hamburger icon
A
Read in English

चेहरे पर विटामिन सी लगाने से चेहरा गोरा होता है? लगाने से पहले जान लें एक्सपर्ट की राय

सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल होते हैं, जिसमें कहा जाता है कि विटामिन C सीरम त्वचा पर लगाने से चेहरा गोरा बनता है? लेकिन क्या वाकई ऐसा होता है? आइए जानते हैं इसके बारे में

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Published : June 25, 2026 10:31 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. B. L. Jangid

आजकल स्किनकेयर की दुनिया में विटामिन C सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले इंग्रीडिएंट्स में से एक है। सोशल मीडिया पर अक्सर दावा किया जाता है कि विटामिन C सीरम लगाने से कुछ ही दिनों में चेहरे की रंगत में सुधार आ जाता है। मैंने कुछ ही दिनों पहले एक रील देखी जिसमें कहा गया था कि विटामिन C वाला सीरम रोजाना लगाने से स्किन टोन 2 से 3 शेड हल्की हो जाती है। आम बोलचाल की भाषा में कहें तो विटामिन C सीरम त्वचा पर लगाने से चेहरा गोरा होने लगता है। लेकिन क्या यह सच है, या सिर्फ एक मार्केटिंग दावा है? किसी रील या सोशल मीडिया पोस्टर को देखकर अगर आप भी विटामिन C सीरम खरीदने की सोच रहे हैं, तो पहले यह समझना जरूरी है कि रिसर्च क्या कहती है और एक्सपर्ट क्या पहलू रखते हैं।

क्या विटामिन C त्वचा को गोरा बनाता है?

पूर्व दिल्ली एम्स और स्किन क्योर क्लीनिक के सीनियर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. बीएल जांगिड़ कहते हैं- विटामिन C लगाने से त्वचा गोरी हो जाती है तो इसका सीधा सा जवाब है नहीं। विटामिन C त्वचा को "गोरा" नहीं बनाता, बल्कि असमान रंगत सन टैन, डार्क स्पॉट्स और हाइपरपिग्मेंटेशन को कम करके त्वचा को अधिक साफ, चमकदार और समान रंगत वाला बना सकता है। यही कारण है कि कई लोगों को लगता है कि उनका चेहरा गोरा हो गया है, जबकि सच्चाई यह है कि उनकी त्वचा का नेचुरल रंग नहीं बदलता, बल्कि दाग-धब्बे कम होने से त्वचा अधिक निखरी हुई दिखाई देती है। लेकिन आप ऐसा सोच रहे हैं कि विटामिन C लगाने से कुछ ही दिनों में इसका असर हो जाएगा तो यह धारणा बिल्कुल गलत है। त्वचा पर विटामिन C लगाने के बाद चेहरे पर इसका असर धीरे- धीरे होता है।

File photo File photo

विटामिन C लगाने से त्वचा गोरी होती है इस पर क्या कहती है रिसर्च?

Telang PS. Vitamin C in Dermatology. Indian Dermatology Online Journal में छपी रिसर्च बताती है कि विटामिन C युक्त सीरम, क्रीम या कोई अन्य ब्यूटी प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से त्वचा में बनने वाले मेलेनिन पर असर पड़ता है। मेलानिन वही पिगमेंट है जो हमारी त्वचा, बालों और आंखों का रंग तय करता है। विटामिन C टायरोसिनेस (Tyrosinase) नामक एंजाइम की एक्टिविटी को कम कर सकता है। यह एंजाइम मेलेनिन बनने की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है। जब इसकी एक्टिव नेस कम होती है, तो नई पिगमेंटेशन बनने की प्रक्रिया भी धीमी हो जाती है। इससे त्वचा के डार्क स्पॉट हल्के पड़ने लगते हैं। कई रिसर्च में भी यह बात सामने आई है कि विटामिन C सीरम का इस्तेमाल करने से त्वचा को विभिन्न प्रकार के फायदे मिलते हैं :

  1. विटामिन C सीरम त्वचा पर लगाने से सन स्पॉट्स हल्के हो सकते हैं।
  2. यह सीरम पोस्ट-एक्ने मार्क्स कम हो सकते हैं।
  3. विटामिन C त्वचा की चमक बढ़ सकती है।
  4. नियमित रूप से त्वचा पर विटामिन C सीरम लगाने से स्किन टोन ज्यादा सामान नजर आती है।

विटामिन C त्वचा के लिए कैसे काम करता है?

  1. डॉ. जांगिड़ कहते हैं कि विटामिन C सीरम धूप, मुंहासों या बढ़ती उम्र के कारण बने काले धब्बों को धीरे-धीरे हल्का करने में मदद कर सकता है।
  2. विटामिन C एक एंटीऑक्सीडेंट है जो प्रदूषण, धूप और फ्री रेडिकल्स से होने वाले डैमेज से बचाव करने में मदद करात है।
  3. रिसर्च बताती है कि विटामिन C त्वचा में कोलेजन के प्रोडक्शन को बढ़ाने में मदद करता है। इससे त्वचा समय के साथ ज्यादा कसी हुई और हेल्दी नजर आती है।
  4. विटामिन C का इस्तेमाल करने से जब डलनेस, टैन और पिगमेंटेशन कम होती है, तो त्वचा पहले से ज्यादा ब्राइट और फ्रेश दिखाई देती है।

विटामिन सी सीरम स्किन को रिपेयर करता है। विटामिन सी सीरम स्किन को रिपेयर करता है।

क्या सिर्फ विटामिन C लगाने से फायदा मिलेगा?

इस सवाल का जवाब देते हुए डॉ. बीएल जांगिड़ कहते हैं कि नहीं, अगर आप विटामिन C लगा रहे हैं लेकिन दिन में सनस्क्रीन नहीं लगाते, तो धूप से होने वाली नई पिगमेंटेशन विटामिन C के फायदे को कम कर सकती है। चेहरे पर विटामिन C का इस्तेमाल करते समय नीचे बताई गई प्रक्रिया को भी फॉलो करें:

  1. सुबह चेहरे को फेस वॉश से साफ करने के बाद विटामिन C सीरम लगाएं।
  2. सीरम का इस्तेमाल करने के बाद चेहरे पर SPF 30 या उससे अधिक का ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं।

रिसर्च और डॉक्टर के साथ बातचीत के आधार पर हम यह कह सकते हैं कि विटामिन C आपकी त्वचा को प्राकृतिक रूप से गोरा नहीं बनाता, लेकिन यह डार्क स्पॉट्स, टैन और असमान रंगत को कम करके पहले की तुलना में ज्यादा साफ और एकसमान दिखाने में मदद करता है।