
विद्या शर्मा
विद्या शर्मा को डिजिटल मीडिया में लगभग 3 साल का अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता ... Read More
Written By: Vidya Sharma | Published : May 16, 2026 4:42 PM IST
Medically Verified By: Shahnaz Husain
बालों के लिए मेहंदी
Garmi Mai Hair Care Kaise Kare: गर्मियों में बालों से जुड़ी सबसे बड़ी परेशानी यही होती है कि पसीने और धूल-मिट्टी की वजह से हमारी स्कैल्प और बाल बहुत ही ज्यादा चिपचिपे, ऑयली और बेजान हो जाते हैं। ऐसे में हम कभी अपने शैम्पू बदलते हैं तो कभी पार्लर जाकर हेयर ट्रीटमेंट लेते हैं। लेकिन एक ऐसी नेचुरल सामग्री है जो आपको बहुत ही सस्ते में मिल जाएगी और बालों व स्कैल्प की हेल्थ को भी सुधारने में मदद करेगी। हम बात कर रहे हैं हिना यानी कि मेहंदी की।
स्किन और हेयर एक्सपर्ट शहनाज हुसैन बताती हैं कि हिना के मुख्य फायदों में से एक यह है कि यह बालों के लिए एक बेहतरीन कंडीशनर है, जिसमें बालों को बचाने और उन्हें ठीक करने की शक्ति होती है। दूसरे शब्दों में, हिना का इस्तेमाल खराब हो चुके बालों को फिर से स्वस्थ बनाने और स्कैल्प के नेचुरल एसिड-अल्कलाइन संतुलन को बनाए रखने के लिए किया जा सकता है। एक्सपर्ट हेल्दी हेयर और स्कैल्प पाने के लिए मेहंदी को इस्तेमाल करने के कुछ तरीके बताते हैं। आइए आपको भी बताते हैं।
हिना से बालों को मजबूती, मोटाई और घनापन मिलता है। यह एक पावरफुल नेचुरल क्लींजर की तरह काम करती है। यह बालों को स्वस्थ, साफ, चमकदार और संभालने में आसान बनाती है। हिना इस्तेमाल करने का एक सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह सेफ है, और इसमें किसी भी तरह के केमिकल का इस्तेमाल नहीं किया जाता है।
इस बात का ध्यान रखें कि आप जिस हिना पाउडर का इस्तेमाल कर रहे हैं वो अच्छी क्वालिटी का होना चाहिए। इसका रंग हल्का हरा होना चाहिए। बहुत से लोग हिना इस्तेमाल करने से हिचकिचाते हैं, यह सोचकर कि इससे उनके बाल रूखे हो जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं है।
हिना के पेस्ट में दही और अंडे जैसी चीजें मिलाने से रूखापन दूर होता है, क्योंकि ये दोनों ही बालों के लिए पौष्टिक होते हैं। अगर बाल रूखे हैं, तो हिना के पेस्ट में तेल भी मिलाया जा सकता है। साथ ही, हिना को शैम्पू के बजाय सादे पानी से धोएं, क्योंकि हिना में पहले से ही बालों को साफ करने की जबरदस्त शक्ति होती है।
आपको कितनी हिना पाउडर की जरूरत पड़ेगी, यह आपके बालों की लंबाई पर निर्भर करता है। हिना पाउडर में 2 कच्चे अंडे, 4 चम्मच नींबू का रस, 4 चम्मच कॉफी पाउडर और जरूरत के हिसाब से दही मिलाएं, और इन सबको मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट बना लें। ध्यान रखें की पेस्ट की कंसिस्टेंसी टूथपेस्ट जैसी थिक होनी चाहिए। रूखे बालों के लिए, इसमें 2 चम्मच तेल मिलाएं। अगर आप अंडे नहीं डालना चाहते, तो पेस्ट को गाढ़ा बनाने के लिए उसमें और ज्यादा दही मिला लें।
अगर आप अपने सफेद बालों को कलर करना चाहते हैं, तो हिना के पेस्ट में दही न मिलाएं। ऐसा माना जाता है कि आंवला बालों को सफेद होने से रोकता है। इसलिए, आप हिना पाउडर में आंवला मिला सकते हैं। इसके लिए आप मुट्ठी भर सूखे आंवले को लगभग 2 से 3 कप पानी में रात भर भिगोकर रखें। अगली सुबह, पानी को छान लें, लेकिन उस पानी को फेंकें नहीं। आंवले को पीस लें।
मेहंदी पाउडर में पिसा हुआ आंवला, 4 चम्मच नींबू का रस और कॉफी, 2 कच्चे अंडे, 2 चम्मच तेल और जरूरत के हिसाब से आंवले का पानी डालकर एक गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को दो से तीन घंटे के लिए रख दें और फिर बालों पर लगाएं, ताकि पूरा सिर ढक जाए। इसे कम से कम दो घंटे तक लगा रहने दें और फिर सादे पानी से धो लें।
मेहंदी लगाते समय रबर के दस्ताने पहनें और अपने कंधों पर एक तौलिया डाल लें। बालों को अलग-अलग हिस्सों में बांटने के लिए एक पूंछ वाली कंघी का इस्तेमाल करें। मेहंदी को हर हिस्से के दोनों तरफ लगाएं और उसे सिर के चारों ओर लपेटते जाएं, जब तक कि पूरे बाल ढक न जाएं। इसके ऊपर एक प्लास्टिक की शावर कैप पहन लें।
डिस्क्लेमर- देखें अगर आप नेचुरल तरीके से अपने बालों को हेल्दी रखना चाहते हैं तो हिना का इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन इस बात का भी ध्यान रखें कि नेचुरल होने के बावजूद कुछ चीजें हमारी स्किन पर सूट नहीं कर पाती हैं। इसलिए नुस्खा इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें ताकि बाद में कोई पेरशानी न हो।