गर्मियों में भी चाहिए ग्लोइंग स्किन तो डाइट में शामिल करें ये खास फूड, जानें इसकी खासियत

Food for glowing skin: स्किन को हेल्दी और उसके नेचुरल निखार को बनाए रखने के लिए सही डाइट का होना भी बहुत जरूरी है। इस लेख में जानें ऐसे खास फूड के बारे में जो स्किन के नेचुरल ग्लो को बनाए रखने में मदद करता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : May 4, 2023 6:22 PM IST

Tips for healthy and glowing skin: अच्छी और ग्लोइंग स्किन हर किसी को पसंद होती है और हर कोई चाहता है कि उनका चेहरा निखरा हुआ दिखे। लेकिन आजकल खराब लाइफस्टाइल, अनहेल्दी डाइट और प्रदूषण जैसी स्थितियों ने स्किन पर काफी विपरीत प्रभाव डाला है। हम अपनी स्किन को स्वस्थ रखने और नेचुरल निखार बनाए रखने के लिए तरह-तरह के स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं और कई घरेलू नुस्खे भी अपनाते हैं। लेकिन अच्छा और नेचुरल निखार स्किन पर ये चीजें लगाने के साथ-साथ स्किन को अंदर से पोषण देने से आता है। सही डाइट के माध्यम से त्वचा को अंदर से पोषण दिया जा सकता है। इस लेख में हम आपको एक ऐसे ही खास फूड के बारे में बताने वाले हैं, जो आपकी स्किन को ग्लोइंग बना सकता है। चलिए जानते हैं इस खास फूड के बारे में।

ग्लोइंग स्किन के लिए अंजीर (Figs for glowing skin)

हेल्दी और ग्लोइंग स्किन के लिए अंजीर काफी फायदेमंद हो सकता है। अंजीर में खूब मात्रा में ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो आपकी स्किन के निखार को बढ़ाता है। नियमित रूप से अंजीर को अपनी डाइट में शामिल करने से स्किन को निम्न फायदे मिलते हैं -

नेचुरल निखार लाएं

अंजीर का सेवन करने से अपनी स्किन के नेचुरल निखार को बनाए रखने में काफी मदद मिलती है। अंजीर में काफी मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है, जो त्वचा पर बनने वाले दाग व धब्बे दूर करने में मदद मिलती है। यदि गर्मियों या धूप के कारण आपकी स्किन का निखार लगातार खराब हो रहा है, तो अपनी डाइट में अंजीर को जरूर शामिल करना चाहिए।

एजिंग के लक्षण कम करे

अनहेल्दी डाइट और खराब लाइफस्टाइल होने के कारण स्किन को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता है और इस कारण से समय से पहले ही एजिंग के लक्षण विकसित होने लगते हैं। अंजीर में खूब मात्रा में पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो एजिंग के लक्षणों को विकसित होने से रोकता है।

स्किन ड्राईनेस को दूर करे

सर्दियों और गर्मियों दोनों ही मौसम में कई बार स्किन में ड्राइनेस की समस्या देखी जा सकती है और इस स्थिति का दूर करने के लिए भी अपनी डाइट में अंजीर को शामिल किया जा सकता है। अंजीर में खूब मात्रा में पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो स्किन को पोषण प्रदान करते हैं।

अंजीर का सेवन करने का सही तरीका (How to eat fig for healthy skin)

स्किन को हेल्दी रखने के लिए अंजीर का सही तरीके से सेवन करना जरूरी है। स्किन को ज्यादा फायदा देने के लिए अंजीर के एक या दो टुकड़े लें और उन्हें रात भर पानी में भिगोकर रखें। सुबह खाली पेट इनका सेवन करना काफी फायदेमंद रहता है। हेल्दी स्किन के लिए अंजीर को सुबह के समय खाना ही सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।

अंजीर खाने के अन्य फायदे (Health benefits of eating figs)

सिर्फ स्किन के लिए ही नहीं इसका सेवन करने से अन्य कई फायदे भी मिलते हैं। इसमें अच्छी मात्रा में कैल्शियम व पोटेशियम पाया जाता है, जो आपकी हड्डियों को मजबूत बनाने का काम करता है। इसके अलावा शरीर का वजन कम करने, पाचन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने और मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करने में भी अंजीर काफी फायदेमंद हो सकता है।