Advertisement

स्किन के डॉक्टर ने बताया- प‍िंपल्‍स का कारण बन सकते हैं फेस वॉश में मौजूद ये इंग्रीड‍िएंट्स, खरीदने से पहले देखें

आज बाजार में हजारों ब्रांड्स के लाखों फेस वॉश मौजूद हैं, लेकिन हर फेस वॉश आपकी त्वचा के लिए सही नहीं होता है। इसलिए बाजार से फेस वॉश खरीदने से पहले यह जानना जरूरी है कि उसमें किन चीजों का इस्तेमाल किया गया है।

Written By Ashu Kumar Das
Published : August 12, 2026 4:42 PM IST

सही फेस वॉश होने से चेहरा डीप क्लीन होता है।

मैडम, फेस वॉश बदलते ही पिंपल्स निकल आए, ऑयली स्किन के लिए लिखा था, पर चेहरा और ज्यादा ऑयली हो गया, फेस वॉश बदलने के बाद 3 दिन बाद ही पूरा चेहरा ग्लो करने की बजाय खराब हो गया। दिल्ली के स्किन केयर क्लीनिक के डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. बीएल जांगिड़ बताते हैं कि उनके डर्मेटोलॉजिस्ट के क्लिनिक में ये शिकायत सबसे ज्यादा आती हैं और सबसे मजेदार बात क्या है? प्रॉब्लम स्किन नहीं, बल्कि आपका फेस वॉश होता है। ज्यादातर लोग  सोचते हैं फेस वॉश सिर्फ चेहरे की गंदगी को साफ करता है। पर असल में यह आपके चेहरे पर 30 सेकंड से 1 मिनट तक रहता है। इसी 1 मिनट में कुछ इंग्रीडिएंट्स आपकी स्किन का बैरियर खराब कर देते हैं।

इसका नतीजा यह होता है कि चेहरे के बंद पोर्स, पिंपल्स, ड्राइनेस और इरिटेशन होने लगती है। हमारे साथ खास बातचीत के दौरान डॉक्टर कहते हैं कि बाजार से कोई भी फेस वॉश खरीदने से पहले लेबल पर कुछ खास इंग्रीडिएंट्स को पढ़ना जरूरी है। तो चलिए देर किस बात की है आइए जानते हैं इसके बारे में-

Advertisement

बाजार में बड़े ब्रांड्स के फेस वॉश मौजूद हैं।

फेस वॉश के ये 5 इंग्रीडिएंट्स दे सकते हैं पिंपल्स?

  1. Sodium Lauryl Sulfate- हर फेस वॉश में इस केमिकल का इस्तेमाल जरूर किया जाता है। यह झाग बनाने वाले केमिकल हैं। सस्ते फेस वॉश में सबसे ज्यादा मिलते हैं। यह केमिकल चेहरे की गंदगी के साथ-साथ स्किन का नेचुरल मॉइस्चर भी धो देते हैं। इस इंग्रीडिएंट्स का इस्तेमाल फेस वॉश करने से स्किन ड्राई होते ही वो डिफेंस में और ज्यादा तेल बनाने लगती है। जिससे पिंपल्स और एक्ने की परेशानी बढ़ सकती है।
  2. अल्कोहल- डॉ. बीएल जांगिड़ कहते हैं कि आज बाजार में कई ऐसे फेस वॉश हैं, जिसमें अल्कोहल का इस्तेमाल किया जाता है। अल्कोहल वाले फेस वॉश का यूज करने से यह चेहरे पर ऑयल को पूरी तरह से सूखा देता है। लेकिन चेहरे पर 1 घंटे के बाद ऑयल प्रोडक्शन को ज्यादा कर देते हैं। इसके कारण त्वचा पर लालिमा और जलन की परेशानी हो सकती है।
  3. सिलिकॉन- कुछ फेस वॉश में स्मूथ फील के लिए सिलिकॉन डालते हैं। यह वॉश के बाद भी स्किन पर लेयर बना देता है। जिसके कारण स्किन के पोर्स पूरी तरह से बंद हो जाते हैं। पोर्स के पूरी तरह से बंद होने से चेहरे पर पिंपल्स, एक्ने और कई बार सूजन की परेशानी हो सकती है।
  4. हार्ड स्क्रब बीड्स- चेहरे को रगड़-रगड़ कर साफ करने से माइक्रो-टीयर्स बनते हैं। बैक्टीरिया अंदर जाता है और पिंपल भड़क जाता है। इसलिए फेस वॉश खरीदते समय ध्यान दें कि उसमें हार्ड स्क्रब बीड्स का इस्तेमाल तो नहीं किया गया है।
  5. Salicylic Acid- मार्केटिंग की दौड़ में शामिल होने के लिए ज्यादातर ब्रांड्स अपने फेस वॉश में Salicylic Acid को मिला रहे हैं। स्किन केयर एक्सपर्ट कहते हैं कि फेस वॉश में Salicylic Acid 2% अच्छा है। पर अगर उसी फेस वॉश में Glycolic Acid + Lactic Acid + Scrubs भी हैं तो ओवर-एक्सफोलिएशन होगा। स्किन का बैरियर टूट जाएगा और सूजन वाले पिंपल आपको परेशान करने लगेंगे।

तो फेस वॉश खरीदते समय लिस्ट में क्या चेक करें?

अब आपको यह तो पता चल गया है कि फेस वॉश खरीदते समय क्या इंग्रीडेंट्स को बिल्कुल न कहना है। अब यह भी जान लीजिए फेस वॉश खरीदते समय आपको लिस्ट में क्या चेक करना है-

Advertisement

  1. Oil-Free लिखा है- किसी भी फेस वॉश को खरीदते समय लेबल पर यह चीज पढ़ना बहुत जरूरी है। इसका मतलब है ये पोर्स बंद नहीं करेगा। डॉक्टर कहते हैं कि एक्ने वाली स्किन के लिए ये सबसे जरूरी लाइन है।
  2. पीएच बैलेंस- चेहरे पर इस्तेमाल होने वाले किसी भी प्रोडक्ट का पीएच बैलेंस 5.5 से ज्यादा नहीं होना चाहिए। कम पीएच वाला जेंटल क्लींजर स्किन को साफ भी करेगा और बैरियर को भी बचाएगा। इससे पिंपल्स और एक्ने की परेशानी बिल्कुल भी नहीं होगी।
  3. Fragrance-Free- फेस वॉश का इस्तेमाल करने के बाद अगर आपकी स्किन पर लालिमा आ जाती है तो हमेशा सिर्फ फ्रेगनेंस फ्री वाला प्रोडक्ट ही खरीदना चाहिए।

डॉक्टर कहते हैं कि नया फेस वॉश लाएं तो पहले कान के पीछे या जबड़े पर 3 दिन लगाएं। अगर कोई रिएक्शन नहीं है तभी पूरे चेहरे पर इस्तेमाल करें। एक्सपर्ट कहते हैं कि महंगे ब्रांड का नाम या इंस्टाग्राम का विज्ञापन देखकर फेस वॉश मत खरीदें। बोतल पलटें और पीछे इंग्रेडिएंट्स लिस्ट पढ़ें। इसलिए अगली बार फेस वॉश खरीदने से पहले लेबल को जरूर पढ़ लें।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है। यह किसी डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है। कोई भी नया प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट करें और डॉक्टर की सलाह लें।