hamburger icon
A
Read in English

मानसून में बालों की देखभाल कैसे करनी चाहिए? कौन से 5 घरेलू उपाय हो सकते हैं असरदार

मानसून में सेहत और त्वचा के साथ-साथ बालों की देखभाल करना भी जरूरी है। इस मौसम में स्कैल्प और बालों को हेल्दी बनाए रखने के लिए आपको महंगे प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं है। आप सिर्फ कुछ घरेलू उपायों की मदद से ही बालों को स्वस्थ बनाए रख सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : July 9, 2026 4:03 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Shahnaz Husain

बारिश के मौसम में सिर्फ सेहत या त्वचा ही नहीं, बाल-स्कैल्प भी प्रभावित होते हैं। इस मौसम में नमी और उमस बढ़ने की वजह से बाल चिपचिपे हो जाते हैं और स्कैल्प से जुड़ी समस्याएं भी होने लगती हैं। इस मौसम में स्कैल्प पर फंगल इंफेक्शन होना और हेयर फॉल जैसी समस्याएं बेहद आम हैं। इसके लिए ज्यादातर लोग महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, आप चाहें तो मानसून में बालों की देखभाल के लिए कुछ घरेलू उपायों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। आइए, स्किन एंड हेयर केयर एक्सपर्ट शहनाज हुसैन से जानते हैं कि मानसून में बालों पर क्या लगाना चाहिए, जिससे संक्रमण से बचाव हो सकते है और हेयर फॉल कंट्रोल में रहे।

1. नारियल तेल से मालिश करें

कई लोग मानसून में बालों पर तेल लगाना पसंद नहीं करते हैं। उन्हें लगता है कि इससे बाल चिपचिपे हो सकते हैं। लेकिन, आपको इस मौसम में भी बालों और स्कैल्प पर तेल जरूर लगाना चाहिए। आप गुनगुने नारियल तेल से स्कैल्प की मसाज कर सकते हैं। इससे स्कैल्प को नमी मिलती है और बालों की जड़ें मजबूत बनती हैं। इससे बारिश के मौसम में होने वाले हेयर फॉल को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, नारियल का तेल बालों के झड़ने का इलाज नहीं है। यह सिर्फ बालों को मजबूत बना सकता है।

2. दही और एलोवेरा पैक लगाएं

दही सिर्फ सेहत और त्वचा के लिए नहीं, बालों के लिए भी फायदेमंद होता है। दही स्कैल्प को ठंडक पहुंचाता है और इससे बालों के रूखेपन को कम करने में मदद मिलती है। इसके लिए आप एक कटोरी में दही लें और इसमें एलोवेरा जेल मिलाएं। इस पैक को बालों-स्कैल्प पर अच्छी तरह लगाएं। 20 मिनट बाद बालों को माइल्ड शैंपू से धो लें। इससे बाल मुलायम बन सकते हैं और स्कैल्प भी हेल्दी रह सकता है।

3. नीम का पैक लगाएं

मानसून के मौसम में आप नीम का हेयर पैक भी इस्तेमाल कर सकते हैं। नीम में एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो स्कैल्प को हेल्दी बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। नीम का हेयर पैक स्कैल्प इंफेक्शन से बचाव कर सकता है। इससे बालों को भी मजबूती मिल सकती है और हेयर फॉल कंट्रोल हो सकता है। इसके लिए आप नीम की पत्तियों को बारीक पीस लें और इसके पेस्ट को स्कैल्प पर अप्लाई करें। आधे घंटे बाद सिर को माइल्ड शैंपू से धो लें। इससे मानसून में होने वाली बालों और स्कैल्प से जुड़ी समस्याओं से बचाव में मदद मिल सकती है। लेकिन, फंगल इंफेक्शन के इलाज के लिए सिर्फ घरेलू उपायों पर निर्भर रहना सही नहीं है।

4. मेथी का पेस्ट इस्तेमाल करें

बारिश के मौसम में बालों पर मेथी का पेस्ट लगाना फायदेमंद हो सकता है। मेथी के बीजों को पीसकर लगाने से स्कैल्प हेल्थ में सुधार होता है और बालों से जुड़ी समस्याएं भी दूर हो सकती हैं। इसके लिए आप मेथी को रातभर भिगोकर रखें। सुबह इन बीजों को बारीक पीसकर पेस्ट बना लें। इसे स्कैल्प पर लगाएं और आधे घंटे के लिए छोड़ दें। मेथी में प्रोटीन और निकोटिनिक एसिड होते हैं, जो बालों को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं।

5. एलोवेरा जेल लगाएं

बारिश के मौसम में आप बालों पर एलोवेरा जेल लगा सकते हैं। एलोवेरा जेल में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी फंगल और नमी प्रदान करने वाले गुण होते हैं। स्कैल्प और बालों पर एलोवेरा जेल लगाने से डैंड्रफ और फंगल इंफेक्शन से बचाव में मदद मिल सकती है। एलोवेरा जेल बालों को नमी प्रदान करके, इन्हें मुलायम और चमकदार भी बनाता है।

Disclaimer: बालों को हेल्दी बनाए रखने के लिए इन घरेलू उपायों का इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन, उन्हें सिर्फ घरेलू उपायों के तौर पर ही इस्तेमाल करें। ध्यान रहे कि ये बालों या स्कैल्प से जुड़ी की समस्या का इलाज नहीं है। इसलिए अगर फंगल संक्रमण का लक्षण दिखे या बाल तेजी से झड रहे हो, इन स्थितियों में त्वचा रोग विशेषज्ञ से मिलें।