सनबर्न से क्या डरना, आजमाएं ये खास टिप्स और निकलें घर से बेफ्रिक होकर

सनबर्न से त्वचा कैसे रहेगी सुरक्षित बता रही हैं कंसल्टेंट डर्मटोलॉजिस्ट डॉ. वंदना पंजाबी।

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Updated : April 20, 2018 1:09 PM IST

गर्मी के दिनों में सबसे ज्यादा असर हमारी त्वचा पर पड़ता है। सूर्य की हानिकारक किरणों के संपर्क में आते ही त्वचा टैन होने लगती है। त्वचा का रंग काला पड़ने लगता है। साथ ही त्वचा रूखी और बेजाना भी हो जाती है। जिनकी त्वचा अधिक संवेदनशील होती है, वे घर से निकलने में सौ बार सोचते हैं, पर चिंता या डरने की कोई बात नहीं। कुछ आसान से उपाय आजमा करके देखें और बेफिक्र होकर घर से बाहर निकलें। नानावती सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की जानी-मानी कंसल्टेंट डर्मटोलॉजिस्ट डॉ. वंदना पंजाबी बता रही हैं कुछ आसान से तरीके, जिसके जरिए आप अपनी त्वचा को सनबर्न से बचा सकते हैं।

  • गर्मी के दिनों में घर से बाहर निकलने से 30 मिनट पहले यूवीए और यूवीबी किरणों से बचाए रखने वाली क्रीम का इस्तेमाल करें।
  • इस बात का ध्यान जरूर रखें कि आप जो भी क्रीम लगाते हैं, वह आपकी त्वचा पर नकारात्मक असर न करे। इसके लिए आप चाहें, तो किसी अच्छे डर्मटोलॉजिस्ट से संपर्क कर लें। जिस भी क्रीम का इस्तेमाल करें, वह आपकी स्किन टाइप के अनुकूल हो।
  • त्वचा संवदेनशील है, मुंहासे अधिक होते हैं, त्वचा पर कुछ भी लगाने से रैशेज हो जाते हैं, तो विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ऑयली स्किन वालों को या जिन्हें मुंहासे होते हैं, उन्हें ऑयल फ्री और नॉन-कॉमेडोजेनिक क्रीम का इस्तेमाल करना चाहिए।
  • सनब्लॉक त्वचा के हर उस हिस्से में लगाएं, जो आमतौर पर ढकी नहीं होती हैं जैसे कान, आंखों के आसपास, गर्दन।
  • जब भी घर से बाहर धूप में निकलें, तो हैट, टोपी, स्नग्लासेज पहन लें। पूरी बाजू के कपड़े और जूते पहनने की कोशिश करें।
  • होंठों पर लिप गार्ड लगाना हो, तो एसपीएफ30+ सनब्लॉक का इस्तेमाल करें। इससे होंठ काले नहीं पड़ेंगे। रात में सोने से पहले एलोवेरा जेल होंठों पर लगाएं। इससे होंठों की नमी बरकरार रहेगी।
  • स्विमिंग करते हैं, तो 45 मिनट के बाद दोबारा से त्वचा पर सनब्लॉक अप्लाई करें। उसके बाद 15 मिनट तक रुकें, ताकि क्रीम अच्छी तरह से त्वचा में एब्जॉर्ब हो जाए। उसके बाद ही फिर से पानी में जाएं।
  • गर्मी के दिनों में जितना ज्यादा आप ताजे, मौसमी फल एवं सब्जियों जैसे संतरा, टमाटर, स्ट्रॉबेरीज, शिमला मिर्च, खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा आदि का सेवन करेंगे, उतना ही त्वचा के लिए फायदेमंद होगा। ये सभी फल व सब्जियां एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर होते हैं, जो फ्री रैडिकल्स को दूर करके, हमें अंदर से सूरज की हानिकारक किरणों से बचाए रखने के लिए सुरक्षा प्रदान करते हैं।

यूं चुनाव करें अपने लिए सही सनब्लॉक-

  • लोकल सनब्लॉक की बजाय किसी अच्छी कंपनी का ही सनब्लॉक खरीदें।
  • जिनकी त्वचा ऑयली है या जिन्हें मुंहासे अधिक होते हैं, वे ऑयल-फ्री सनब्लॉक ही खरीदें।
  • संवेदनशील त्वचा वाले लोगों को हाइपोएलर्जेनिक सनब्लॉक ही खरीदना चाहिए।
  • जिनके चेहरे पर मुंहासे से होने वाले दाग-धब्बे हैं, उन्हें टिंटेड सनब्लॉक का ही इस्तेमाल करना चाहिए। यह न सिर्फ त्वचा से इन दाग-धब्बों को छिपाते हैं, बल्कि सूरज की हानिकारक किरणों से भी बचाते हैं।
  • सभी सनस्क्रीन्स डर्मटोलॉजिकली टेस्ट किए गए हों, साथ ही गर्मियों के दिनों में ये वाटर रेसिस्टेंट युक्त भी हों।

Read this in English.

अनुवादक: Anshumala.

चित्रस्रोत: Shutterstock  Images.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source