प्रेग्नेंसी में स्किनकेयर करते समय इन बातों का रखें ध्यान, जानें कौन-से प्रोडक्ट्स यूज करें और कौन-से नहीं?
प्रेग्नेंसी के दौरान प्रॉपर स्किनकेयर करना जरूरी है। लेकिन, इस दौरान आपको कुछ खास प्रोडक्ट्स का ही इस्तेमाल करना चाहिए। वहीं, केमिकल बेस्ड प्रोडक्ट्स का यूज नहीं करना चाहिए।
प्रेग्नेंसी के दौरान सिर्फ शारीरिक या मानसिक बदलाव ही नहीं आते हैं। बल्कि, इस दौरान त्वचा से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ जाती हैं। प्रेग्नेंसी के दौरान मेलाज्मा, दाग-धब्बों और मुंहासों की समस्याएं ज्यादा होने लगती हैं। ऐसे में अक्सर महिलाएं तरह-तरह के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना शुरू कर देती हैं। जबकि, प्रेग्नेंसी में जिस तरह से खान-पान का चुनाव सोच-समझकर करना जरूरी होता है, उसी तरह स्किनकेयर प्रोडक्ट्स भी सही से चुनना जरूरी है। क्योंकि कई ऐसे प्रोडक्ट्स होते हैं, जो स्किन के साथ ही मां और बच्चे की सेहत को भी प्रभावित करते हैं। इसलिए आइए, Regency Health, कानपुर के एसोसिएट कंसल्टेंट-डर्मेटोलॉजी डॉ. पवन सिंह से जानते हैं कि प्रेग्नेंसी में कौन-से प्रोडक्ट्स यूज करें और कौन-से नहीं?
1. रेटिनॉल का यूज करने से बचें
प्रेग्नेंसी के दौरान दाग-धब्बों, मेलाज्मा और एंटी-एजिंग के लक्षणों से छुटकारा पाने के लिए महिलाएं रेटिनॉल का यूज करती हैं। जबकि, प्रेग्नेंसी के दौरान रेटिनॉल का यूज करने से बचना चाहिए। रेटिनॉलके साथ ही, ट्रेटिनॉयन और एडाप्लेन जैसे तत्वों वाले प्रोडक्ट्स का यूज करने से भी बचें। ये तत्व बच्चे के विकास को प्रभावित कर सकते हैं और इससे बच्चे की सेहत पर असर पड़ सकता है।
2. स्किन ब्राइटनिंग एजेंट्स का यूज न करें
प्रेग्नेंसी के दौरान कई महिलाएं मेलाज्मा कम करने के लिए ब्राइटनिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करती हैं। जबकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स प्रेग्नेंसी के दौरान इसका यूज करने से बिल्कुल मना करते हैं। दरअसल, यह तत्व पूरी तरह से स्किन में एब्जॉर्ब हो जाता है, इससे प्रेग्नेंसी के दौरान जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। यानी स्किन ब्राइटनिंग एजेंट्स वाले प्रोडक्ट्स प्रेग्नेंसी के दौरान सुरक्षित नहीं माने जाते हैं।
3. ऑक्सीबेंजोंन और अवॉबेंजोन सनस्क्रीन
त्वचा रोग विशेषज्ञ ऑक्सीबेंजोंन और अवॉबेंजोन सनस्क्रीन का इस्तेमाल करने से भी मना करते हैं। ये केमिकल त्वचा को सुरक्षित पहुंचाते हैं लेकिन सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए प्रेग्नेंसी के दौरान इन सनस्क्रीन का यूज करने से बचना चाहिए।
इनके अलावा, ज्यादा मात्रा वाले सैलिसिलिक एसिड प्रोडक्ट्स भी इस्तेमाल नहीं करने चाहिए।
कौन-से प्रोडक्ट्स यूज करना सेफ है?
- प्रेग्नेंसी के दौरान एजेलिक एसिड और नियासिनमाइड वाले प्रोडक्ट्स यूज करना सुरक्षित माना जाता है।
- 2 प्रतिशित से कम सैलिसिलिक एसिड वाले फेस क्लींजर का प्रेग्नेंसी के दौरान यूज किया जा सकता है।
- प्रेग्नेंसी में मिनरल सनस्क्रीन लगाना अच्छा माना जाता है। ये त्वचा को यूवी किरणों से बचाती हैं।
- सेरामाइड्स, हाइलूरोनिक एसिड और विटामिन सी वाले प्रोडक्ट्स का यूज करें।
Disclaimer: अगर आप प्रेग्नेंट हैं, तो अपने खान-पान के साथ ही स्किनकेयर प्रोडक्ट्स भी जरूर ध्यान दें। आप कौन-से प्रोडक्ट्स यूज कर रही हैं, इसका आपके और बच्चे की सेहत पर असर पड़ सकता है। आप चाहें तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से कंसल्ट करके अपनी स्किनटाइप के अनुसार प्रोडक्ट ले सकती हैं।