापन दूर करने के लिए आप आलू का रस निकालकर नहाने से पहले अपनी गर्दन पर रगड़ें। बेहतर परिणाम के लिए आप आलू के रस में नींबू का रस भी मिला सकते हैं।
एलोवेरा जेल
इसका जेल त्वचा के लिए वरदान से कम नहीं। गर्दन का कालापन हटाने के लिए एलोवेरा का जेल निकालकर उससे गर्दन की मसाज करें। थोड़ी देर सूखने के लिए छोड़ दें। कुछ देर बाद धो लें। आपकी गर्दन साफ हो जाएगी।
केला
पोषक तत्वों से भरपूर केला त्वचा को मुक्त कणों से बचाते हैं। इसका इस्तेमाल आप अपनी गर्दन पर जमी मैल हटाने के लिए करें। केले का पेस्ट बनाएं। उसमें जैतून का तेल मिलाएं। इस मिश्रण को दस मिनट के लिए गर्दन पर लगाएं। धोने के बाद आपको असर साफ तौर पर दिखाई देगा।