Don’t Miss Out on the Latest Updates.
Subscribe to Our Newsletter Today!
-
- हिंदी
Hair Fall in Winters in Hindi: "सर्दियों में कंघी करते समय बालों का गुच्छा हाथ पर आ जाता है। हेयर वॉश वाले दिन बाल ड्रेन में जमा हो जाते हैं। इतना ही नहीं, बाल बैड और तकिए पर भी गिर हुए मिल जाते हैं। हालांकि, ऐसा नहीं है कि गर्मी या मानसून में बाल नहीं झड़ते हैं। बस सर्दियां शुरू होते ही बाल काफी ज्यादा निकलने लगते हैं।" जब मैंने अपनी सहेली और दीदी को अपने हेयर फॉल के बारे में बताया तो वे शौक हो गईं और कहने लगीं कि सर्दियों में हमारे बाल भी काफी ज्यादा झड़ते हैं। सर्दियों में टूटे हुए बाल कपड़ों पर भी दिख जाते हैं। ऐसे में हम समझ नहीं पाए कि आखिर सर्दियों में बाल ज्यादा क्यों झड़ते हैं? विंटर और हेयर फॉल का क्या कनेक्शन है? इस बारे में विस्तार से जानने के लिए हमने जीविशा क्लिनिक, गुजरांवाला टाउन और यमुना विहार की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. आकृति गुप्ता से बातचीत की-
डॉ. आकृति गुप्ता बताती हैं, "सर्दियों में ज्यादातर लोग हेयर फॉल (Hair Fall in Hindi) से परेशान रहते हैं। इस मौसम में सिर्फ महिलाएं नहीं, पुरुष भी झड़ते बालों की समस्या से परेशान हो जाते हैं। दरअसल, ऐसा इसलिए होता है क्योंकि सर्दियों में नमी कम होती है और इससे स्कैल्प ड्राई (Dry Scalp) हो जाती है। रूखी स्कैल्प की वजह से बाल कमजोर और पतले बनते हैं, इससे ही बाल झड़ते हैं। वहीं, सर्दियों में बालों की सही देखभाल भी नहीं हो पाती है। इसलिए अगर आपका हेयर फॉल ज्यादा हो रहा है तो सर्दियों में बालों की अच्छी तरह से देखभाल जरूर करें। बालों पर तेल लगाएं, बालों को नमी प्रदान करें और हेयर सीरम का इस्तेमाल करें। केमिकल वाले प्रोडक्ट्स और हीटिंग से बचें, इनसे बालों को नुकसान पहुंचता है और बाल ज्यादा झड़ने लगते हैं।"

जी हां, ठंड के मौसम में हेयर फॉल की समस्या (Hair Loss in Winters) बढ़ जाती है। सर्दियों में थोड़ा बहुत हेयर फॉल होना बेहद आम है। दरअसल, सर्दियों में स्कैल्प ड्राई हो जाती है और ब्लड सर्कुलेशन सहीतरीके से नहीं हो पाता है। इससे बालों की जड़ों को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता है और नतीजन बाल झड़ने लगते हैं।
अगर आपके रोजाना ज्यादा बाल झड़ रहे हैं, तो इसे सिर्फ मौसम का असर समझकर नजरअंदाज न करें। क्योंकि इससे हेयर ग्रोथ साइकिल प्रभावित हो सकती है और नए बालों का उगना बंद हो सकता है।
सर्दियों में ज्यादा हेयर फॉल होने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। इसमें शामिल हैं-
सर्दियों में कम नमी और शुष्क हवाओं की वजह से स्कैल्प ड्राई और रूखी हो जाती है। इससे स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन कम हो जाता है और बालों की जड़ों को पोषण नहीं मिल पाता है। इसकी वजह से बाल कमजोर होते हैं और हेयर फॉल होने लगता है।
सर्दियों में धूप कम होती है, इससे पर्याप्त मात्रा में विटामिन डी नहीं मिल पाता है। विटामिन डी की कमी से बाल झड़ने लगते हैं। दरअसल, विटामिन डी बालों के रोमों में रिसेप्टर्स को प्रभावित करता है। इससे बालों का विकास प्रभावित होता है यानी नए बाल नहीं उग पाते हैं। वहीं, बाल कमजोर-पतले होकर टूटने लगते हैं। कुछ मामलों में विटामिन डी की कमी एलोपेसिया का कारण भी बन सकता है।
सर्दियों में ज्यादातर लोग गर्म पानी से बाल धोते हैं। इससे ठंड से बचाव होता है, लेकिन हेयर फॉल की समस्याबढ़ जाती है। गर्म पानी बालों के सीबम को प्रभावित करता है। इससे बाल कमजोर हो जाते हैं और स्कैल्प ड्राई बनती है। इसकी वजह से बालों का झड़ना शुरू होता है। गर्म पानी से बाल फ्रिजी और बेजान भी हो सकते हैं।

मेरे बाल भी सर्दियों में काफी ज्यादा झड़ते हैं। जैसे ही सर्दियां शुरू होती हैं, बाल गुच्छे में झड़ने लगते हैं। दरअसल, मौसम बदलने पर शरीर की कई बायोलॉजिकल प्रक्रियाएं प्रभावित होती हैं, इसमें हेयर ग्रोथ साइकिल भी शामिल है। सर्दियों में शरीर, बालों की तुलना में अन्य अंगों पर ज्यादा ऊर्जा और पोषक खर्च करता है। इसकी वजह से स्कैल्प हेल्थ को नुकसान पहुंचता है और बाल झड़ने की समस्या शुरू हो जाती है।
बिल्कुल, सर्दियों में बाल झड़ने का सबसे आम कारण ड्राई स्कैल्प है। जब स्कैल्प में नमी कम हो जाती है तो इससे खुजली और डैंड्रफ जैसी समस्याएं हो जाती हैं। इससे बालों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं और बाल आसानी से टूटने लगते हैं। इसलिए बालों को हेल्दी बनाए रखने के लिए ऑयलिंग करना बहुत जरूरी है। इससे बालों को पर्याप्त पोषण मिलेगा और बाल मजबूत-घने बनेंगे।
मौसम बदलने पर शरीर को नए वातावरण में एडजस्ट करने में थोड़ा समय लगता है। इसकी वजह से शरीर में हार्मोनल बदलाव और पोषण की कमीहो जाती है। यही वजह है कि बदलते मौसम में बाल कमजोर हो जाते हैं।
हेयर फॉल रोकने के लिए अक्सर लोग महंगे हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, बालों की केयर करने के लिए अच्छे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना जरूरी भी है।

जी हां, यह एक मिथ है कि अगर आप बाल कम धोएंगे तो हेयर फॉल भी कम होगा। जबकि, अगर आप बाल कम धोएंगे तो इससे स्कैल्प पर गंदगी जमा होगी। इससे बालों के झड़ने की समस्या बढ़ सकती है। हालांकि, बालों को जरूरत से ज्यादा भी धोने से बचना चाहिए। आप एक सप्ताह में 2 से 3 बार हेयर वॉश कर सकते हैं। बालों को धोने के लिए अच्छे प्रोडक्ट्स का ही इस्तेमाल करें।
सर्दियों में सिर्फ त्वचा ही नहीं, स्कैल्प भी ड्राई हो जाती है। सर्दियों में हवा में नमी कम हो जाती है। इससे स्कैल्प की नेचुरल ऑयल लेयर प्रभावित होती है। इससे स्कैल्प में खुजली और ड्राईनेस बढ़ जाती है। इसका असर बालों पर पड़ता है, बाल कमजोर होकर गिरने लगते हैं।
अक्सर कहा जाता है कि टोपी पहनने से बाल झड़ने लगते हैं। लेकिन, आपको बता दें कि सामान्य तौर पर टोपी पहनने से बाल नहीं झड़ते है। लेकिन, अगर टोपी बहुत टाइट और गंदी हो तो स्कैल्प में पसीना हो सकता है। इससे बाल कमजोर हो सकते हैं और झड़ना शुरू हो सकते हैं। टोपी को लंबे समय पहनने से भी हेयर फॉल हो सकता है।

ऑयलिंग करने से बाल मजबूत और घने बनते हैं। इसलिए आपको हेयर ऑयलिंग जरूर करनी चाहिए। सर्दियों में हफ्ते में 1 से 2 बार बालों पर तेल जरूर लगाना चाहिए। इसके लिए आप नारियल तेल, बादाम का तेल या सरसों के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऑयलिंग करने से ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है और ड्राईनेस कम होती है। तेल लगाने के 2 घंटे बाद बालों को जरूर धो लेना चाहिए।
अगर रोजाना 50 से 100 बाल झड़ रहे हैं, तो यह सामान्य हो सकता है। लेकिन, अगर आपके रोजाना इससे ज्यादा बाल गिर रहे हैं तो यह स्थिति चिंताजनक हो सकती है। खासकर, अगर नए बाल नहीं उग रहे हैं तो एक्सपर्ट से जरूर कंसल्ट करें। वरना, आपको गंजापन हो सकता है।
Disclaimer : प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।