... Read More
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts. Cookie Policy.
Written By: Jitendra Gupta | Published : May 24, 2021 1:38 PM IST
सिर्फ बालों को धोने के तरीके से रोका जा सकता है बालों का झड़ना!, एक्सपर्ट टिप्स दिलाएंगे बालों के झड़ने की समस्या से राहत
How to wash hair to reduces hairfall in hindi : मौजूदा वक्त में लड़का हो या लड़की हर कोई झड़ते बालों की समस्या से परेशान है और सबके मन में एक ही सवाल रहता है कि आखिर झड़ते बालों को कैसे रोकें ? Ak Clinics में प्रैक्टिस कर रहीं डर्माटॉलिजस्ट और हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन श्रद्धा उपरेती इस समस्या के बारे में बताती हैं कि बतौर एक स्किन एक्सपर्ट और हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन होने के नाते मैं रोजाना ही बालों के झड़ने के ढेर सारे मरीजों को देखती हूं। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं और दिन में आपके कम से कम 70-100 से ज्यादा बाल गिरते हैं तो आपको इस बारे में चिंता होना स्वभाविक है। हालांकि मौजूदा वक्त में बालों के झड़ने की समस्या को सामान्य माना जाता है। शायद आपको पता न हो कि बालों के उगने-झड़ने की साधारण रीसाइक्लिंग प्रक्रिया का एक हिस्सा है। लेकिन सिर्फ सिर धोने के तरीके को बदलकर आप आप बालों के झड़ने की समस्या को कम कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं कौन सा है ये तरीका।
1-सिर पर न डालें गर्म पानी
श्रद्धा के मुताबिक, बालों को कभी भी गर्म पानी से न धोएं। गर्म पानी सिर की त्वचा को शुष्क कर देता है और सिर में बहुत खुजली करता है साथ ही रूसी-डैंड्रफ को भी बढ़ाता है।
2- कितनी बार धोएं बाल
श्रद्धा कहती हैं कि लोगों में मन में ये सवाल आता है कि बालों को कितनी बार धोएं। इसका जवाब है कि यह बात आपके बालों की क़िस्म पर निर्भर करती है। वे लोग, जिनके सिर की स्किन (स्कैल्प) बहुत ऑयली है, उन्हें सामान्य या शुष्क त्वचा वाले लोगों की तुलना में अधिक बार बाल धोने की आवश्यकता हो सकती है। बहरहाल, बालों को झड़ने से बचाने के लिए स्कैल्प को ज्यादा ऑयली या गंदा न रखें।
3-स्कैल्प को रखें हमेशा साफ
श्रद्धा कहती हैं कि सिर धोने के बाद स्कैल्प को हमेशा साफ रखना चाहिए। मैं रोजाना ऐसे बहुत से रोगियों का इलाज करती हूं, जिनके सिर की स्किन पर ढेर सारा चिकनापन और डैंड्रफ होता है। इससे न सिर्फ बाल प्रभावित होते हैं बल्कि झड़ना शुरू हो जाता है। अगर आपकी स्कैल्प पर बहुत अधिक चिकनाई, रूसी या खुजली है, तो किसी स्किन एक्सपर्ट को तुरंत दिखाएं।
4-तेल मालिश न करें
बाल धोने से पहले बालों पर भारी हाथ से तेल मालिश न करें। इससे बालों की जड़ों को नुकसान पहुंचता है और वे आसानी से टूटने लगते हैं।
5- नहाते वक्त बालों को रगड़ें नहीं
श्रद्धा के मुताबिक, नहाते वक्त जब भी शैम्पू करें तो बालों को ज्यादा रगड़ें नहीं। इससे बालों को नुकसान पहुंचता है।
6- बालों के प्रकार चुनें शैंपू
अगर आपकी स्किन सामान्य है तो हल्का शैम्पू इस्तेमाल करें लेकिन ऑयली स्कैल्प या खुजली वाली रूसी के लिए आपको किसी खास शैम्पू की आवश्यकता पड़ सकती है।
7-कंडीशनर का उपयोग जरूर करें
श्रद्धा कहती हैं कि शैम्पू करने के बाद अपने बालों के फाइबर को कंडीशन करने के लिए कंडीशनर का उपयोग करना समझदारी है।
8-बालों पर न करें ज्यादा ड्राइर का प्रयोग
श्रद्धा कहती हैं कि बालों को बार-बार ड्राय ब्लो की गर्म हवा में नहीं सुखाना चाहिए। यह बालों के फाइबर को कमजोर करता है और बाल टूट सकते हैं। बालों को प्राकृतिक रूप से सूखने देना बेहतर रहता है। इसके अलावा गीले बालों में कंघी कभी मत करें। ऐसे में बाल ज्यादा टूटते हैं।
9-डॉक्टर को दिखाने जाएं तो न धोएं बाल
अगर आप अपने बालों की समस्या के लिए किसी हेयर एक्सपर्ट से मिलने जा रहे हैं, तो उस दिन बालों को न धोएं। दरअसल बालों पर किए जाने वाले 'हेयर पुल' टेस्ट के दौरान अगर आप बाल धोकर जाते हैं तो टेस्ट नेगेटिव आ सकता है।