स्किन को डैमेज कर सकती है AC की हवा, डॉर्मोटॉलिस्ट बता रहे हैं कैसे रखें त्वचा का ध्यान
डॉ. चांदनी जैन गुप्ता के अनुसार, लंबे समय तक एसी की हवा के संपर्क में रहने से त्वचा ड्राई और डैमेज हो सकती है। आइए जानते हैं इस स्थिति में त्वचा का ध्यान कैसे रखना चाहिए।
बाहर कितनी तेज धूप है, मुझसे तो एक पल खड़ा नहीं हुआ जा रहा है। धूप की वजह से देखो मेरी त्वचा बिल्कुल लाल हो चुकी है। चलो अब कमरे में चलते हैं और मस्त ठंडी- ठंडी एयर कंडीशनर की हवा खाते हैं। हम में से कई लोग गर्मियों में तेज धूप और बढ़ते तापमान से राहत पाने के लिए ज्यादातर लोग घंटों एयर कंडीशनर में समय बिताते हैं। घर, ऑफिस, कार और मॉल हर जगह एसी का इस्तेमाल आम हो चुका है। हालांकि यह गर्मी से राहत जरूर देता है, लेकिन लगातार एसी की हवा हमें राहत तो दिला रही है पर अपनी त्वचा पर बुरा असर डाल रही है। दिल्ली के एलांटिक हेल्थ केयर की सीनियर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. चांदनी जैन गुप्ता के अनुसार, लंबे समय तक एसी की हवा के संपर्क में रहने से त्वचा ड्राई और डैमेज हो सकती है। एसी की हवा में रहने के कारण कई लोगों को खुजली, रैशेज, स्किन एलर्जी और समय से पहले झुर्रियों जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं।
एसी की हवा त्वचा को कैसे नुकसान पहुंचाती है?
- डॉ. चांदनी जैन गुप्ता बताती हैं कि एसी कमरे की हवा को ठंडा करने के साथ उसमें मौजूद नमी भी कम कर देता है। इसका सीधा असर त्वचा पर पड़ता है। जिसके कारण त्वचा ड्राई और बेजान होने लगती है। एसी में लंबे समय तक रहने से स्किन खिंची-खिंची महसूस होती है और होंठ फटने लगते हैं।
- यह बात हम सभी जानते हैं कि त्वचा की ऊपरी परत शरीर को बाहरी नुकसान से बचाती है। लगातार एसी में रहने से यह नेचुरल परत कमजोर हो जाती है। इससे त्वचा पर जलन, रेडनेस, खुजली और एलर्जी की समस्या होती है।
- कई रिसर्च में यह बात सामने आ चुकी है और डॉक्टर भी इस बात को मानते हैं कि ड्राई स्किन के कारण त्वचा पर फाइन लाइन्स, झुर्रियां और दाग- धब्बे नजर आने लगते हैं।
- जिन लोगों की स्किन पहले से सेंसिटिव होती है, उनमें एसी की वजह से रैशेज और इरिटेशन ज्यादा बढ़ सकता है।
- एसी की हवा केवल त्वचा ही नहीं, बल्कि आंखों और होंठों को भी ड्राई बना सकती है। लंबे समय तक एसी में रहने से आंखों में जलन, होंठ फटना और आंखों में सूखापन की समस्या होना आम है।
एसी में रहते हुए त्वचा का ध्यान कैसे रखें?
- किसी भी कारण से अगर आपको लंबे समय तक एसी में रहना पड़ रहा है तो त्वचा को हाइड्रेट रखने के लिए अच्छी क्वालिटी का मॉइश्चराइजर इस्तेमाल करें। रात को एसी वाले कमरे में सोने से पहले चेहरे, होंठ, हाथ और पैरों पर मॉइस्चराइजर लगाकर ही सोए।
- रात को एसी वाले कमरे में सोने से बाद सुबह चेहरे को सबसे पहले नॉर्मल पानी से धोएं। इसके बाद चेहरे पर फेस मिस्ट या गुलाब जल इस्तेमाल करें। इससे स्किन को हाइड्रेशन मिलता है।
- एसी की हवा के कारण स्किन में ड्राइनेस की परेशानी न हो इसके लिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। पानी पीने से स्किन को अंदर से हाइड्रेशन मिलता है।
- त्वचा को अंदर से हाइड्रेट रखने के लिए पानी के साथ- साथ खाने में फल, विभिन्न प्रकार के सलाद,नारियल पानी और विटामिन C युक्त चीजों को शामिल करें।
- अगर लंबे समय तक एसी चलाना पड़ता है, तो कमरे में ह्यूमिडिफायर लगाने से नमी बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
Disclamier: अगर आप भी लंबे समय तक एसी वाले कमरे में रहते हैं तो त्वचा को डैमेज होने से बचाने के लिए ऊपर बताए गए तरीकों को अपनाएं।