पैरों से आती है बदबू, तो आजमा कर देखें ये आसान से नुस्खे

देर तक जूते पहने रहने से गर्मी और नमी के कारण पैरों में बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। इससे पैरों से बदबू आने लगती है।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Updated : April 25, 2018 4:49 PM IST

गर्मी के मौसम में अक्सर कुछ लोगों के पैरों में बहुत ज्यादा पसीना आता है। इससे देर तक जूता पहने रहने से बदबू आने की समस्या बढ़ जाती है। अब करें तो क्या करें? ऑफिस तो बिना जूतों के जा नहीं सकते। ऐसे में बदबू को दूर करने के लिए कुछ तो उपाय करना होगा, ताकि आप अपने ऑफिस के कलीग्स के बीच शर्मिंदा होने से बच जाएं। डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. रिद्धि आर्य ने बताए कुछ आसान से टिप्स, जिन्हें अपनाकर आप इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।

क्यों आती है पैरों से बदबू

अधिक पसीना और देर तक जूते पहने रहने से गर्मी और नमी के कारण पैरों में बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। इससे पैरों से बदबू आने लगती है। कई बार यह स्थिति बेहद ही शर्मनाक होती है। अगर आपको भी इस परेशानी का सामना करना पड़ता है और लोग आपके पास बैठने से कतराते हैं, तो घबराइए नहीं। इस समस्या से निजात पाना अब कोई मुश्किल काम नहीं हैं।

सेंधा नमक का पानी

नमक आपकी त्वचा से अत्यधिक नमी को सोखने और त्वचा की सतह से बैक्टीरिया को कम करने में मदद करता है। एक टब या बड़े बाउल में गुनगुना पानी भर लें। उसमें 2 से 4 चम्मुच सेंधा नमक मिला दें। इस पानी में अपने पैरों को 15 से 20 मिनट के लिए डालकर रखें। पैरों की बदबू से छुटकारा पाने के लिए इस उपाय को लगातार पंद्रह दिनों के लिए रोजाना अपना कर देखें। आपको लाभ जरूर होगा।

foot-odour and talcom powder

जूते में बेकिंड सोडा

जब आप जूते पहन रहे हों, तो उसमें थोड़ा-सा बेकिंग सोडा डाल दें। ऐसा करने से जूतों में से दुर्गंध नहीं आएगी। आप चाहें, तो पैरों पर भी थोड़ा सा बेकिंग सोडा लगा लें, उसके बाद ही जुराबें पहनें। बदबू अधिक आने पर टैलकम पाउडर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।

सिरका है बड़े काम का

गर्मी के दिनों में पैरों में नमी के कारण पनपने वाले बैक्टीरिया का सफाया करना चाहते हैं, तो सिरका से बेहतर कुछ और नहीं। एक टब या बड़े बाउल में दो कप पानी और एक कप सिरका लें। अब इस पानी में अपने पैरों को आधे घंटे के लिए डालकर रखें। इस उपाय को 8 से 10 दिन तक नियमित रूप से आजमा कर देखें। पैरों से बदबू नहीं आएगी।

फुट स्क्रब से मसाज

जब आप बाहर से घर आते हैं, तो जूता उतारने के बाद पैरों की मसाज करें। इसके लिए फुट स्क्रब का इस्तेमाल करें। फुट स्क्रब आप अदरक और नींबू को मिलाकर तैयार कर सकते हैं। इससे पैरों की हल्के हाथों से मसाज करें। गर्मी के दिनों में ऐसा हर दिन करके देखें, बदबू से राहत मिलेगी।

चित्रस्रोत-Shutterstock.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source