चेहरे के लिए चावल का पानी के फायदे, जानें कैसे बनाएं Rice Water Toner
Rice water ko skin par lagane ke fayde: अगर आपको भी चमकदार और बेदाग स्किन चाहिए तो महंगे टोनर की जरूरत नहीं। आप चावल के पानी से घर पर ही नेचुरल टोनर बना सकते हैं, जिसके बारे में हम आपको इस लेख में बताने वाले हैं।
आजकल तो कोरियन ग्लास स्किन भारत में भी बहुत ज्यादा ट्रेंडिंग गई है, क्योंकि यह एक चमकदार, निखरी और स्वस्थ त्वचा का प्रतीक मानी जाती है। कोरियन स्किन केयर रूटीन में चेहरे को पूरी तरह से हाइड्रेटेड और सॉफ्ट बनाए रखने पर जोर दिया जाता है, जिससे त्वचा में ग्लो और ट्रांसपेरेंसी आती है। कोरियन ग्लास स्किन का सपना आज हर किसी का होता है। एक ऐसी त्वचा जो निखरी हुई, चमकदार और स्वस्थ हो। ग्लास स्किन पाने के लिए कोरियन स्किनकेयर में बहुत सी खास तकनीकें हैं, जिनमें से एक है राइस वॉटर (चावल का पानी) का इस्तेमाल। यह एक प्राकृतिक और प्रभावी टोनर है, जो आपकी त्वचा को ग्लोइंग, स्मूद और यंग बनाता है। अगर आप भी कोरियन ग्लास स्किन पाना चाहती हैं, तो राइस वाटर टोनर आपके लिए सबसे बेहतरीन उपाय हो सकता है। हालांकि, इसपर ShardaCare-Healthcity के सीनियर कंसल्टेंट -डर्मेटोलॉजी, डॉ. शितिज गोयल बताते हैं कि कोई भी नुस्खा घर पर अपनाने से पहले किसी अच्छे डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह ले लेनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह से साइड इफेक्ट का खतरा पैदा न हो।
दाग-धब्बे हटाने में मदद करे
ऐसा कहा जाता है कि चावल और चावल के पानी में त्वचा के दाग-धब्बों को नेचुरली कम करने वाले गुण होते हैं। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन B, C त्वचा को काफी फायदे पहुंचाते हैं, जिससे स्किन हेल्थ को फायदा मिलता है और प्राकृतिक तरीके से निखार बढ़ता है। यह त्वचा को साफ, मुलायम और चमकदार बनाने में मदद करता है।
नेचुरली निखार बढ़ाने में मदद
ऐसा माना जाता है कि चावल का पानी यानी राइस वॉटर स्किन के नेचुरल निखार को बढ़ाने में मदद करता है। राइस वॉटर में एंटी-ऑक्सीडेंट्स होने के साथ-साथ यह एक कम प्रभाव वाले एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व के रूप में भी काम कर सकता है, जिससे त्वचा शांत होती है और सूजन कम होने लगती है। यह त्वचा की जलन को दूर करता है, जिससे त्वचा निखरती है। इसके नियमित उपयोग से त्वचा को प्राकृतिक चमक और ग्लो मिलता है, जो स्वस्थ और सुंदर दिखता है।
स्किन को मॉइश्चराइज्ड रखे
चावल के पानी को त्वचा की नमी को बनाए रखने के लिए जाना जाता है, जिससे स्किन ड्राइनेस दूर रहती है। अगर आपकी स्किन ड्राई नहीं है, तो आधे से ज्यादा नॉर्मल स्किन प्रॉब्लम्स तो वैसे ठीक हो जाएंगी। इसके इस्तेमाल से त्वचा हाइड्रेट रहती है, जिससे वह मुलायम और लचीली बनती है। यह त्वचा को प्राकृतिक रूप से कोमल और चिकना बनाए रखता है, जिससे त्वचा स्वस्थ और तरोताजा दिखती है।
एंटी-एजिंग प्रभाव
राइस वॉटर में मौजूद पोषक तत्व और एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को उम्र के प्रभावों से बचाते हैं। यह झुर्रियों और उम्र से संबंधित अन्य समस्याओं को कम करता है। नियमित उपयोग से त्वचा टाइट और यंग लुक में दिखने लगती है, जिससे आपको एक ताजगी और जवानी का एहसास होता है।
राइस वाटर टोनर बनाने का तरीका
1. सबसे पहले आप चावल (2-3 चम्मच) लें और उसे अच्छे से धो लें, ताकि उसमें किसी भी तरह की गंदगी या केमिकल्स न हों।
2. अब एक कप पानी में चावल डालकर उसे अच्छे से उबालें, और फिर उसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें।
3. जब पानी ठंडा हो जाए, तो इसे छानकर एक बोतल में भर लें।
4. अब आपका राइस वाटर टोनर तैयार है। आप इसे एक साफ बॉटल में भरकर फ्रिज में भी स्टोर कर सकती हैं।
उपयोग का तरीका
- रोजाना साफ चेहरे पर इस राइस वाटर टोनर को लगाने के लिए एक कपास की गेंद या टोनर पैड का इस्तेमाल करें।
- इसे हल्के हाथों से चेहरे पर लगाएं और फिर थोड़ी देर के लिए छोड़ दें ताकि यह त्वचा में समा जाए।
- आप इसे दिन में 2-3 बार इस्तेमाल कर सकती हैं।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।