1 दिन में कितने बाल झड़ना नॉर्मल है? क्या ज्यादा बाल झड़ना किसी बीमारी का संकेत है?

Hair Loss in Hindi: आजकल ज्यादातर लोग हेयर फॉल की समस्या से जूझ रहे हैं। बालों का झड़ना सामान्य हो सकता है। हालांकि, यह किसी बीमारी की ओर भी इशारा कर सकता है।

1 दिन में कितने बाल झड़ना नॉर्मल है? क्या ज्यादा बाल झड़ना किसी बीमारी का संकेत है?
VerifiedVERIFIED By: Dr Akriti Gupta

Written by Anju Rawat |Updated : December 23, 2025 4:28 PM IST

Hair Loss Problem in Hindi: "पिछले साल तक मेरे बाल काफी मोटे और लंबे थे। हर कोई मुझसे मेरे खूबसूरत बालों का राज पूछता था। मैं भी इतराते हुए बोल देती थी, its genetics. लेकिन, अब मानो मेरे बालों को किसी की नजर ही लग गई हो। मेरे बाल काफी पतले और कमजोर हो गए हैं। अब बाल गुच्छों में निकलते हैं और इसके साथ ही मेरे आंसू और इमोशंस भी। शुरुआत में बाद थोड़े बहुत बाल निकलते थे तो इतनी चिंता नहीं होती थी। फिर धीरे-धीरे बालों का तेजी से झड़ना शुरू हो गया। अब बाथरूम, तकिया, कंघी, बैड यानी पूरे घर में बाल-ही-बाल नजर आते हैं। बाल धोते समय तो अपने झड़ते बालों को देखकर मेरी दिल की धड़कनें ही रुक जाती हैं। जब भी मैं कंघी करती हूं, तो कई बाल टूट जाते हैं। फर्श पर भी बाल बिखर जाते हैं। अपने टूटे हुए बालों को देखकर मैं सहम जाती हूं और मायूस हो जाती हूं।फिर सोचती हूं क्या पता इतने बालों का झड़ना नॉर्मल हो, लेकिन अगर रोजाना इतने बाल झड़ने लगे तो मैं गंजी हो जाऊंगी।" हालांकि, यह समस्या मेरे अकेले की नहीं है, मेरे अलावा भी दुनियाभर में कई ऐसे लोग हैं, जो अपने झड़ते बालों की समस्या (Hair Fall Problem) से परेशान हैं। जिन लोगों के बाल झड़ते हैं, उनके मन में कुछ सवाल जरूर आते हैं। इसमें से एक है कि एक दिन में कितने बाल झड़ना नॉर्मल है? हेयर फॉल और इससे जुड़े सवालों के बारे में जानने के लिए हमने 2 एक्सपर्ट्स (डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. आकृति गुप्ता और कॉस्मेटॉजिस्ट डॉ. करुणा मल्होत्रा) से विस्तार में बातचीत की- dr akriti

जीविशा क्लिनिक, गुजरांवाला टाउन और यमुना विहार की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. आकृति गुप्ता कहती हैं, "हर बाल का अपना लाइफ साइकिल होता है। एक बाल उगने के बाद टूटता है और फिर उस जगह पर नया बाल निकलता है। इसलिए अगर हेयर फॉल के साथ आपके बाल नए बाल उग रहे हैं, तो इस स्थिति में गंजेपन से बचा जा सकता है। लेकिन, अगर आपके लगातार बाल झड़ रहे हैं, तो इस स्थिति की अनदेखी बिल्कुल न करें।

राजौरी गार्डन स्थित कॉस्मेटिक स्किन एंड होमियो क्लिनिक की कॉस्मेटोलॉजिस्ट डॉ. करुणा मल्होत्रा कहती हैं, "अनहेल्दी डाइट और लाइफस्टाइल बालों के झड़ने का मुख्य कारण होता है। खान-पान और जीवनशैली सिर्फ सेहतमंद शरीर के लिए ही नहीं, स्वस्थ बालों के लिए भी जरूरी होता है। बालों को हेल्दी बनाए रखने के लिए आपको हेल्दी लाइफस्टाइल फॉलो करना चाहिए। प्रोटीन से भरपूर डाइट लें और योग जरूर करें। तनाव से बचें और नींद पूरी करें।"

Also Read

More News

hair fall in a day

1 दिन में कितने बाल झड़ना नॉर्मल है?

एक दिन में कितने बाल झड़ना नॉर्मल है? हेयर फॉल से जुड़ा यह सवाल, गूगल पर पूछे जाने वाले सबसे ज्यादा सर्च क्वेरी (Search Query) में से एक है। इस पर डॉ. आकृति बताती हैं, "अगर आपके रोजाना 50 से 100 बाल झड़ रहे हैं, तो यह बिल्कुल नॉर्मल है। इस स्थिति में आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। लेकिन, अगर आपके इससे ज्यादा बाल गिर रहे हैं, तो इस स्थिति को नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। दरअसल, हमारे बालों की एक प्राकृतिक ग्रोथ साइकिल (Hair Growth Cycle in HIndi) होती है, जिसमें पुराने बाल झड़ते हैं और फिर नए बाल उगते हैं। इसलिए अगर आपके बाल झड़ रहे हैं और नए बाल निकल रहे हैं, तो यह चिंता की बात नहीं है। हालांकि, अगर नए बाल नहीं आ रहे हैं तो एक बार डर्मेटोलॉजिस्ट से जरूर मिलें।"

hair fall cause disease

क्या ज्यादा बाल झड़ना किसी बीमारी का संकेत है?

बालों का रोजाना झड़ना बिल्कुल सामान्य है। लेकिन, अगर ज्यादा बाल झड़ रहे हैं तो यह चिंता का विषय हो सकता है। अगर आपके रोजाना 100 से ज्यादा बाल झड़ रहे हैं या बाल गुच्छों में निकल रहे हैं, तो यह किसी अंदरूनी बीमारी का संकेत हो सकता है। इसलिए अगर आपके ज्यादा बाल टूट रहे हैं तो इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज न करें। इस स्थिति में डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह जरूर लें।"

  • थायरॉइड डिसऑर्डर
  • आयरन की कमी (एनीमिया)
  • हार्मोनल असंतुलन
  • पीसीओडी
  • लंबे समय तक तनाव आदि के कारण बाल तेजी से झड़ (Hair Fall in Hindi) सकते हैं।

hair count

1 इंसान के सिर पर औसतन कितने बाल होते हैं?

कई बार हमें लगता है कि हमारे रोजाना सैकड़ों बाल निकल रहे हैं, इससे तो हम गंजे ही हो जाएंगे। लेकिन, इतनी जल्दी ऐसा नहीं होता है। क्योंकि हमारे सिर पर लाखों की संख्या में बाल होते हैं। आपको बता दें कि एक व्यक्ति के सिर पर औसतन 1 लाख से लेकर 1.20 लाख बाल होते हैं। हर व्यक्ति के बालों की संख्या उसके हेयर कलर, जीन और स्कैल्प हेल्थ पर निर्भर करती है। ब्लॉन्ड हेयर वाले लोगों में बालों की संख्या थोड़ी ज्यादा होती है। जबकि, काले या भूरे बालों वाले लोगों में बालों की संख्या थोड़ी कम हो सकती है।

hair growth cycle

बाल उगने से लेकर झड़ने की प्रक्रिया क्या होती है?

अधिकतर लोगों के मन में एक सवाल जरूर होता है, वह बाल उगने से लेकर झड़ने तक की प्रक्रिया के बारे में जानना चाहते हैं। इस पर डॉ. आकृति बताती हैं, "बालों का जीवन एक प्राकृतिक चक्र में चलता है, जिसे हेयर ग्रोथ साइकिल (Hair Growth Cycle) कहते हैं। इस चक्र के तीन मुख्य चरण होते हैं, इसमें एनाजेन, कैटाजेन और टेलोजेन शामिल हैं। आपको बता दें कि एनाजेन वह चरण है, जिसमें बाल लगातार बढ़ते हैं। यह फेज 2 से 6 साल तक चलता है। इसके कुछ हफ्ते बाद कैटाजेन फेज आता है। इस चरण में बालों का बढ़ना रुक जाता है यानी बालों की जड़ें आराम की स्थिति में आ जाती हैं। आखिर में टेलोजेन फेज आता है, जिसमें पुराने बाल झड़ने लगते हैं ताकि नए बाल उग (New Hair Growth Phase) सके।

hair fall concern

बालों का झड़ना कब चिंता का विषय बनता है?

कई लोग थोड़े से बाल झड़ते हैं और इसी को लेकर चिंता करते रहते हैं। जबकि, इससे बाल ज्यादा झड़ते हैं। हर हेयर फॉल चिंता की बात नहीं होती है। हालांकि, 100 से ज्यादा बालों का झड़ना चिंता का विषय बन सकता है। अगर बाल ज्यादा और तेजी से झड़ रहे हैं, तो डॉक्टर से कंसल्ट करना बहुत जरूरी है। अगर आपके हेयर फॉल की वजह से आपके सिर की त्वचा दिखने लगी है, मांग चौड़ी हो गए है, नहाते और कंघी करते हुए बालों का गुच्छा निकल रहा है, तो यह चिंता का विषय है। यह स्थिति बिल्कुल भी सामान्य नहीं है।

डॉ. आकृति बताती हैं, "अगर आपके 2-3 महीने से लगातार बाल झड़ रहे हैं तो मेडिकल जांच बहुत जरूरी है। वहीं, अगर हेयर फॉल के साथ थकान, कमजोरी और वजन में बदलाव भी हो रहा है, तो यह किसी बीमारी का संकेत भी हो सकता है। समय पर जांच और इलाज की मदद से बालों को झड़ने और गंजेपन से बचाया जा सकता है।"

क्या बाल झड़ने पर टेस्ट करवाने जरूरी है?

बाल हमारे शरीर का आईना होते हैं। जब शरीर के अंदर कुछ गलत चल रहा होता है, तो उसका असर हमारे बालों पर भी दिखाई देता है। इसलिए सिर्फ शैंपू या तेल बदलने से समस्या ठीक नहीं होती है। बालों का तेजी से झड़ने पर ब्लड टेस्ट और मेडिकल जांच बहुत जरूरी है। आपको बता दें कि हेयर फॉल होने पर आप सीबीसी, आयरन, थायराइड, विटामिन डी, विटामिन बी12, स्कैल्प विश्लेषण और स्कैल्प बायोप्सी आदि करवा सकते हैं। इससे आपको हेयर फॉल का असल कारण (Hair Fall Causes in Hindi) पता चल पाएगा।

dr karuna malhotra

क्या खराब लाइफस्टाइल की वजह से भी बाल झड़ते हैं?

डॉ. करुणा मल्होत्रा कहती हैं, "जी बिल्कुल, खराब लाइफस्टाइल बाल झड़ने का एक सबसे बड़ा कारण होता है। देर रात तक जागना, नींद की कमी, लगातार तनाव, अनियमित खानपान और जंक फूड बालों की जड़ों को कमजोर कर देता है। हम जो खाते हैं और जो लाइफस्टाइल अपनाते हैं, उसका हमारे हार्मोनल हेल्थ और न्यूट्रिशन पर सीधा असर पड़ता है। इसी से बालों की सेहत भी तय होती है। अगर अगर हेल्दी डाइट लेंगे और हेल्दी लाइफस्टाइल को फॉलो करेंगे, तो इससे बालों को मजबूत बनाए रखा जा सकता है। लेकिन, लंबे समय तक स्ट्रेस में रहने से टेलोजेन एफ्लुवियम नाम की स्थिति हो सकती है। इस में बाल अचानक से झड़ने लगते हैं। बालों को झड़ने से बचाने के लिए बैलेंस डाइट बहुत जरूरी है।

मेरा हेयर फॉल नॉर्मल है या नहीं, इसका पता कैसे चलेगा?

डॉ. करुणा मल्होत्रा बताती हैं, "हेयर फॉल को समझने के लिए सबसे पहले उसकी मात्रा और पैटर्न पर ध्यान देना चाहिए। अगर रोजाना 50 से 100 बाल झड़ (Normal Hair Fall) रहे हैं और नए बाल भी उग रहे हैं, तो यह सामान्य है। लेकिन, अगर बाल पतले होते जा रहे हैं और पोनीटेल या चोटी पतली लग रही है, तो यह हेयर फॉल का संकेत है। सिर्फ गिरते हुए बालों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। नए बाल उग रहे हैं या नहीं, यह भी जरूरी है। अगर आपके बाल उग रहे हैं, तो यह स्थिति सामान्य होती है। इस स्थिति में आप गंजेपन से बच सकते हैं।"

TRENDING NOW

Highlights:

  • रोजाना 50 से 100 बालों का झड़ना नॉर्मल है।
  • अगर हेयर फॉल के साथ नए बाल उग रहे हैं, तो चिंता की बात नहीं है।
  • थायराइड और पीसीओएस महिलाओं में हेयर फॉल का कारण बन सकते हैं।

Disclaimer : प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।