बाजार से लगवा रहीं हैं मेहंदी, तो पहले यह भी जान लें

मेहंदी में मिलाए गए कैमिकल से हो सकता है स्किन कैंसर का खतरा।

WrittenBy

Written By: Yogita Yadav | Published : August 7, 2018 5:05 PM IST

तीज के साथ ही त्‍योहारों की शुरुआत हो रही है। इस अवसर पर भला हाथ मेंहदी से क्‍यों न भरें। पहले जहां महिलाएं घर में ही मेहंदी तैयार कर एक दूसरे को लगाती थीं, वहीं अब ज्‍यादातर की निर्भरता बाजार में मेहंदी लगाने वालों पर ही बढ़ गई है। पर क्‍या आप जानती हैं कि यह सुंदर और आकर्षक डिजाइन की मेहंदी त्‍वचा के लिए कितनी घातक हो सकती है। दरअसल बाजार में मिलने वाली मेहंदी में कई तरह के रसायन मिले रहते हैं, जो पहले तो आपकी हाथों में मेहंदी के रंग को काफी गाढ़ा करते हैं, लेकिन उसके बाद यह आपकी त्‍वचा को उतना ही नुकसान पहुंचाते हैं।

मिले होते हैं खतरनाक रसायन

बाजारों में लगाई जाने वाली मेहंदी में पीपीडी और डायमीन नामक रसायन मौजूद होते हैं, जो त्वचा के संक्रमण का कारण बन जाते हैं। ताकि मेहंदी का रंग गाढ़ा हो, इसमें खतरनाक रसायन मिलाए जाते हैं। इस खतरनाक रसायन के कारण स्किन पर जलन, खुजली और सूजन हो सकती है।

हो सकता है कैंसर

जब यह खतरनाक रसायनों से तैयार मेहंदी सूर्य की किरणों के संपर्क में आती हैं तो इससे कैंसर होने का खतरा हो सकता है। इसमें पीपीडी ही नहीं बल्कि अमोनिया, आक्सीडेटिन, हाइड्रोजन जैसे कई और खतरनाक रसायन मिले रहते हैं, जो स्किन के लिए काफी खतरनाक माने जाते है। मेहंदी में होने वाले पीएच एसिड सबसे ज्यादा नुकसानदेय होता है।

हर्बल मेहंदी सबसे बेहतर

इन दिनों बाजार में मिलने वाली मेहंदी को पहचानना काफी मुश्किल हो गया है। इसलिए आप कोशिश करें कि प्राकृतिक पत्तों से बनी मेहंदी का ही इस्तेमाल करें। हर्बल मेहंदी न सिर्फ हाथों को सुंदर बनाती है, बल्कि इससे त्‍वचा को ठंडक भी मिलती है। इसे बालों पर लगाना भी लाभदायक होता है।

ऐसे करें बचाव

ध्यान रखें कि मेहंदी लगाने के बाद अगर आपके शरीर के हिस्सों पर छाले पड़ जाएं या कोई अन्य नुकसान हो, तो उसे ठंडे पानी से धो लें। ऐसा करने के बाद उस पर नारियल का लेप लगा लें और उससे शरीर के उस हिस्से की अच्छी तरह से मालिश करें, जहां इस तरह की तकलीफ हो।

क्‍या कहते हैं विशेषज्ञ

डॉक्टरों के मुताबिक मेहंदी लगाते समय यह पता नहीं चलता कि यह आपको कितना नुकसान पहुंचा रही है, लेकिन इससे होने वाले खतरे के बारे में आपको कुछ समय बाद पता चलता है। इससे आपको कैंसर जैसी घातक बीमारी भी हो सकती है। हर्बल और नेचुरल मेहंदी पर भी पूरी तरह से भरोसा नहीं किया जा सकता।

चित्रस्रोत-Shutterstock.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.