
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : November 15, 2024 6:01 PM IST
Milk Cream For Face: हर व्यक्ति की चाहत होती है कि उसकी त्वचा हमेशा खूबसूरत और ग्लोइंग नजर आए। लेकिन प्रदूषण, गलत खानपान, खराब जीवनशैली और गलत प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल के कारण कई तरह की त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई लोग अपनी स्किन को मुलायम और चमकदार बनाने के लिए तरह-तरह के स्किन केयर और ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। वहीं, कुछ लोग पार्लर जानकार महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट्स भी करवाते हैं। लेकिन फिर भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिल पाता है। वहीं, मार्केट में मौजूद ज्यादातर प्रोडक्ट्स में हानिकारक केमिकल्स होते हैं, जो लंबे समय में त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में, आप चाहें तो अपने चेहरे को ग्लोइंग बनाने के लिए कुछ घरेलू उपायों का सहारा लेते हैं। इन्हीं घरेलू उपायों में मलाई भी शामिल है। जी हां, मलाई त्वचा को नमी प्रदान करती है। इससे स्किन हाइड्रेट रहती और ड्राइनेस भी दूर होती है। नियमित रूप से चेहरे पर मलाई लगाने से त्वचा के दाग-धब्बे दूर होते हैं और रंगत में भी सुधार होता है। तो आइए, जानते हैं ग्लोइंग त्वचा पाने के लिए कैसे करें मलाई का इस्तेमाल?
चेहरे को ग्लोइंग बनाने के लिए आप मलाई और हल्दी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे त्वचा के दाग-धब्बे, पिंपल्स और टैनिंग की समस्या दूर होगी। साथ ही, त्वचा का निखार भी बढ़ेगा। इसके लिए आप 2 चम्मच दूध की मलाई लें। इसमें चुटकीभर हल्दी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इसे अपने चेहरे पर लगाएं और 2-4 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें। करीब 10 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें।
आप चाहें तो मलाई को शहद के साथ मिक्स करके चेहरे पर लगा सकते हैं। शहद में मॉइश्चराइजिंग गुण होते हैं, इसलिए यह त्वचा को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है। साथ ही, मुंहासों और दाग-धब्बों को हटाने में भी प्रभावी होता है। इसके लिए एक चम्मच मलाई में एक चम्मच शहद मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाएं और करीब 15 मिनट बाद फेस को पानी से धो लें। इससे आपकी त्वचा मुलायम और चमकदार नजर आएगी।
त्वचा को ग्लोइंग बनाने के लिए आप मलाई में बेसन मिक्स करके लगा सकते हैं। इसके लिए आप एक चम्मच मलाई लें। इसमें एक चम्मच बेसन डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इसे अपने चेहरे पर लगाएं और सूखने के लिए छोड़ दें। करीब 10-15 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें। आप हफ्ते में 2 से 3 बार इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपकी त्वचा ग्लोइंग और बेदाग नजर आएगी।