
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : September 19, 2024 5:03 PM IST
Aloe Vera For Hair Growth: हर महिला की ख्वाहिश होती है कि उसके बाल लंबे, घने और काले हों। लेकिन गलत खानपान, खराब जीवनशैली, प्रदूषण और गलत प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल के कारण बाल कमजोर हो जाते हैं और काफी ज्यादा झड़ने लगते हैं। साथ ही, बालों की ग्रोथ भी रुक जाती है। ऐसे में, बालों को लंबा करने के लिए महिलाएं तरह-तरह के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करती हैं और महंगे हेयर ट्रीटमेंट्स भी करवाती हैं। लेकिन फिर भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिल पाता है। वहीं, मार्किट में मिलने वाले ज्यादातर प्रोडक्ट्स में हानिकारक केमिकल्स मौजूद होते हैं, जो बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में, बालों को लंबा करने के लिए कुछ घरेलू नुस्खों को आजमा सकती हैं। इन्हीं घरेलू उपायों में एलोवेरा भी शामिल है। जी हां, एलोवेरा हमारी सेहत के साथ-साथ बालों के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं, जो बालों को पोषण प्रदान करते हैं और उन्हें हाइड्रेटेड रखते हैं। यह स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर करता है, जिससे बालों के विकास को बढ़ावा मिलता है। इसके नियमित प्रयोग से बाल जड़ से मजबूत, लंबे और घने होते हैं। अगर आप लंबे और घने बाल पाना चाहते हैं, तो एलोवेरा में कुछ खास चीजों को मिलाकर लगा सकते हैं। तो आइए, जानते हैं बालों को लंबा करने के लिए कैसे करें एलोवेरा का इस्तेमाल (How To Use Aloe Vera For Hair Growth In Hindi)?
बालों को लंबा करने के लिए आप एलोवेरा और नारियल तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में 3-4 चम्मच नारियल का तेल लें। इसमें दो चम्मच एलोवेरा जेल डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अब इस मिश्रण को अपने स्कैल्प और बालों में लगाएं और हल्के हाथों से मसाज करें। इसे करीब 1 घंटे के लिए बालों में लगाकर छोड़ दें। उसके बाद किसी माइल्ड शैम्पू से बालों को धो लें। सप्ताह में 2 से 3 बार इसका इस्तेमाल करने से आपके बाल जल्दी लंबे और घने हो सकते हैं।
एलोवेरा का प्याज के रस का मिश्रण बालों की ग्रोथ के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। दरअसल, प्याज के रस में सल्फर होता है, जो बालों के विकास में मदद करता है। इसके लिए आप एक कटोरी में 2 चम्मच एलोवेरा जेल लें। इसमें 3-4 चम्मच प्याज का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इस मिश्रण को अपने स्कैल्प पर लगाएं और कुछ मिनट हल्के हाथों से मसाज करें। करीब 1 घंटे बाद बालों को किसी माइल्ड शैंपू की मदद से धो लें। आप सप्ताह में 1 से 2 बार इस मिश्रण को बालों में अप्लाई कर सकते हैं। इससे बालों की जड़ों में मजबूती आएगी और बाल तेजी से लंबे होने लगेंगे।