Don’t Miss Out on the Latest Updates.
Subscribe to Our Newsletter Today!
-
- हिंदी
Balo me Ande Ka Mask Lagane ke Fayde: सर्दियों में सबसे ज्यादा जो परेशान होती है वह है हमारी त्वचा और बाल। त्वचा जहां, अपना प्राकृतिक निखार खो देती है तो बाल रूखे व बेजान से नजर आने लगते हैं। आप अगर किसी से अपनी यह परेशानी साझा करेंगे तो जवाब मिलेगा कि सर्दियों के मौसम में बालों का रूखा, बेजान और उलझा हुआ होना एक आम समस्या है। यह तो सबके साथ होता है। कोई बात नहीं मौसम बदलते ही सब ठीक हो जाएगा। लेकिन ध्यान न देने और ठंडी हवा, कम नमी, गर्म पानी आदि के इस्तेमाल से बाल कमजोर होकर टूटने लग सकते हैं। ऐसे में क्यों न आप अपने बालों को बचाने के लिए घर पर ही बने नेचुरल हेयर मास्क का इस्तेमाल करें, जो बालों को गहराई से पोषण दें। दही और अंडे से बना प्रोटीन हेयर मास्क ऐसा ही एक प्राकृतिक उपाय है, जो बालों को मजबूती, चमक और नमी देने में मदद करेगा।
दही और अंडे से इस हेयर मास्क को बनाने के लिए आपको पहले 1 अंडा और 2–3 चम्मच ताजा दही लेनी होगी। वहीं अगर आपके बाल बहुत ज्यादा रूखे हैं, तो इसमें 1 चम्मच नारियल तेल या ऑलिव ऑयल मिलाएं। अंडा बालों को प्रोटीन की सही मात्रा देगा और दही स्कैल्प को मॉइस्चराइज कर बालों की खूबसूरती बढ़ाएगा। अब आप एक कटोरी में अंडा फोड़ कर उसे अच्छे से फेंट लें। फिर इसमें दही डालें और तब तक मिलाएं, जब तक एक स्मूथ पेस्ट तैयार न हो जाए। ध्यान रखें कि इसमें कोई गांठ न रहें, क्योंकि गांठ होने पर लगाने में परेशानी हो सकती है।
इस हेयर मास्क को लगाने से पहले सबसे पहले बालों को हल्का गीला कर लें। फिर मास्क को जड़ों से लेकर बालों की लंबाई तक अच्छे से हल्के हाथों से लगाती जाएं। आप बालों को उंगलियों से हल्की मसाज भी दें, ताकि मास्क स्कैल्प तक पहुंचकर पोषण दे सकें। इसके बाद आप बालों को शॉवर कैप या तौलिये से ढक लें।
आप इस मास्क को 20–30 मिनट तक बालों में लगा रहने दें, ताकि दही और अंडे का पोषण बालों तक पहुंच सके। तय मिनट बाद ठंडे या हल्के गुनगुने पानी से बालों को धो लें। ध्यान रखें कि पानी बहुत गर्म न हो। ऐसा इसलिए क्योंकि इससे अंडा जम सकता है और गर्म पानी बालों को नुकसान पहुंचाता है। बाद में आप बालों को माइल्ड शैम्पू से साफ करें, ताकि अंडे की स्मेल और बाकी गंदगी सही से निकल जाए।
दही और अंडे से बना यह प्रोटीन हेयर मास्क बालों का रूखापन दूर करता है और उन्हें सॉफ्ट व शाइनी बनाता है, जो कि सर्दियों में सबकी इच्छा होती है। इससे बालों की जड़ें मजबूत होती हैं, टूट-फूट कम होती है और डैंड्रफ आदि की समस्या में भी राहत मिलती है। ऐसे में जब आप नियमित रूप से इस हेयर मास्क का सर्दियों में इस्तेमाल करते हैं तो आपके बाल रूखे-बेजान नहीं लहराते और हेल्दी नजर आएंगे।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।