hamburger icon
A
Read in English

मुंहासों से परेशान हैं तो न करें ये 5 गलतियां, वरना बिगड़ सकता है चेहरे का हाल

अगर आपके चेहरे पर कील-मुंहासों या एक्ने की समस्या रहती है, तो कुछ गलतियों को करने से बचें। क्योंकि ये गलतियां मुंहासों को बढ़ा सकती हैं। जलन और खुजली जैसी समस्याओं का कारण भी बन सकती हैं।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : July 1, 2026 5:20 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Shahnaz Husain

क्या आपके चेहरे पर कील-मुंहासे या एक्ने हैं? आप मुंहासों का इलाज करवा रहे हैं, इसके लिए अच्छी डाइट ले रहे हैं, फिर भी पिंपल्स ठीक नहीं हो रहे हैं और बार-बार नए पिंपल्स भी निकल रहे हैं? तो इसके पीछे आपकी कुछ आम गलतियां जिम्मेदार हो सकती हैं। ज्यादातर लोग मुंहासे होने पर, इन्हें तुरंत फोड़ने लगते हैं या चेहरे को रगड़-रगड़कर साफ करने लगते हैं। ये गलतियां मुंहासों को बढ़ा सकती हैं। इसलिए आपको अपनी स्किनकेयर से जुड़ी कुछ गलतियों को करने से बचना चाहिए। जैसे-

1. त्वचा को रगड़कर साफ करना

अगर आप मुंहासों की समस्या से परेशान हैं, तो भूलकर भी अपनी त्वचा को रगड़कर साफ न करें। American Academy of Dermatology के अनुसार, मुंहासों वाली त्वचा को बिल्कुल नहीं रगड़ना चाहिए। त्वचा को रगड़ने से मुंहासों पर जलन और खुजली की दिक्कत बढ़ सकती है। चेहरा साफ करने के लिए आप माइल्ड और नॉन-कॉमेडोजेनिक क्लींजर का इस्तेमाल करें। चेहरे को सर्कुलर मोशन में साफ करना चाहिए।

2. मुंहासों को फोड़ना

अगर चेहरे पर बार-बार मुंहासे हो जाते हैं, तो इन्हें फोड़ने से बचना चाहिए। AAD के अनुसार, मुंहासों को फोड़ने से उनमें मौजूद पस, डेड स्किन सेल्स के अंदर पहुंच सकता है और इससे मुंहासों की समस्या बढ़ सकती है। इतना ही नहीं, चेहरे पर दाग-धब्बों की समस्या भी बढ़ सकती है। अगर चेहरे पर मुंहासों की वजह से खुजली और जलन रहती है, तो इसके लिए प्रॉपर एक्ने ट्रीटमेंट लें। इससे मुंहासों को साफ करने में मदद मिल सकती है।

3. पसीना रगड़कर पोंछना

AAD के अनुसार, मुंहासों की समस्या है और आप जिम भी करते हैं, तो वर्कआउट के दौरान पसीने को रगड़कर साफ करने से बचना चाहिए। इससे त्वचा पर जलन हो सकती है और मुंहासों की समस्या बढ़ सकती है। आपको वर्कआउट के दौरान अपने पास एक साफ तौलिया रखना चाहिए, पसीने को हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाना चाहिए। आप चाहें तो टिशू पेपर से भी अपने चेहरे को हल्के हाथों से साफ कर सकते हैं।

4. मेकअप लगाकर सो जाना

स्किन एंड हेयर केयर एक्सपर्ट शहनाज हुसैन बताती हैं कि आपको रात में मेकअप रिमूव करके ही सोना चाहिए। मेकअप के साथ सोने की भूल बिल्कुल न करें। इससे मुंहासों की समस्या तेजी से बढ़ सकती है। इसलिए रात को सोने से पहले मेकअप रिमूव करें और फिर चेहरे को अपनी स्किन टाइप के अनुसार मॉइश्चराइजर चूज करके अच्छी तरह से अप्लाई करें।

5. बार-बार चेहरा धोना

कई लोग मुंहासों की वजह से होने वाले जलन को कम करने के लिए बार-बार चेहरा धोते रहते हैं, लेकिन आपको ऐसा करने से बचना चाहिए। AAD के अनुसार, बार-बार चेहरा धोने से त्वचा में जलन हो सकती है और एक्ने बढ़ सकते हैं। स्किन को हेल्दी बनाए रखने के लिए चेहरे को दिन में सिर्फ 2-3 बार ही धोना चाहिए।

Disclaimer: अगर आप भी मुंहासों की समस्या से परेशान हैं, तो आज से ही इन गलतियों को करने से बचें। इन गलतियों की वजह से चेहरे पर खुजली और जलन की समस्या हो सकती है। अगर लंबे समय से एक्ने की समस्या बनी हुई है, तो अपने त्वचा रोग विशेषज्ञ से मिलें और इसका प्रॉपर ट्रीटमेंट कराएं। एक्ने वाली स्किन पर बिना एक्सपर्ट की राय के कोई भी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल न करें।