क्या बालों का झड़ना कम कर सकता है प्याज का रस? लगाने से पहले जान लें डॉक्टर की राय

बालों को झड़ने पर आप भी अगर प्याज का रस लगाते हैं तो पहले यह जान लीजिए की घर- घर में अपनाए जाने वाला यह नुस्खा वाकई बालों की समस्या में काम करता है या नहीं।

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Published : June 15, 2026 8:23 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. B. L. Jangid

बालों का झड़ने पर क्या आपने भी कभी प्याज का रस, प्याज का तेल और बाजार में मिलने वाले प्याज के शैंपू का इस्तेमाल किया है? बालों में प्याज का रस इस्तेमाल करते समय आपके दिमाग में भी यही ख्याल आता है कि अब तो मेरे बालों का झड़ना और गिरना कम हो ही जाएगा। मेरे बाल जो पहले मोटे, घने और मुलायम हुआ करते थे, जो पानी, प्रदूषण के कारण झड़ गए थे, वो प्याज का रस लगाने से दोबारा ठीक हो जाएंगे। तो कुछ समय के लिए रुक जाइए। प्याज का रस लगाने से बालों का झड़ना कम होता है यह बात अक्सर सोशल मीडिया के वीडियोज में कही जाती है। क्या वाकई प्याज का रस लगाने से बालों का झड़ना कम हो जाता है? आइए जानते हैं इस बारे में क्या कहती है रिसर्च और हेल्थ एक्सपर्ट।

बालों के लिए फायदेमंद होता है प्याज का रस?

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की वेबसाइट पर छपी एक रिसर्च बताती है कि प्याज में सल्फर (Sulfur) नामक खनिज प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। सल्फर केराटिन नामक प्रोटीन का हिस्सा है, जिससे बाल बने होते हैं। इसके अलावा प्याज में एंटीऑक्सीडेंट और कुछ एंटीबैक्टीरियल गुण भी पाए जाते हैं, जो स्कैल्प को पोषण देने का काम करता है।

onion juice for hair प्याज के रस में एंटीऑकसीडेंट गुण होते हैं।

बालों के लिए प्याज के रस पर क्या कहती है रिसर्च?

साल 2002 में छपी एक रिसर्च बताती है कि एलोपेसिया एरियाटा (Alopecia Areata) यानी पैची हेयर लॉस से पीड़ित लोगों पर प्याज के रस का पॉजिटिव रिजल्ट आया था। इस दौरान शोधकर्ताओं ने पाया था कि जिन लोगों को नियमित रूप से बालों में प्याज का रस लगाया था, उनके बाल दोबारा उगने लगे थे। हालांकि सिर्फ इस रिसर्च के आधार पर यह कहना बिल्कुल गलत होगा कि प्याज का रस लगाने से बालों की परेशानी कम हो सकती है।

या प्याज का रस बाल झड़ना रोक सकता है?

पूर्व दिल्ली एम्स के सीनियर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. बीएल जांगिड़ का कहना है कि प्याज के रस और बालों के झड़ने को कनेक्ट करके अब तक कई रिसर्च हुई है, लेकिन कोई रिसर्च इस बात की पुष्टि नहीं करती है कि बालों का झड़ना सिर्फ प्याज के रस से रूक सकता है। अगर किसी व्यक्ति के बाल हार्मोनल बदलाव, खाने में पोषण की कमी, तनाव, थायरॉयड या कोई बीमारी के कारण झड़ रहे हैं, तो सिर्फ बालों में प्याज का रस लगाने से किसी प्रकार का असर नहीं पड़ेगा। इसलिए बालों के लिए किसी प्रकार का नुस्खा आजमाने से पहले झड़ने और गिरने किस कारण हो रहा है, इसका पता लगाना बहुत जरूरी है।

बालों की समस्या में अक्सर लोग प्याज का रस लगाते हैं।

बालों में प्याज का रस लगाने का तरीका

  1. एक या दो प्याज को पीसकर उसका रस निकाल लें।
  2. प्याज के रस को कॉटन की मदद से स्कैल्प पर लगाएं।
  3. बालों और स्कैल्प पर रस को 15-30 मिनट तक छोड़ दें।
  4. इसके बाद बालों को माइल्ड शैंपू से धो लें।
  5. आमतौर पर बालों की समस्याओं में सप्ताह में 1-2 बार प्याज का रस लगाना फायदेमंद होता है।

बालों में प्याज का रस लगाते वक्त सावधानी

डॉ. जांगिड़ कहते हैं कि बालों में प्याज का लगाने से पहले पैच टेस्ट करना बहुत जरूरी है। प्याज का रस लगाने के बाद स्कैल्प में किसी प्रकार की खुजली, जलन या कोई अन्य समस्या हो रही है तो इसका इस्तेमाल बिल्कुल न करें। अगर आपके स्कैल्प पर घाव, संक्रमण या गंभीर एलर्जी हो तो प्याज के रस का इस्तेमाल न करें।

Disclaimer: प्याज का रस बालों के लिए फायदेमंद हो सकता है। लेकिन रिसर्च और डॉक्टर बालों में प्याज का रस लगाने की सलाह नहीं देते हैं। अगर आपको बालों के झड़ने की समस्या हो रही है तो घरेलू नुस्खे को आजमाने की बजाय इस बारे में अपने डॉक्टर से बात करें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source