
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : August 29, 2023 2:24 PM IST
Papaya Face Pack: ऑयली स्किन की समस्या से काफी लोग परेशान रहते हैं। जिन लोगों की ऑयली स्किन होती है, उन्हें मुंहासे, ब्लैकहेड्स और व्हाइटहेड्स जैसी कई स्किन प्रॉब्लम्स का सामना करना पड़ता है। दरअसल, ऐसा त्वचा पर सीबम के ज्यादा उत्पादन के कारण होता है। ऑयली स्किन के कारण त्वचा चिपचिपी और बेजान नजर आती है। ऐसे में, ऑयली स्किन से छुटकारा पाने के लिए लोग तरह-तरह के फेस वॉश और क्लींजर इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इनसे भी यह समस्या कुछ देर के लिए ही दूर होती है। अपनी स्किन को ऑयल-फ्री और क्लीयर बनाने के लिए आप घर पर बने फेस पैक का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऑयली स्किन के लिए पपीते का फेस पैक काफी फायदेमंद माना जाता है। पपीता त्वचा पर मौजूद गंदगी, डेड स्किन और एक्स्ट्रा ऑयल को हटाने का काम करता है। साथ ही, त्वचा को नरिश भी करता है। पपीते में पपैन मौजूद होता है, जो त्वचा के दाग-धब्बों और पिगमेंटेशन को मिटाने में काफी प्रभावी माना जाता है। हफ्ते में 1 से 2 बार चेहरे पर पपीते का फेस पैक लगाने से त्वचा साफ और ग्लोइंग बनती है। आज इस लेख में हम आपको ऑयली स्किन के लिए पपीते का फेस पैक बनाने के आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं –
अगर आपकी स्किन ऑयली है, तो आप पपीता और संतरा फेस पैक लगा सकते हैं। इन दोनों में विटामिन-सी मौजूद होता है, जो सीबम के अतिरिक्त उत्पादन को कम करने में मदद करता है। साथ ही, त्वचा के दाग-धब्बों को हटाने में भी प्रभावी होता है। इस फेस पैक को बनाने के लिए आप एक बाउल में 2-3 चम्मच मैश किया हुआ पपीता लें। इसमें 2 चम्मच संतरे का रस डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और करीब 15 मिनट के लिए छोड़ दें। उसके बाद चेहरे को पानी से धो लें। बेहतर रिजल्ट के लिए हफ्ते में 1 से 2 बार इसका इस्तेमाल करें।
ऑयली स्किन से छुटकारा पाने के लिए आप पपीते और बेसन की मदद फेस पैक बनाकर लगा सकते हैं। बेसन त्वचा पर मौजूद एक्स्ट्रा ऑयल को सोखने का काम करता है। वहीं, पपीता चेहरे को साफ और एक्ने-फ्री रखने में मदद करता है। पपीते और बेसन का फेस पैक को बनाने के लिए आप एक बाउल में 2 चम्मच पपीते का गूदा लें। इसमें 2 चम्मच बेसन और 1 चम्मच गुलाब जल डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसे अपने चेहरे पर लगाएं और करीब 10-15 मिनट लगा रहने दें। उसके बाद चेहरे को पानी से धो लें। आप हफ्ते में 2 से 3 बार इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
ऑयली स्किन से निजात पाने के लिए आप पपीता और दही फेस पैक भी लगा सकते हैं। इसके लिए आप एक कटोरी में 2 चम्मच पपीते का गूदा लें। इसमें 1 चम्मच दही और नींबू का रस डालकर मिक्स कर लें। अब इसे अपने चेहरे पर लगाएं और करीब 15-20 मिनट लगा रहने दें। इसके बाद चेहरे को पानी से धो लें। बेहतर रिजल्ट के लिए हफ्ते में 1 से 2 बार इसका इस्तेमाल करें। इससे न सिर्फ ऑयली स्किन की समस्या दूर होगी, बल्कि त्वचा मुलायम और चमकदार भी बनेगी।